मऊ में 302 जोड़ों का सामूहिक विवाह, ए.के. शर्मा ने दिया आशीर्वाद; सामाजिक समरसता की दिखी मिसाल

गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मान, गरिमा और खुशियों से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प दोहरा रही है। मऊ में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 302 जोड़ों ने नए जीवन की शुरुआत की, वहीं चार मुस्लिम जोड़ों के विवाह ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल पेश की। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

मऊ/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय लिख रही है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को मऊ के कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर 302 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इसी जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मान और गरिमा के साथ विवाह का अवसर प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उसके जीवन में खुशहाली लाना है। सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा देने के साथ सामाजिक समानता, सद्भाव और समरसता को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

कोपागंज में आयोजित समारोह में चार मुस्लिम जोड़ों का विवाह भी संपन्न हुआ। मंत्री ने इसे गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देना उसकी प्राथमिकता है।

ए.के. शर्मा ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग के आधार पर आगे बढ़ता है। उन्होंने सभी जोड़ों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा आयोजन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन एवं अधिकारियों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button