- मुख्यमंत्री ने नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, जेवर के निर्माण हेतु भूमि समर्पित करने वाले अन्नदाता किसानों से संवाद किया।
- आज का दिन जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर, पश्चिमी उ0प्र0, सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक ।
- नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, जेवर के निर्माण में प्रधानमंत्री की प्रेरणा और अन्नदाता किसानों का योगदान।
- डबल इंजन सरकार जो बोलती, वह करती, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का यह अभियान निरन्तर आगे बढ़ता रहेगा।
- नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट की पहली कॉमर्शियल फ्लाइट से अन्नदाता किसानों का आगमन हम सभी को अत्यन्त प्रफुल्लित कर रहा।
- आज दुनिया का प्रत्येक बड़ा व्यक्ति जेवर आना चाहता, नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत का पहला कार्गो व एम0आर0ओ0 का केन्द्र।
- अन्नदाता किसान द्वारा उत्पादित अनाज, फल, सब्जी, मत्स्य आदि उत्पादों को कार्गो से दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी, किसानों को कई गुना लाभ प्राप्त होगा।
- यहां सेमी कण्डक्टर यूनिट लग रही, डाटा सेन्टर स्थापित किये जा रहे, फिल्म सिटी, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क बन रहे।
- नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने जा रहा, जेवर क्षेत्र तथा आने वाली पीढ़ी का भविष्य बदलने जा रहा।
- मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र में मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल तथा स्टेडियम के लिए सी0ई0ओ0 यीडा से सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए कहा।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज का दिन जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक है। आज भारत के सबसे अधिक सम्भावनाओं वाले नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट ने अपनी कॉमर्शियल फ्लाइट प्रारम्भ की है। इस अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और अन्नदाता किसानों का योगदान है। डबल इंजन सरकार जो बोलती है, वह करती है। जितना बोलती है, उतना करके रहती है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का यह अभियान निरन्तर आगे बढ़ता रहेगा।
आज यहां अपने सरकारी आवास पर नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, जेवर के निर्माण हेतु भूमि समर्पित करने वाले अन्नदाता किसानों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्नदाता किसान नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की अपनी ही जमीन से उड़ने वाली पहली फ्लाइट की लखनऊ तक की यात्रा के भागीदार बने हैं। इसमें 28 महिला किसान सहित 170 किसान सम्मिलित हैं। वह इस शानदार यात्रा को अपनी स्मृतियों में संजोएं रखेंगे। नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट की पहली कॉमर्शियल फ्लाइट से अन्नदाता किसानों का आगमन हम सभी को अत्यन्त प्रफुल्लित कर रहा है।
Read Also :युवाओं को अत्याधुनिक विषयों में दक्ष और किसानों को आत्मनिर्भर बनाएं:मुख्यमंत्री
जब कैबिनेट ने जेवर में अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए प्रस्ताव पारित किया, तो सम्बन्धित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को 100 दिन में प्रारम्भ करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने स्वयं जेवर के अन्नदाता किसानों के साथ गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में बैठक की। प्रारम्भ में अन्नदाता किसान असमंजस की स्थिति में थे, लेकिन किसानों के साथ संवाद करने के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए। उन्होंने स्वयं किसानों को विकास के मॉडल के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वक्त सभी का आता है। कुछ बनते हैं, तो कुछ बिखर जाते हैं। जो व्यक्ति अवसर का सही लाभ उठाता है, उसी का इतिहास बनता है। जो अवसर को गंवा देता है, उसको पुनः अवसर नहीं मिलता। उस समय अन्नदाता किसानों ने सरकार पर विश्वास किया। स्थानीय विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इसमें पूरा सहयोग किया। यमुना एक्सप्रेस-वे इण्डस्ट्रियल डेवलपमेन्ट अथॉरिटी (यीडा) और नागरिक उड्डयन विभाग ने कार्यवाही को तेजी से आगे बढ़ाया। इसके परिणामस्वरूप 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर एयरपोर्ट के 04 फेज में से प्रथम फेज की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है।
