

अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय को स्थापित करना और आर्थिक विषमता को समाप्त करना दो प्रमुख चुनौतियाँ हैं, जिनसे समाजवादी पार्टी निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में प्रदेश में समाजवादी सरकार होगी जो सामाजिक न्याय के मार्ग पर अग्रसर होगी। अखिलेश यादव ने संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश को जो संविधान दिया है, उसकी प्रस्तावना में ही धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और लोकतंत्र की परिकल्पना है। उन्होंने यह भी कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने समाजवादी विचारधारा और आंदोलन की जो विरासत दी है, उसे अब युवाओं को आगे बढ़ाना होगा ताकि यह आंदोलन आने वाले कई सौ वर्षों तक जीवित रह सके। सपा सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी
अखिलेश यादव ने कहा कि 2012 से 2017 तक समाजवादी सरकार की कई बड़ी उपलब्धियां है। प्रदेश का आधारभूत ढांचा तैयार कर विकास के रास्ते पर ले जाने का कार्य किया। आज तो भाजपा सरकार एक्सप्रेस-वे का झूठा प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री जी नहीं समझते कि एक्सप्रेस-वे क्या होता है। वह तो फोरलेन सड़क और किसी भी सड़क को एक्सप्रेस-वे कहने लगते है। समाजवादी सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तब बनाया था जब इंडियन रोड़ कांग्रेस के मानक भी तय नहीं हुए थे। समाजवादी पार्टी की सरकार ने 323 किलोमीटर का एक्सप्रेस-वे रिकार्ड 23 माह में बना दिया था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे 6 लेन का है। इसे आठ लेन किया जा सकता है। यह पहला एक्सप्रेस-वे है जिस पर सेना के लड़ाकू विमान उतारने के लिए हवाई पट्टी बनायी गयी थी। जब हमने नेताजी से इसका उद्घाटन कराया तो देश के सबसे उन्नत किस्म के लड़ाकू विमान सुखोई और मेराज उतारे गये थे। बाद में हरक्यूलिस भी उतारा गया। यह समाजवादियों की उपलब्धि थी। समाजवादी सरकार में ही हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की शुरूआत की थी, उसकी डिजायन किया, जमीन खरीदी गयी। उस पर भी लड़ाकू विमानों की एमरजेंसी लैंडिंग के लिए हवाई पट्टी डिजायन की गयी थी, जिसका परिणाम था कि प्रधानमंत्री जी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हरक्यूलिस विमान से उतरे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के बाद एनएचएआई ने उसकी डिजायन की नकल की।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैंने कई बार कहा कि अमेरिका ने सड़कें बनायी और सड़कों ने अमेरिका को बनाया। अगर स्पीड डबल होगी तो अर्थव्यवस्था तीन गुनी हो जायेगी। भाजपा सरकार जो एक्सप्रेस-वे बना रही है उस पर चलने से पेट दर्द होने लगेगा। प्रधानमंत्री ने एक बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था। उसका मेंटेनेंस आज भी चल रहा है। भाजपा सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एक इंच भी आगे नहीं बढ़ाया। अगर उसे गाजीपुर से आगे बलिया से जोड़ दिया गया होता तो वह बिहार से जुड़ जाता और उत्तर प्रदेश को दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे मिल गया होता। इसके साथ ही समाजवादी सरकार में बच्चों को लैपटॉप बांटा गया। जो लैपटॉप दिये थे आज भी चल रहे हैं। लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो दी। इस सरकार ने कोई मेट्रो नहीं दी। लखनऊ में मेट्रो का काम नहीं बढ़ने दिया। समाजवादी सरकार में हमने वाराणसी में भी मेट्रो दी थी लेकिन मुख्यमंत्री जी ने वाराणसी में प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में मेट्रो नहीं बनने दिया। वह अपने गृह जिले गोरखपुर में भी मेट्रों नहीं बना पाये। भाजपा सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री जी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के मानकों के साथ खिलवाड़ किया। एक्सप्रेस-वे का मीडियम कम कर दिया। मंडियां नहीं बनायी। केवल सस्ता दिखाने के लिए क्वालिटी खराब किया। सेफ्टी और सिक्योरिटी के साथ खिलवाड़ किया। