आज सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर लखनऊ कैण्ट स्थित गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव शामिल हुए। श्री यादव ने गुरु नानक देव जी की के प्रकाश पर्व पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया भर में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। हमारे सिख समाज के लोगों का देश को खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर ले जाने में बहुत बड़ा योगदान है। अमेरिका, यूरोप से लेकर कनाडा, आस्ट्रेलिया तक में भारत की छवि बनाने में सिख समाज का बड़ा योगदान है। आज लोग जगह-जगह गुरूद्वारों में एकत्र होकर गुरूनानक देव जी की शिक्षाओं और समाज में उनके योगदान को नमन कर रहे है। हम सभी हिन्दुस्तान के लोगों को गर्व है, इस धरती पर अलग-अलग पंथ, धर्म के लोग मिलकर एक साथ रहते है। यही हमारे देश की खूबसूरती है। हम सभी लोग हर त्यौहार को मिलकर मनाते है। गुरु नानक जी को मानने वाले लोग और उनके अनुयायी जाति धर्म और किसी तरह का भेदभाव नहीं करते है। प्रकाश पर्व का संदेश है कि हम सब मिलकर रहें। एक दूसरे का सम्मान करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख आएगी, उसी दिन भाजपा हार जाएगी। भाजपा को समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन ही हरायेगा। भाजपा के पास बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है। भाजपा झूठे वादे करती रही। नौकरी, रोजगार नहीं दे पायी। भाजपा सरकार में इन्वेस्टमेंट केवल तस्वीरों में आ रहा हैं जमीन पर कोई निवेश नहीं दिखाई दे रहा हैं। बताया जा रहा है कि ताइवान से एक हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट आएगा, यह सब सिर्फ तस्वीरों में है, इससे उत्तर प्रदेश और यहां नौजवानों का भला नहीं होगा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में बातचीज के लिए सीनियर नेताओं को जिम्मेदारी दी गयी है। बात-चीत चल रही है। इंडिया गठबंधन का लक्ष्य भाजपा को हराना है। लोकतंत्र और संविधान बचाना है। उन्होंने कहा कि जो गठबंधन होता है वह जीत के लिए होता है।
अतरौलिया सीट पर संग्राम यादव की जीत का दावा
अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र को लेकर सवाल पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि संग्राम यादव ऐतिहासिक वोटों से जीतेंगे। अखिलेश यादव के मुताबिक, क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे, फोरलेन सड़कें और अस्पताल जैसी सुविधाओं से बदलाव आया है, जिसे वहां की जनता देख रही है।



