लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव 23 से 26 नवंबर तक, विदेशी कलाकार भी होंगे शामिल

लखनऊ के यूपी दर्शन पार्क में 23 से 26 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव होगा। करमा, भगोरिया, पंडवानी, थारू नृत्य, शिल्प मेला और विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। लखनऊ में जनजातीय संस्कृति, लोककला, पारंपरिक संगीत और विविध सांस्कृतिक विरासत का भव्य संगम होने जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 23 से 26 नवंबर तक गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’ आयोजित होगा। चार दिवसीय इस उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय कलाकारों के साथ कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के सांस्कृतिक दल भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को देश-विदेश की लोक परंपराओं से रूबरू कराएंगे। उत्सव में लोकनृत्य, लोकगायन, नाटक, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक कार्यशालाएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

चार दिन लोककला, संगीत और सांस्कृतिक विविधता की धूम

यूपी दर्शन पार्क में आयोजित होने वाले इस उत्सव में भारत के विभिन्न राज्यों की जनजातीय परंपराओं, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। करमा, भगोरिया, संथाली, थारू, बुक्सा, जौनसारी, बोडा और बैगा सहित विभिन्न लोककलाओं के जरिए देश की सांस्कृतिक विविधता को मंच प्रदान किया जाएगा। विदेशी कलाकारों की सहभागिता इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का विशेष अवसर बनाएगी।

शोभायात्रा से होगा उत्सव का आगाज

23 नवंबर को सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। शोभायात्रा अपराह्न 3 बजे 1090 चौराहे से रवाना होकर गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क पहुंचेगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश करेंगे। उत्सव परिसर में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक शिल्प मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियां और स्थानीय शिल्पकारों की कला देखने के साथ सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

करमा से भगोरिया और पंडवानी तक सजेगा सांस्कृतिक मंच

23 और 24 नवंबर को होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों की लोककलाओं का प्रदर्शन होगा। सोनभद्र के कलाकार मादल वादन और करमा नृत्य प्रस्तुत करेंगे। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से थारू जनजाति और बिजनौर के कुआं खेड़ा से बुक्सा जनजाति के कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को परिचित कराएंगे।

इसके अलावा चित्रकूट का जवारा और राई नृत्य, महाराष्ट्र के नासिक का बोहणा नृत्य, मध्य प्रदेश के धार का भगोरिया नृत्य तथा राजस्थान का तेरावाली नृत्य भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। पश्चिम बंगाल का संथाली नृत्य, हिमाचल प्रदेश का सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य, छत्तीसगढ़ के दुर्ग की पंडवानी गायन प्रस्तुति, प्रयागराज का बीन वादन, ओडिशा का बोडा नृत्य और उत्तराखंड का जौनसारी नृत्य भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियों से दिखेगा अंतरराष्ट्रीय रंग

25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के विशेष आमंत्रित सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। विदेशी कलाकारों की सहभागिता के जरिए दर्शकों को विभिन्न देशों की लोकपरंपराओं, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

अंतिम दो दिनों में झारखंड का नाटक ‘धरती आबा’, जो भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित है, विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ सोनभद्र का झूमर और डोमकच, पीलीभीत का थारू जनजातीय नृत्य, छत्तीसगढ़ के गौर मड़िया और ककसार नृत्य तथा मध्य प्रदेश का बैगा परधौनी नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।

शिल्प मेला, पारंपरिक व्यंजन और घुमंतू कलाएं भी होंगी आकर्षण

उत्सव केवल सांस्कृतिक मंच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगंतुकों को जनजातीय जीवनशैली, खानपान, पहनावे और पारंपरिक कलाओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। ‘जेवनार’ के अंतर्गत पारंपरिक देसी व्यंजनों का स्वाद, चित्रकला प्रदर्शन, हस्तशिल्प कार्यशालाएं, चाय चौपाल और पोथी घर जैसे आयोजन किए जाएंगे।

जनजातीय फोटो घर में जनजातीय समाज के जीवन और संस्कृति से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित होंगी। वहीं जनजातीय परिधान प्रवाह के जरिए विभिन्न समुदायों के पारंपरिक पहनावे और उनकी सांस्कृतिक पहचान की झलक दिखाई जाएगी। मादल, अलगोजा और सपेरा बीन जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्र भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगे। घुमंतू लोककलाओं को बढ़ावा देने के लिए जयपुर के कलाकार कठपुतली प्रदर्शन, बहुरूपिया कला और नट-नटी की प्रस्तुतियां देंगे। जादू के कार्यक्रमों के माध्यम से पारंपरिक मनोरंजन की विधाओं को भी मंच मिलेगा।

जनजातीय विरासत को नई पहचान देने का प्रयास : जयवीर सिंह

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और लोककलाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की परंपराएं भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक विविधता की अनमोल धरोहर हैं। इनके लोकसंगीत, नृत्य, शिल्प, कला और जीवनशैली में पीढ़ियों से संचित ज्ञान समाहित है। ऐसे आयोजनों से परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलने के साथ युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सकेगी। मंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों और विदेशी सांस्कृतिक दलों की सहभागिता सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा देगी और उत्तर प्रदेश को जनजातीय संस्कृतियों के साझा मंच के रूप में स्थापित करने में मददगार साबित होगी।

कई विभाग मिलकर कर रहे आयोजन

अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव का आयोजन संस्कृति निदेशालय, उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, समाज कल्याण विभाग, जनजाति विकास विभाग, पर्यटन विभाग तथा लखनऊ स्थित ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट (टीआरआई) के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। यह चार दिवसीय आयोजन जनजातीय समाज की कला, परंपरा, लोकज्ञान और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच देने के साथ भारत और दुनिया की विविध संस्कृतियों को एक-दूसरे से जोड़ने का अवसर बनेगा।

Related Articles

Back to top button