सूख रहे विश्वास…

जनहित से जो दूर है, सत्ता उसके पास।  लोकतंत्र के वृक्ष पर, सूख रहे विश्वास॥

प्रश्नों से घबरा उठे, दे धमकी हर बार।  जनता उसके मौन में, लिखती नया विचार॥

राजधर्म को भूलकर, करे अहं का राज।  जनता उसका दे बदल, सत्ता का अंदाज॥

जो जनता को जब दबा, समझे खुद भगवान। समय उसी के सामने, खोलता सत्य ज्ञान॥

शासन सेवा के लिए, नहीं स्वयं का मान।  जनसेवक उसको कहे, रखे जनों का ध्यान॥

झूठे वादों से भला, कब तक चले दुकान।  सच की आँधी एक दिन, उड़ जाए अभिमान॥

जनमत कोई मौन ना, परिवर्तन की धार।  अवसर पाकर काट दे, सत्ता का अहंकार॥

जनता जब है जागती, बदल दे राज-पाट।  इतिहासों में दर्ज हो, जनशक्ति की बात॥

राजमुकुट की चमक से, मत कर जनता दूर।  जनमत जब है जागता, सत्ता होती चूर।।

—- – डॉ. प्रियंका सौरभ

Related Articles

Back to top button