
मोदी सरकार ने जनता को महंगाई का दिया करारा झटका। देश की जनता की जेब पर दिन प्रतिदिन डाला जा रहा डाका।
लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेतासांसद, उप नेता विरोधी दल राज्य सभा प्रमोद तिवारी ने कहा है कि ‘‘मोदी सरकार’’ की गलत नीतियों एवं अदूरदर्शिता के कारण महंगाई की मार से कराह रही देश की जनता की जेब पर दिन प्रतिदिन डाका डाला जा रहा है । पांच राज्यों के चुनाव समाप्त हुये अभी कुछ ही दिन हुये हैं कि पेट्रोल और डीजल के दामों में 10 दिन में 4 बार बढ़ोत्तरी हो चुकी है। 15 मई, 2026 को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3- 3 रुपये की बढ़ोत्तरी की गयी थी। 19 मई को 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाये गये।
23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे तथा डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृृद्धि की गयी और 25 मई, 2026 को पुनः डीजल के दाम में 2.71 रुपये एवं पेट्रोल में रु. 2.61 की बढ़ोत्तरी की गयी। इस तरह से 10 दिन में पेट्रोल और डीजल की कीमत रु. 7.50 प्रति लीटर बढ़ा दी गयी। जबकि आज बे्रंट क्रूड आयल (कच्चा तेल) में 5.4 तक की गिरावट आने से इसकी कीमत 98.01 डाॅलर प्रति बैरल तक पहुंच गयी है। 10 दिन में 4 बार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी करके ‘‘मोदी सरकार’’ ने पहले से ही महंगाई की मार से कराह रही जनता पर महंगाई का एक और बोझ डाल दिया है ।
उन्होंने अतीत की याद दिलाते हुये कहा है कि वर्ष 2014 में यू.पी.ए. सरकार में लगभग 125 डाॅलर प्रति बैरल कच्चा तेल खरीद कर भी पेट्रोल की कीमत 70.41 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल की कीमत 55.49 रुपये प्रति लीटर से ऊपर ‘‘मनमोहन सिंह सरकार’’ ने नही जाने दिया। किन्तु आज ‘‘मोदी सरकार’’ के कार्यकाल में 98.01 डाॅलर प्रति बैरल कच्चा तेल खरीद कर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर करके जनता को महंगाई का करारा झटका दिन प्रतिदिन दिया जा रहा है।






















