उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ललितपुर में 1,766 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, ललितपुर का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुन्देलखण्ड का व्यापक कायाकल्प हुआ है और अब यह क्षेत्र विकास, उद्योग, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने ललितपुर में प्रदेश के पहले फार्मा पार्क, औद्योगिक शहर, आयुष फार्मा पार्क, सिंचाई परियोजनाओं तथा हर घर नल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
लखनऊ। विकास का कोई विकल्प नहीं होता। विकास ही हम सभी के जीवन में परिवर्तन लाता है। समाज के प्रत्येक तबके को विकास का वाहक बनाना पड़ेगा। प्रत्येक युवा, बेटी, अन्नदाता किसान, कारीगर, हस्तशिल्पी तथा व्यापारी को इसके साथ जोड़ना पड़ेगा। तब कई गुना विकास होगा, जिससे सभी की किस्मत बदलेगी। आपके जनपद में घर-घर समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने यही कार्य किया है। लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन का स्वरूप होती है। प्रदेश की 25 करोड़ जनता हमारे लिए परिवार के समान है। उसके विकास, सुरक्षा, सम्मान व समृद्धि का दायित्व प्रदेश सरकार का है। इस दायित्व का निर्वहन प्रदेश सरकार प्रतिबद्धतापूर्वक कर रही है। ललितपुर में विधान सभा सदर ललितपुर तथा महरौनी की 1,766 करोड़ रुपये लागत की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसमें राजकीय मेडिकल कॉलेज, ललितपुर का लोकार्पण सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, आवास व ट्रैक्टर की चाभी आदि प्रदान की। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने श्री तुवन मन्दिर में दर्शन-पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें अपने प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए विख्यात बुन्देलखण्ड के सुन्दरतम जनपदों में एक ललितपुर आकर तुवन सरकार के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ललितपुर हम लोगों के हृदय में बसता है। यहां के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह जनपद ऊंचाईयां प्राप्त कर रहा हैߊ अब ललितपुर बदल चुका है। पहले यह जनपद पिछली सरकारों की उपेक्षा का शिकार था। विकास योजनाओं से कोसों दूर इस जनपद का कोई पुरुसाहाल नहीं था। सड़क, बिजली, आवास, शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था, सिंचाई की सुविधा तथा शुद्ध पेयजल का अभाव था। संसाधनां की लूट होती थी।
READ ALSO:अस्तित्व, चेतना और आत्मबल का विज्ञान है योग
देश, प्रदेश तथा बुन्देलखण्ड का व्यापक कायाकल्प हुआ है। कायाकल्प के इस परिदृश्य में युवाओं को नौकरी व रोजगार, बहन-बेटियों की सुरक्षा तथा अन्नदाता किसानों की समृद्धि सम्मिलित है। ललितपुर नवाचार के लिए जाना जा रहा है। तुवन सरकार की कृपा से प्रदेश की पहली गौशाला यहां के तत्कालीन जिला प्रशासन ने प्रारम्भ की थी। यह गौशाला दुनिया के अन्य देशों में कम्पोस्ट की आपूर्ति करने जा रही है। अब ललितपुर में मेडिकल कॉलेज तथा अटल आवासीय विद्यालय है। हम यहां डेढ़ हजार एकड़ क्षेत्रफल में उत्तर प्रदेश का पहला फार्मा पार्क बनाने जा रहे हैं। इससे हजारों युवाओं को नौकरी मिलेगी। बुन्देलखण्ड में हर घर नल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। अब यहां की माताओं-बहनों को सिर पर घड़ा रखकर पानी लेने नहीं जाना पड़ता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड एक्सप्र्रेस-वे एक मॉडल के रूप में आप सभी के सामने हैं। हम प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बुन्देलखण्ड में बसाने जा रहे हैं। पिछली बार हमने कहा था कि हम बुन्देलखण्ड को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के हब के रूप में विकसित करेंगे। प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर में जो ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है, उसने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान पाकिस्तान के होश उड़ा दिए थे। पाकिस्तान त्राहिमाम करने के लिए मजबूर हो गया था। यह नये भारत की शक्ति है, जिसे प्रधानमंत्री जी नेतृत्व दे रहे हैं। अब यहां की बहनें बालिनी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी के माध्यम से महिला स्वयंसेवी समूह के साथ मिलकर अपनी आय बढ़ा रही हैं। बुन्देलखण्ड के झांसी तथा ललितपुर जनपद इसके मॉडल बन रहे हैं। वर्षों से लम्बित सिंचाई परियोजनाओं को तेजी के साथ आगे बढ़ाने का काम किया गया है। अर्जुन सहायक परियोजना कई दशकों से लम्बित थी, जो अब पूर्ण हो चुकी है। रतौली बांध, बावनी बांध, कचनौंदा बांध, गझगांव-चिल्ली स्प्रिंकल सिंचाई परियोजनाओं ने बुन्देलखण्ड के अन्नदाता किसानों की किस्मत बदली है। अन्नदाता किसान अब गई गुना आमदनी कमा रहा है।
