Tuesday, May 12, 2026
Advertisement
Home राजनीति नीट पेपर लीक पर संजय सिंह का हमला

नीट पेपर लीक पर संजय सिंह का हमला

29
दलित/ओबीसी विरोधी केंद्र सरकार-संजय सिंह
दलित/ओबीसी विरोधी केंद्र सरकार-संजय सिंह

नीट पेपर लीक पर संजय सिंह का हमला,भाजपा पर शिक्षा माफिया को संरक्षण देने का लगाया आरोप।भाजपा राज में नौजवानों का भविष्य सुरक्षित नहीं। भाजपा और शिक्षा माफिया का गठजोड़ देश को बर्बाद कर रहा।

अजय सिंह

लखनऊ। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षा माफिया के साथ मिलकर देश के नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर पहली बार लीक नहीं हुआ है, इससे पहले वर्ष 2024 में भी पेपर लीक हुआ था और अब 3 मई को हुई परीक्षा में 180 में से 135 सवाल लीक होने का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग शिक्षा माफिया के पूरे गिरोह को संरक्षण दे रहे हैं, जिसकी वजह से बार-बार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और लाखों छात्र-छात्राओं तथा उनके परिवारों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।

संजय सिंह ने कहा कि देश के लाखों नौजवान दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में पल रहे शिक्षा माफिया उनके सपनों को कुचलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आखिर यह पता लगाया जाना चाहिए कि पेपर लीक कराने वाले लोग कौन हैं, किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है और किन भाजपा समर्थित लोगों के जरिए शिक्षा के नाम पर यह संगठित कारोबार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी निष्पक्ष जांच होगी तो यह साफ हो जाएगा कि इस पूरे नेटवर्क के तार कहीं न कहीं भाजपा से जुड़े लोगों तक पहुंचते हैं और यही कारण है कि दोषियों को बार-बार बचाया जाता है।

संजय सिंह ने कहा कि इस बार नीट परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। अगर उनके परिवारों को भी जोड़ लिया जाए तो करोड़ों लोग इस पेपर लीक कांड से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ छात्र कठिन परिस्थितियों में रहकर पढ़ाई करते हैं, माता-पिता अपनी जमा पूंजी बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं और दूसरी तरफ भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्ट तंत्र की वजह से उनका भविष्य बर्बाद हो जाता है। यह केवल पेपर लीक नहीं बल्कि देश के नौजवानों के साथ खुला विश्वासघात है।

संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने देश में वोट चोरी की, पेपर चोरी की, जनता का सोना और गहना तक लूटने का काम किया, महंगाई की आग में देश को झोंक दिया, रुपए को लगातार कमजोर किया और देश की विदेश नीति तक को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि आज मोदी राज में न नौजवान सुरक्षित हैं, न माताएं-बहनें सुरक्षित हैं और न ही व्यापारी वर्ग सुरक्षित है। हर वर्ग अपने भविष्य को लेकर भय और असुरक्षा की स्थिति में जी रहा है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली पर हमला नहीं है बल्कि यह नौजवानों के पेट और पीठ दोनों पर वार करने जैसा है। भाजपा सरकार और उसकी राज्य सरकारों ने युवाओं की मेहनत, उनके सपनों और उनके विश्वास के साथ धोखा किया है। आम आदमी पार्टी देश के नौजवानों की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाती रहेगी और शिक्षा माफिया तथा उन्हें संरक्षण देने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।