आज दुनिया का प्रत्येक बड़ा व्यक्ति जेवर आना चाहता है। जेवर स्थित नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत का पहला कार्गो व एम0आर0ओ0 का केन्द्र बनने जा रहा है। अन्नदाता किसान द्वारा उत्पादित अनाज, फल, सब्जी, मत्स्य आदि उत्पादों को कार्गो से दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। स्थानीय उत्पादों को दुनिया के बाजारों में कई गुना अधिक कीमत मिलेगी। आम की स्थानीय कीमत भले ही कम हो, लेकिन जब यह दुनिया के बाजारों में पहुंचता है, तो इसकी कीमत 800 से 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक होती है। इससे किसानों को कई गुना लाभ प्राप्त होगा। इसी प्रकार यहां अन्य उत्पादों की फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगेगी। यहां सेमी कण्डक्टर यूनिट लग रही है। डाटा सेन्टर स्थापित किये जा रहे हैं। यहां फिल्म सिटी, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, आई0टी0 एण्ड इलेक्ट्रॉनिक्स की वर्ल्ड क्लास सिटी बनायी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहली रजिस्ट्री सम्पन्न होने के उपरान्त विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ अन्नदाता किसान इसी स्थान पर उनसे मिलने आए थे। उस समय भी उन्होंने कहा था कि आप रजिस्ट्री करवाइए, धन की चिन्ता नहीं करिए। हम अन्नदाता किसानों का हक अवश्य देंगे। किसानों को उनकी सोच से ज्यादा जमीन का दाम दिया जाएगा। आज जेवर क्षेत्र बदल रहा है। आने वाली पीढ़ी का भविष्य बनने तथा बदलने जा रहा है। अन्नदाता किसानों की पीढ़ियां हजारों वर्षों से वहां रह रही हैं। वहां उनके पूर्वजों का सैकड़ों वर्षों का इतिहास है। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी होगी। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जमीन को बचाकर रखा। आज नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने इतिहास रचा है।
नोएडा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने जा रहा है। वहां कार्गो तथा एयरक्राफ्ट मेण्टेनेंस, रिपेयर एण्ड ओवरहॉलिंग (एम0आर0ओ0) की फैसिलिटी उपलब्ध करायी जाएगी। अब तक भारत में एम0आर0ओ0 की कोई सुविधा नहीं है। इसके लिए सिंगापुर और दुबई जाना पड़ता है। इस कार्य के लिए दुनिया भर के लोग अब इसी क्षेत्र के एयरपोर्ट पर आएंगे। इसके लिए युवाओं को ट्रेण्ड करना है, ताकि वह इंजीनियर के रूप में काम कर सके। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर नौकरी मिलेगी।
प्रदेश के इस क्षेत्र में आने वाले निवेशों के लिए ट्रेण्ड मैन पावर की आवश्यकता होगी। इसके लिए यमुना अथॉरिटी ने टाटा समूह के साथ लगभग सवा दो सौ करोड़ रुपये की लागत से एक सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। इस सेण्टर में आज की आधुनिक तकनीक के आधार पर ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही, युवाओं के लिए सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, डिग्री कोर्सेज उपलब्ध रहेंगे। इनके माध्यम से युवाओं का कौशल विकास होगा। यह कोर्सेज नौकरी प्राप्त करने का आधार भी बनेंगे। हमारा प्रयास है कि इस सत्र में डिग्री कॉलेज को प्रारम्भ कर दें, जिससे वहां के बच्चों को उच्च शिक्षा मिले।

मुख्यमंत्री ने विधायक धीरेन्द्र सिंह द्वारा जेवर क्षेत्र में मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल तथा स्टेडियम के अनुरोध पर विचार करते हुए कहा कि यद्यपि हम वहां एक ट्रॉमा सेन्टर बना रहे हैं। लेकिन ट्रॉमा सेन्टर के साथ ही इस क्षेत्र में अच्छी मेडिकल और मेडिकल एजुकेशन सुविधा प्राप्त हो, इसके लिए सी0ई0ओ0, यमुना एक्सप्रेस-वे इण्डस्ट्रियल डेवलपमेन्ट अथॉरिटी से सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए कहा गया है। उसमें सरकार प्रत्येक स्तर पर सहयोग करेगी। यमुना अथॉरिटी उस प्रयास को आगे बढ़ाएं। इस क्षेत्र में स्टेडियम व इण्डोर स्टेडियम की सम्भावनाओं को भी आगे बढ़ाया जाए, ताकि युवा आगे बढ़ सकें और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। इससे बच्चों की क्षमता निखरेगी तथा उन्हें लाभ प्राप्त होगा। यहां के एक पैरा ओलम्पियन ने ओलम्पिक में देश के लिए मेडल जीत कर नया इतिहास रचा है। अब इतिहास जेवर को जेवर के रूप में प्रस्तुत करने की ओर हम सबका आह्वान कर रहा है।
जेवर अब पहले वाला जेवर नहीं रहा। वर्ष 2017 से पूर्व जेवर क्षेत्र आपराधिक गतिविधियों का केन्द्र बन गया था। शाम के समय आवागमन बन्द हो जाता था। बेटियां स्वयं को असुरक्षित महसूस करती थीं। युवाओं के समक्ष भविष्य का संकट था। अन्नदाता किसानों के लिए सुविधाओं का अभाव था। शोर की भूमि के नाम पर किसानों का शोषण होता था। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा, स्कूल व रोजगार का अभाव था। गरीबों के कल्याण के लिए पहल नहीं होती थी। जेवर को इन स्थितियों का सामना करना पड़ता था। पहले एक बेटी को मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में जाना पड़ता था। अब दुनिया के पांच बड़ी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय, जिनकी वर्ल्ड रैंकिंग है, इस क्षेत्र में अपना स्वयं का कैम्पस स्थापित करने के लिए यहां आ रहे हैं।
संवाद के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके प्रयास से जेवर क्षेत्र में एक अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बना है, यह वास्तव में अद्वितीय है। हमारी जमीन पर बने इस एयरपोर्ट के यात्री विभिन्न क्षेत्रों का विकास करेंगे। इतना बड़ा प्रोजेक्ट बिना किसी प्रोटेस्ट के साकार हुआ है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में जेवर क्षेत्र का विकास हुआ और बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हुई। विकास कार्यां का लाभ समाज के विभिन्न वर्गां तक पहुंचा है।
कार्यक्रम को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त एवं नागरिक उड्डयन दीपक कुमार तथा स्पेशल डायरेक्टर इण्डिगो आर0के0 सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, सी0ई0ओ0 यमुना एक्सप्रेस-वे इण्डस्ट्रियल डेवलपमेन्ट अथॉरिटी आर0के0 सिंह सहित अन्नदाता किसान उपस्थित थे।



