सपा सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू किया जाएगा और सम्मान राशि प्राप्त करने वाले विभूतियों को 100000 रुपए महीने सम्मान राशि दी जाएगी।
सपा संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें याद करते हुए अखिलेश यादव ने नेताजी के जीवन से जुड़ी भावनात्मक सीख साझा की। उन्होंने कहा कि नेताजी ने हमेशा मुश्किल वक्त में दूसरों का साथ देने, मदद की उम्मीद लेकर आने वालों की यथासंभव सहायता करने और रिश्तों को जोड़ने की शिक्षा दी। अखिलेश यादव के मुताबिक, नेताजी मानते थे कि रिश्तों में सुधार की सच्ची पहल करने वालों को सम्मान देना चाहिए और मन में कटुता रखने के बजाय हाथ बढ़ाकर लोगों को जोड़ना चाहिए।
सपा संस्थापक पूर्व रक्षा मंत्री श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय समेत, पूरे प्रदेश, सभी जिला कार्यालयों और देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। नेताजी की जयंती का मुख्य कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित किया गया। अखिलेश यादव ने श्रद्धेय नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव सांसद, अवधेश प्रसाद, सांसद डिंपल यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्रीराम आसरे कुशवाहा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी राजेंद्र चौधरी, जो एनटोनी, जावेद आबदी, राजकुमार मिश्रा समेत बड़ी संख्या में नेताओं ने श्रद्धेय नेता जी को नमन किया। श्रद्धेय नेताजी को नमन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज श्रद्धेय नेताजी की जयंती पर उनको कोटि-कोटि नमन करते हुए हम उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय -व्यावहारिक मूल्यों को और भी अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात् और जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी से हमने जो सबसे सरल सबक सीखा वो था, ’किसी के बुरे वक्त में साथ देना, और कोई भी हो अगर वो ‘मदद’ की उम्मीद लेकर आये तो यथासंभव सहायता करना। साथ ही एक अच्छी बात ये भी सीखी कि हो सकता है कोई किसी वजह या दबाव से आपके खिलाफ हो गया हो लेकिन हर कोई हमेशा बुरा या खराब नहीं होता है, इसीलिए जब कभी कोई सच्चे मन से, निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाए तो हाथ आगे बढ़ाने में पीछे मत हटना। अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी हमेशा जोड़ने की बात करते थे, और जोड़ने की शिक्षा देते थे। नेताजी हमेशा सम्मान और प्रोत्साहन देते थे। मोटिवेट और इंस्पायर करते थे।
जब समाजवादी पार्टी की पहली बार सरकार बनी तब नेताजी ने प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए यश भारती सम्मान की शुरुआत की। समाजवादी पार्टी की सरकारों में देश प्रदेश में नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को यश भारती सम्मान से सम्मानित किया जाता रहा है लेकिन इस सरकार ने इस यश भारती सम्मान बंद कर दिया। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू किया जाएगा और सम्मान राशि प्राप्त करने वाले विभूतियांे को 100000 रुपए महीने सम्मान राशि दी जाएगी।समाजवादी सरकार और हम लोग नेताजी की परंपरा और समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। किस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वन-नेशन, वन इलेक्शन की बात करती है लेकिन देष और प्रदेश के लिए एक वोटरलिस्ट नहीं बना पा रही है। भाजपा मतदाता सूची में बेईमानी और धांधली करना चाहती है। समाजवादी पार्टी की 2027 में सरकार बनने पर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों के लिए वन बांड, वन सैलरी उपलब्ध कराने का काम करेंगे। भाजपा सरकार देती नहीं है छीनती है। उन्होंने कहा कि सीएचसी और पीएचसी के वेतन विसंगतियो को हम दूर करेंगे।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने केजीएमसी, डॉ. राममनोहर लोहिया संस्थान और सैफई पीजीआई के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को लखनऊ पीजीआई की तरह सुविधाएं देने का काम किया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के आंदोलन के साथ पीड़ित अपमानित, दुःखी लोगों को जोड़ने के साथ रूठों को मनाएंगे और जो छूट गए उन्हें साथ जोड़ेंगे।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव ने श्रद्धेय नेताजी को याद करते हुए कहा कि नेताजी ने देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। नेताजी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों के निर्माण पर बहुत ध्यान दिया। शिक्षा में बहुत परिवर्तन किया। छात्रों की फीस माफ किया। किसानों की सिंचाई मुफ्त की। नेताजी कहते थे कि गांव, गरीब, किसान, बेसहारा को कभी भूलना नहीं, उनके लिए काम करते रहना है। उन्होंने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता श्रद्धेय नेता जी की जयंती पर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लेकर जाए्र। सरकार आयेगी तभी नेताजी के विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा। रामआसरे कुशवाहा ने नेताजी को याद करते हुए नमन किया।



