
लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस कमेटी के सूचना का अधिकार विभाग द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जन सूचना अधिकार की उपयोगिता और आम नागरिकों को मिलने वाले अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इसे लोकतंत्र को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
राकेश यादव
लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सूचना का अधिकार विभाग (आरटीआई) के पदाधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन विभाग के चेयरमैन पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुआ। कार्यशाला में प्रदेश भर से आए आरटीआई विभाग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आरटीआई एक्टिविस्टों ने सहभागिता की। कार्यशाला का संचालन विभाग के उपाध्यक्ष डॉ0 अमित उठवाल ने किया तथा आरटीआई एक्टिविस्ट देवेन्द्र मणि त्रिपाठी द्वारा कार्यकर्ताओं को आरटीआई के विषय में प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संगठन की नीतियों, जनहित के मुद्दों तथा सूचना के अधिकार के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि सूचना का अधिकार लोकतंत्र को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है और कांग्रेस पार्टी सदैव पारदर्शिता एवं जवाबदेही की पक्षधर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने तथा आरटीआई के माध्यम से जनहित के मुद्दों को सामने लाने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज को बुलंद करने का कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि आरटीआई विभाग संगठन की महत्वपूर्ण इकाई है, जो सरकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार को उजागर करने में अहम भूमिका निभा सकता है।























