CM योगी ने सहारनपुर को दी 613 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

  • मुख्यमंत्री ने जनपद सहारनपुर में सहारनपुर नगर एवं सहारनपुर देहात विधान सभा क्षेत्रों की 613 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
  • मुख्यमंत्री ने 01 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक धारा-24 के अन्तर्गत रोवर द्वारा पैमाइश अभियान का शुभारम्भ किया।
  • प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा, उ0प्र0 ने विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किये ।
  • डबल इंजन सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानती, इसे ध्यान में रखकर अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही।
  • आज विभिन्न विकास परियोजनाओं का उपहार सहारनपुर नगर व सहारनपुर देहात की जनता-जनार्दन को प्राप्त हो रहा, यह परियोजनाएं विकसित भारत की आधारशिला बनेंगी।
  • विरासत की मजबूत नींव पर ही सुदृढ़ विकास की आधारशिला को आगे बढ़ाया जा सकता।
  • दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर सहारनपुर से देश की राजधानी की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाता।
  • सड़क व रेलवे कनेक्टिविटी के साथ अब सहारनपुर एयर कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार हो रहा, सरसांवा में सिविल टर्मिनल का निर्माण हो रहा।
  • मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का प्रथम चरण पूर्ण, द्वितीय चरण के अन्तर्गत आज कुछ कार्यक्रमों की आधारशिला रखी जा रही।
  • सहारनपुर में शुद्ध पेयजल तथा एस0टी0पी0 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गयी।
  • यहां के कारीगरों व हस्तशिल्पियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी वुड कार्विंग की परम्परा को जीवित रखा, यहां से 600 करोड़ रु0 से अधिक मूल्य के वुड कार्विंग उत्पाद निर्यात किये जाते।
  • माँ शाकुम्भरी के भव्य कॉरिडोर का निर्माण हो रहा, आने वाले समय में किसी भी मौसम में यहां का यातायात बाधित नहीं होगा।
  • प्रदेश सरकार वहां एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण करने जा रही प्रदेश सरकार युवाओं के रोजगार, आधी आबादी की सुरक्षा और उनके स्वावलम्बन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही।


सहारनपुर। आज जनपद सहारनपुर में सहारनपुर नगर एवं सहारनपुर देहात विधान सभा क्षेत्रों की 613 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 32 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 07 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 03 परियोजनाआें का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, टूलकिट आदि प्रदान किए। मुख्यमंत्री जी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाये गये विभिन्न उत्पादों के स्टॉलों तथा राजस्व विभाग द्वारा लगाये गये रोवर का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद सहारनपुर के विकास कार्यां पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।

उत्तर प्रदेश ने विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किये हैं। डबल इंजन सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानती है, इसे ध्यान में रखकर अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक जरूरतमन्द को बिना भेदभाव के निःशुल्क राशन, रसोई गैस कनेक्शन, 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर, पेंशन, आवास, शौचालय आदि सुविधाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में अपना अमूल्य योगदान दे रहा है।


मुख्यमंत्री ने 01 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक धारा-24 के अन्तर्गत रोवर द्वारा पैमाइश अभियान का शुभारम्भ भी किया। ज्ञातव्य है कि यह उत्तर प्रदेश सरकार की एक अभिनव पहल है। रोवर पैमाइश से भूमि की वास्तविक स्थिति का सटीक निर्धारण किया जा सकेगा। पारम्परिक विधियों की तुलना में रोवर के प्रयोग से कम समय में आधुनिक राजस्व अभिलेखों के अनुरूप पैमाइश, मानवीय त्रुटियों एवं विवादों की न्यूनतम सम्भावना, सीमा विवादों का त्वरित समाधान एवं अनावश्यक विवादों व मुकदमों में कमी आएगी।  


