रेलवे क्लब का कायाकल्प! आधुनिक सुविधाओं से चमका संस्कृति अधिकारी क्लब

लखनऊ रेलवे संस्कृति अधिकारी क्लब का कायाकल्प, आधुनिक सुविधाओं से लैस क्लब का डीआरएम ने किया उद्घाटन। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के संस्कृति अधिकारी क्लब को LED वॉल, डॉल्बी साउंड, बैडमिंटन एरिना, किड्स जोन और आधुनिक खेल सुविधाओं से नया स्वरूप मिला।

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के संस्कृति अधिकारी क्लब को आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक सजावट और अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित कर नया स्वरूप प्रदान किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने क्लब के नवनिर्मित स्वरूप का फलक अनावरण कर उद्घाटन किया। क्लब का कायाकल्प अधिकारियों एवं उनके परिवारों को खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

क्लब के नवीनीकरण के तहत भवन का आकर्षक सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक LED वॉल और डॉल्बी डिजिटल साउंड सिस्टम स्थापित किया गया है। इन सुविधाओं से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, समारोहों और मनोरंजन संबंधी आयोजनों को अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बिलियर्ड्स और टेबल टेनिस सुविधाओं का नवीनीकरण किया गया है। वहीं, सिंथेटिक PVC फ्लोरिंग से युक्त आधुनिक बैडमिंटन एरिना तैयार किया गया है, जिससे क्लब के सदस्यों को खेल एवं शारीरिक फिटनेस के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

बच्चों की मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए विशेष किड्स जोन विकसित किया गया है। क्लब परिसर में स्थापित नैरो गेज लोकोमोटिव भारतीय रेलवे की गौरवशाली विरासत और इतिहास को दर्शाता है। इसके अलावा, सदस्यों की सुविधा के लिए ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है।

आधुनिक सुविधाओं से क्लब का कायाकल्प होने के बाद यह एक बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में विकसित हुआ है, जहां खेल, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को एक साथ प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बेहतर सुविधाओं एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

उद्घाटन अवसर पर क्लब के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अंकित सचान, कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिल्पी कन्नौजिया, मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता एवं संगठन की कार्यकारिणी सदस्याएं, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी तथा रेलकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button