अखिलेश यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गन्ना किसानों के भुगतान की व्यवस्था मजबूत की जाएगी और किसानों का बकाया 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। गन्ना किसानों की समस्याओं और बकाया भुगतान को लेकर उनका यह बयान यूपी की चुनावी राजनीति में अहम मुद्दा बन सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज पार्टी मुख्यालय लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट कर उन्हें प्रकाश पर्व की बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री अजीत सिंह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बलवीर सिंह मध्यांचल प्रभारी, दिलबाग सिंह मंडल अध्यक्ष लखनऊ सहित गुरजीत सिंह, सरदार जितेन्द्र सिंह, सरदार हरदयाल सिंह, सरदार तेजेन्द्र सिंह विर्क, अमरदीप सिंह, दलबाग सिंह ब्लाक अध्यक्ष पलिया, गुरदेव सिंह, नवदीप सिंह, बलविन्दर सिंह, गुर साहब सिंह शामिल रहे।
सिख प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में कहा कि जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे तभी गन्ना का बकाया भुगतान 24 घंटे के अंदर होगा। आलू की फसल बर्बाद हो रही है, किसानों को उनकी फसल का पूरा उत्पादन लागत मिलना मुश्किल है। धान की कीमत नहीं मिल रही है। वर्तमान सरकार में किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहे है। आषा है कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनेगी और किसानों की समस्याओं का समाधान होगा।
भारतीय किसान यूनियन की ओर से अखिलेश यादव को ज्ञापन दिया गया जिसमें नेताजी मुलायम सिंह तथा अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में किसानों, मजदूरों, पिछड़ां एवं सिख समाज के हित में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों के लिए उनका आभार जताया गया। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश में लाखों की संख्या में सिख समाज की आबादी है। वे ज्यादातर समाजवादी पार्टी के पक्षधर हैं।