जनपद सहारनपुर माँ शाकुम्भरी तथा माँ त्रिपुर बाला सुन्दरी की पावन धरा है। जब कार्य करने का जज्बा होता है, तो विरासत और विकास का समन्वित परिणाम हमारे सामने आता है। आज विभिन्न विकास परियोजनाओं का उपहार सहारनपुर नगर व सहारनपुर देहात की जनता-जनार्दन को प्राप्त हो रहा है। यहां जिन योजनाआें का शिलान्यास तथा लोकार्पण किया जा रहा है, वह विकसित भारत की आधारशिला बनेंगी। आज यहां बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारम्भ किया गया है। जब छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे, तब उपलब्ध कराये गये स्कूल बैग उन्हें नये भारत की उड़ान के लिए सक्षम बनाएंगे, जिससे यह बच्चे भारत को विकसित भारत के रूप में परिवर्तित करने में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकेंगे।


विरासत की मजबूत नींव पर ही, सुदृढ़ विकास की आधारशिला को आगे बढ़ाया जा सकता है। यह विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लिए आवश्यक है कि हम विरासत और विकास में समन्वय बनायें। 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर जी की पावन जयन्ती पर प्रधानमंत्री जी दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करने सहारनपुर आये थे। 12 हजार करोड़ रुपये लागत का यह ग्रीन फील्ड कॉरिडोर सहारनपुर से देश की राजधानी की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाता है। इस कॉरिडोर के माध्यम से मात्र डेढ़ घण्टे में सहारनपुर से दिल्ली पहुंचा जा सकता है। विकास की यह रफ्तार इन्फ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, बल्कि अर्थव्यवस्था को भी उड़ान प्रदान कर रही है।

READ ALSO: मुख्यमंत्री ने सहारनपुर से ‘स्कूल चलोअभियान-2026’ का किया शुभारम्भ


जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी, उतनी ही विकास की रफ्तार तेज होगी। विकास की रफ्तार जितनी तेज होगी, अर्थव्यवस्था भी उतनी ही तेज गति से आगे बढ़ेगी। वर्ष 2017 के पश्चात दशकों से लम्बित परियोजनाओं को पूर्ण किया गया। सड़क व रेलवे कनेक्टिविटी के साथ अब सहारनपुर एयर कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार हो रहा है। सहारनपुर में स्वयं का एयरपोर्ट होगा। पहले यहां के लोगों को देश के अन्य हिस्सों में जाने के लिए देहरादून या दिल्ली जाना पड़ता था, अब फ्लाइट सहारनपुर से ही उड़ान भरेगी। यह उड़ान सहारनपुर के विकास की आधारशिला बनेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। मेडिकल कॉलेज के द्वितीय चरण के अन्तर्गत आज कुछ कार्यक्रमों की आधारशिला रखी जा रही है। सहारनपुर में शुद्ध पेयजल तथा एस0टी0पी0 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जा रही है। यहां के कारीगरों व हस्तशिल्पियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी वुड कार्विंग की परम्परा को जीवित रखा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना सहारनपुर को वैश्विक पहचान दे रही है। यहां से 600 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के वुड कार्विंग उत्पाद निर्यात किये जाते हैं। एक्सपोर्ट की ताकत ही हमारी वास्तविक ताकत है। जिस देश के यह ताकत जितनी अधिक होगी, वह देश उतना ही धनी होगा तथा विदेशी मुद्रा प्राप्ति की सामर्थ्य विकसित करेगा।


अब सहारनपुर में दंगा नहीं होता। यहां माँ शाकुम्भरी  के भव्य कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। विगत दिनों मैं यहां इसलिए आया था, क्योंकि उस दिन अचानक रात्रि को 10 बजे के बाद शिवालिक की पहाड़ियों में बरसात होने के कारण शाकुम्भरी देवी मन्दिर के समीप स्थित नाले में भारी जल-बहाव के कारण जन-धन की हानि की सम्भावना थी। समय पर अलर्ट जारी होने के परिणामस्वरूप जन-धन की हानि रोकने में सफलता प्राप्त हुई। आने वाले समय में सर्दी, गर्मी, बरसात सहित किसी भी मौसम में यहां का यातायात बाधित नहीं होगा, जिससे श्रद्धालु माँ के दरबार में बिना रुकावट पहुंच सकेंगे। प्रदेश सरकार वहां एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण करने जा रही है। इस सम्बन्ध में युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। वहां फैसिलिटेशन सेन्टर बन रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व यह सपना था।


