आगरा में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन,उमड़ा जनसैलाब

आगरा में कांग्रेस के मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार।आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा सरकार पर रोजगार और उद्योग चौपट करने का आरोप लगाया, राजेंद्र पाल गौतम बोले- मजदूरों को बंधुआ मजदूर बना रही सरकार।

आगरा/लखनऊ। आगरा के रोहता नहर चौराहा के समीप आयोजित कांग्रेस के मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में भाग लेकर पार्टी के पक्ष में जोरदार उत्साह प्रदर्शित किया। पार्टी की ओर से 5,000 से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता का दावा किया गया। सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई, श्रमिकों की स्थिति और किसानों की समस्याओं को लेकर तीखे आरोप लगाए। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्रीय उद्योगों की बदहाली, युवाओं के रोजगार, किसानों की आर्थिक स्थिति और श्रमिकों के अधिकारों को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

आगरा का जूता और फिरोजाबाद का चूड़ी उद्योग चौपट करने का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आगरा का जूता उद्योग प्रभावित हुआ है और स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। रोजगार की तलाश में युवा दूसरे शहरों में भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने फिरोजाबाद के चूड़ी उद्योग की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि विश्व प्रसिद्ध चूड़ी कारोबार भी सरकारी नीतियों से प्रभावित हुआ है और बाजार में चीन की चूड़ियों की मौजूदगी बढ़ रही है। वहीं, मैनपुरी में खेती-किसानी की बदहाली के लिए भी उन्होंने सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

धर्म की राजनीति पर हमला बोलते हुए आराधना मिश्रा ने मंदिरों के नाम पर चंदे के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगरा में कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने सम्मेलन को कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की नई शुरुआत बताते हुए कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पार्टी की जड़ें मजबूत होने का भरोसा जताया।

मजदूरों को बंधुआ मजदूर बना रही मोदी सरकार : राजेंद्र पाल गौतम

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने श्रमिकों की स्थिति, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार देश के मजदूरों को बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में श्रमिकों से 12 से 15 घंटे तक काम कराया जा रहा है, जबकि उन्हें उचित मजदूरी नहीं मिल रही है।

उन्होंने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय आठ घंटे की ड्यूटी का प्रावधान था और श्रमिकों को भोजन के लिए अलग समय दिया जाता था। शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार गरीब बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

राजेंद्र पाल गौतम ने किसानों की बैंक संबंधी समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने एलडीबी बैंक से जुड़े किसानों का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि किसानों को एक लाख रुपये के कर्ज पर ब्याज के नाम पर चार लाख रुपये तक वसूलने के बावजूद बकाया दिखाया जा रहा है। उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए उनके हितों की रक्षा की मांग की।

महंगाई और बेरोजगारी आम जनता के लिए गंभीर संकट : कुणाल चौधरी

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने किसानों की बदहाली, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता की स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है और राहुल गांधी किसानों की आवाज को सड़क से संसद तक उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे आम जनता का जीवन मुश्किल हो रहा है। कुणाल चौधरी ने कहा कि यदि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समय रहते आवाज नहीं उठाई गई, तो आर्थिक संकट आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा देगा।

सम्मेलन के दौरान आम आदमी पार्टी के बृज जोन की प्रदेश अध्यक्ष हिरदेश चौधरी सहित भाजपा, आजाद समाज पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से आए सैकड़ों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने इसे पार्टी के बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक मजबूती का संकेत बताया।

कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता रहे मौजूद

सम्मेलन में पूर्व विधायक अनिल चौधरी, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा, प्रदेश महासचिव अनिल यादव, मथुरा जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों से आए नेता उपस्थित रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए कांग्रेस ने आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आगामी राजनीतिक लड़ाई के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button