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे 90 किलोमीटर सड़क 7 हजार करोड़ में बन रही है। उसके निर्माण में आज भी गोरखधंधा चल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की एक ही उपलब्धि है पकौड़ा और भगोड़ा। नौकरी के नाम पर युवाओं को पकौड़ा तलने का काम मिला और कई लोग बैंकों से पैसा लेकर भाग गयें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था भाजपा सरकार ने खराब कर दी है। मेडिकल कॉलेजों को बर्बाद कर दिया। वहां पर्याप्त स्टाफ नहीं है। तकनीकी स्टाफ नहीं है। इलाज नहीं मिल पा रहा है। शाहजहांपुर, जौनपुर, आजमगढ़ समेत कई अन्य मेडिकल कॉलेज है जिनमें सुविधायें नहीं है। राजधानी लखनऊ के डॉ0 राममनोहर लोहिया संस्थान और केजीएमयू का बुरा हाल है। ट्रामा सेंटर में दलाल घूमते हैं। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो इतिहास सही दिशा न दिखा सके, समाज में खाई पैदा करे, उसे इतिहास ही रहने देना चाहिए। हमने पार्टी नेताओं से कहा है कि कोई धार्मिक टिप्पणी नहीं करनी है। कोई ऐसी बात नहीं करनी है जो नकारात्मकता पैदा करे। भाजपा का लक्ष्य बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्यायें जैसे मुद्दों से ध्यान हटाना। आज दुनिया जान रही है कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। नकारात्मक काम हो रहे हैं। यहां घरों पर बुलडोजर चल रहे है। राजनीतिक लोगों को झूठा फंसाया जा रहा है। यही कारण है कि दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में भारत का कोई एक भी व्यक्ति नहीं है। आज दुनिया देख रही है कि भारत प्रेस की स्वतंत्रता, समानता की सूची, भुखमरी की सूची में कहां खड़ा है। डालर की तुलना में रूपया कहां है। इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अल्पसंख्यकों पर हमला हो रहा है। अब तो जैन समाज पर भी हमला शुरू हो गया है। उनकी जमीनों पर भी कब्जे हो रहे है। भाजपा जहां जमीन देख लेती है उस पर कब्जा करने में जुट जाती है। भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए नाम बदलती है लेकिन काम रोक देती है। भाजपा विकास विरोधी है। संविधान और कानून कहता है कि अगर कोई किसी को धमकी देता है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार में देश कानून और संविधान से नहीं चल रहा है। भाजपा संविधान नहीं मानती है। जिन लोगों ने गोली मारने और अन्य तरह की धमकियां दी उनके ऊपर कार्रवाई नहीं हुई। ये धमकियां भाजपा ने दिलवायी है। इसीलिए कार्रवाई नहीं हो रही है। मै मंदिर गया तो उसे गंगा जल से धुलवाया। क्या संविधान में ऐसा है।
भाजपा सरकार कानून और संविधान से नहीं चल रही है। इसीलिए उत्तर प्रदेश फर्जी मुठभेंड़ में नम्बर वन है। पुलिस हिरासत में मौतों में नम्बर वन है। भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों, मुसलमानों और अब जैन समाज के खिलाफ बदले की भावना से काम कर रही है। मुंबई में जैन मंदिर गिरा दिया। मध्य प्रदेश में हमला हुआ। भाजपा दूसरों को बदनाम करने के लिए किसी हद तक जा सकती है। अखिलेश यादव ने कहा कि जो वन नेशन वन इलेक्शन की बात करते है वे अपना अध्यक्ष नहीं चुन पा रहे है। भाजपा में सबसे ज्यादा परिवारवाद है। भाजपा का एक परिवार है जो बहुत खतरनाक है। भाजपा में परिवारवाद भरा पड़ा है। भाजपा दूसरों को बदनाम करती है। उसे अपना परिवारवाद नहीं दिखाई देता है। भाजपा सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है। वह जाति के हिसाब से फैसला लेती है। कुलपतियों की नियुक्ति, डीजीपी की नियुक्ति, अधिकारियों की नियुक्ति में जातिवाद दिखाई दे रहा है। समाजवादी कभी जातिवादी नहीं होते है। समाजवादी सबको साथ लेकर चलते है। हम पीडीए को एकजुट करके अन्याय, अत्याचार के खिलाफ लड़ रहे है। पीड़ित, दुखी लोगों के खिलाफ अन्याय हो रहा है। समाजवादी लोग पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी है। उनकी लड़ाई लड़ रही है। भाजपा भूमाफिया पार्टी है। इसकी नज़र लोगों की जमीनों पर है। यह जमीनें छीनना चाहती है।
कार्यक्रम में एक व्यक्ति के व्यवधान डालने परअखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोगों द्वारा कार्यकमों में व्यवधान डालना ठीक नहीं है। भाजपा के लोग अलोकतांत्रिक है। यही इनका चाल, चरित्र और चेहरा है। सपा सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी