अखिलेश यादव का बड़ा दावा- विधान परिषद चुनाव का परिणाम शुरुआत, भाजपा बन गई फ्लॉप शो। अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव के नतीजों को भाजपा के लिए बड़ा झटका बताया। बोले- भाजपा धनबल से लड़ती है, सपा के पास जनबल है। पीडीए को और मजबूत करेंगे।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव के परिणामों को भाजपा के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा कि यह परिणाम सिर्फ शुरुआत है। भाजपा अब फ्लॉप शो बन गई है। पांच सीटों के साथ भाजपा 50 जिलों और शहरों में हार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया और रातभर धांधली करने का प्रयास किया। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी ने जनता के बल पर जीत हासिल की।
समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों और प्रत्याशियों से मुलाकात एवं स्वागत के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान जिस तरह से धांधली के प्रयास हुए और लोगों को संघर्ष करना पड़ा, उससे जनता के बीच भाजपा की बेईमान और धोखा देने वाली पार्टी की छवि बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा छह सीटें छल से जीती है, जबकि समाजवादी पार्टी जनता के बल पर जीती है। अगर भाजपा सरकार ने छल-कपट का सहारा नहीं लिया होता तो वह छह सीटें भी नहीं जीत पाती। भाजपा के पास धनबल है तो समाजवादी पार्टी के पास जनबल है।
पीडीए की ताकत से मजबूत होगा सामाजिक न्याय का आंदोलन
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इसी मेहनत और लगन के साथ पीडीए की ताकत को और मजबूत करेगी। पार्टी सामाजिक न्याय की सरकार स्थापित करने के लिए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के अनुसार काम करेगी और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का अभियान जारी रखेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव परिणाम के बाद धूमधाम से जीत का जश्न मनाने की तैयारी करने वाले धड़ाम से गिर गए। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को हराते-हराते मुख्यमंत्री ने भाजपा का काम तमाम कर दिया।
अलग-अलग समाजों का सपा से जुड़ना भाजपा के लिए चुनौती
सपा प्रमुख ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणाम से भाजपा का पूरा राजनीतिक गणित गड़बड़ा गया है। समाजवादी पार्टी के साथ संजय त्रिपाठी, डॉ. आकाश अग्रवाल और डॉ. मान सिंह यादव जैसे नेता मजबूती से खड़े हैं। वैश्य समाज का समर्थन सपा को मिला है। आधी आबादी का प्रतिनिधित्व कर रहीं कांती सिंह, कायस्थ समाज से आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव की मौजूदगी पार्टी की ताकत बढ़ा रही है। उन्होंने डॉ. मान सिंह यादव की भारी मतों से जीत पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इस परिणाम ने समाजवादी पार्टी का मान बढ़ाया है।
कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का जताया आभार
इससे पहले सभी नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनका आभार जताया। अखिलेश यादव ने सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी और मतदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने चुनाव में संघर्ष करने वाले नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतगणना के दौरान पूरी रात डटे रहने वाले पार्टी समर्थकों की भी सराहना की।
अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी के लोगों ने डबल इंजन की सरकार को काशी में डुबो दिया है। वहीं आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत समाजवादी पार्टी के लिए किसी उपहार से कम नहीं है। उन्होंने गोरखपुर में मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके गोरखधंधे के कारण डॉ. संजय त्रिपाठी जीत नहीं पाए। समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों ने संघर्ष करके यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र को कभी खत्म नहीं होने दिया जाएगा और जनता की आवाज को हमेशा मजबूत किया जाएगा।
नवनिर्वाचित एमएलसी ने जताया आभार
इस अवसर पर वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव, इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से डॉ. मान सिंह यादव, लखनऊ स्नातक क्षेत्र से कांती सिंह, वाराणसी स्नातक क्षेत्र से आशुतोष सिन्हा और आगरा शिक्षक क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल ने अखिलेश यादव का धन्यवाद किया।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी रहे संजय त्रिपाठी ने भी प्रदेश के मतदाताओं, समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रेस कांफ्रेंस में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