प्रदेश में पहले से ही पैसे की कोई कमी नहीं थी। धनराशि कहां खर्च करनी है, पहले की सरकारों में इस सम्बन्ध में विजन का अभाव था। प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध धनराशि का उपयोग कर, सहारनपुर में स्मार्ट रोड, 04-लेन व 02-लेन कनेक्टिविटी, इकोनॉमिक कॉरिडोर, पुल आदि का निर्माण किया जा रहा है। वुड कार्विंग कारीगरों के जीवन का उन्नयन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय व स्पोर्ट्स कॉलेज बन रहे हैं। सरसांवा में सिविल टर्मिनल का निर्माण हो रहा है। यह दृष्टिकोण का अन्तर है। जिन लोगों में दृष्टि नहीं थी, उन लोगों ने विकास नहीं किया। जिनका दृष्टिकोण स्वार्थी था, वह अपने गांव तक सीमित थे।


प्रदेश की डबल इंजन सरकार 01 लाख 07 हजार गांवों, 57,000 ग्राम पंचायतों, 825 विकास खण्डों, 12,000 वार्डों तथा 762 नगर निकायों की चिन्ता करती है। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में समान रूप से विकास होता है। यहां के जनप्रतिनिधि विकास कार्यां में रुचि लेकर लगातार पैरवी करते हैं। यहां बस स्टेशन व स्मार्ट सड़कें बन रही हैं। इकोनॉमिक कॉरिडोर व सरसांवा का एयरपोर्ट बन रहा है। यही कार्य आपके जीवन में परिवर्तन लाएंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व व मार्गदर्शन में आज दिव्य व भव्य अयोध्या त्रेता युग का स्मरण करा रही है। यह वह सरकार है, जो विरासत का सम्मान करती है और विकास कार्यों को आगे बढ़ाती है। अयोध्या में वर्ष 2017 से पूर्व संकरी गलियां थी। आज चारों ओर से 04-लेन की कनेक्टिविटी है। रेलवे की मीटर गेज आज ब्रॉड गेज की डबल लाइन में बदल चुकी है। यहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इण्टरनेशनल एयरपोर्ट बन गया है। संत रविदास जी की जन्मभूमि काशी के सीरगोवर्धन में भव्य कॉरिडोर का निर्माण कर, उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है। 04-लेन की कनेक्टिविटी दी गयी है। पहले लोग महर्षि वाल्मीकि, सद्गुरु रविदास जी महाराज, बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर आदि के नाम पर किसी संस्था का नाम नहीं होने देते थे। उनसे सम्बन्धित स्थानों के बारे में कोई सुध नहीं लेता था। डबल इंजन सरकार पूरी मजबूती के साथ इन स्थानां के उन्नयन के लिए कार्य कर रही है।


प्रदेश सरकार युवाओं के रोजगार, आधी आबादी की सुरक्षा और उनके स्वावलम्बन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जब सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किये जाते हैं, तो उसमें सहारनपुर सहित प्रदेश के अनेक जनपदों के युवाओं के नाम होते हैं। प्रदेश सरकार यहां के नागरिकों के जीवन में निरन्तर परिवर्तन लाने का काम कर रही है। संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर है। वर्ष 2017 से पूर्व तथा उसके पश्चात के उत्तर प्रदेश में स्पष्ट अन्तर दिखायी दे रहा है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। यहां की कानून व्यवस्था पूरे देश में मिसाल बनी है।


लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि विगत 09 वर्षां में मुख्यमंत्री जी सहारनपुर की धराधाम पर 28वीं बार पधारे हैं। मुख्यमंत्री जनता के हितों के प्रति अत्यन्त संवेदनशील हैं। प्रदेश सरकार द्वारा अन्नदाता किसानों, युवाओं, महिलाओं, वृद्धजन आदि के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं चलायी जा रही हैं। सभी जरूरतमन्दों को कल्याणकारी योजनाओं का बिना भेदभाव के उपलब्ध कराया जा रहा है।इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, विधान परिषद सदस्य वन्दना वर्मा, विधायक मुकेश चौधरी, राजीव गुम्बर, श्री देवेन्द्र कुमार निम, किरत सिंह तथा महापौर सहारनपुर डॉ0 अजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button