आज यहां 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। इसमें बनने जा रहा बल्क ड्रग पार्क तथा फार्मा पार्क सम्मिलित नहीं है। मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर, वहां के विद्यार्थियों से संवाद बनाकर यह जानना है कि ललितपुर के लोग उसका कितना लाभ ले रहे हैं। प्रदेश में जब किसी भर्ती परीक्षा का परिणाम आता है, तो ललितपुर का युवा भी उसमें सफल होकर नियुक्ति पत्र प्राप्त करता है। ललितपुर की बेटी उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनती है। अन्य सरकारी नौकरियों में स्थान प्राप्त करती है।
ललितपुर अब अनेक विकास योजनाओं में सहभागी बन रहा है। आज यहां मंच पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाओं के अलग-अलग तबके के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा था। पूर्वजों ने कहा था कि ‘ललितपुर न छोड़ियो, जब तक मिले उधार’। अब आपको उधार लेने की आवश्यकता नहीं, आपकी चुनी सरकार आपको धनराशि उपलब्ध करा रही है। आप ब्याज तथा गारन्टी मुक्त धनराशि से अपना व्यवसाय चलाइए। एक समय के बाद मूल पूंजी में कुछ पैसा सरकार देगी और उस पैसे को आप वापस कर दीजिए। आपका व्यवसाय प्रारम्भ होगा और आप एक उद्यमी के रूप में स्थापित हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तभी होता है, जब अच्छी सरकारें चुनी जाती हैं। अच्छी सरकारें तब बनती हैं, जब अच्छे सांसद और विधायक चुने जाते हैं। मनोहर लाल मन्नू कोरी ईमानदार व सज्जन व्यक्ति हैं। विधायक राम रतन कुशवाहा जन समस्याओं के समाधान का निरन्तर प्रयास करते रहते हैं। आयुर्वेद हमारी ऋषि परम्परा का सबसे बड़ा उपहार है। सांसद अनुराग शर्मा के परिवार ने विगत अनेक वर्षों से इस विधा को पुनर्जीवित कर भारत की ट्रेडिशनल मेडिसिन व्यवस्था को आगे बढ़ाने का काम किया है। हम यहां फार्मा पार्क बना रहे हैं। प्रदेश में आयुष का भी एक फार्मा पार्क अलग से बनाया जाएगा। हम लोग उस फार्मा पार्क में अनुराग शर्मा के परिवार के अनुभव का लाभ लेंगे। इन्होंने देश में वैद्यनाथ के नाम पर जिस तेजी से आयुर्वेद का विस्तार किया, वह अभिनन्दनीय है। प्रत्येक भारतीय भारत की इस परम्परा पर गौरव की अनुभूति करता है। हमें इन व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास की यह प्रक्रिया अनवरत चलेगी। गरीबों के कल्याण के लिए सरकार की योजनाएं मजबूती के साथ आगे बढेंगी। डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके कार्य कर रही है। अमेरिका और ईरान के युद्ध से पूरी दुनिया में ईंधन की आपूर्ति बाधित हुई। अमेरिका जैसा ताकतवर देश भी किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में था। भारत में ऊर्जा संकट न उत्पन्न हो, इस उद्देश्य से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कार्य किया गया। जनता को राहत दी गई। महंगाई बढ़ने से रोकी गई। वह दुनिया के किसी देश में नहीं हो पाया, जो भारत ने किया है। भारत तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री जी जी-7 बैठक में सम्मिलित होने गए थे। स्लोवाकिया ने उन्हें अपना देश का सर्वोच्च सम्मान दिया है।
अब तक दुनिया के 33 से अधिक देशों ने प्रधानमंत्री जी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान दिया है। जब प्रधानमंत्री जी को किसी देश का सर्वोच्च सम्मान मिलता है, तो वह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान होता है। सम्पूर्ण देश अपने प्रधानमंत्री पर गौरव की अनुभूति करता है। कार्यक्रम को श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में विगत 12 वर्षों में देश का अभूतपूर्व विकास हुआ है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 09 वर्षां से उत्तर प्रदेश नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जनपद ललितपुर का कायाकल्प हो चुका है। इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अन्सारी, सांसद अनुराग शर्मा, विधान परिषद सदस्य रमानिरन्जन, विधायक रामरतन कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



