एसएसटी के पांच कार्मिकों को तत्काल निर्वाचन कार्यों से हटाने के दिए निर्देश-मुख्य निर्वाचन अधिकारी

निर्वाचन आयोग ने वाराणसी में तैनात स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) के पांच कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निर्वाचन कार्यों से हटाने के दिए निर्देश ।

भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी में लिप्त होने के दोषी पांच कार्मिकों को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही करने के संबंधित विभागों को निर्देश ।

भारत निर्वाचन आयोग ने उ0प्र0 विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 के तहत वाराणसी में तैनात स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) के पांच कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निर्वाचन कार्यों से हटाने के साथ इन कार्मिकों को निलंबित करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए हैं। साथ ही पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 को निर्देश दिए गए हैं कि प्रदेश में फ्लाइंग स्क्वायड एवं स्टेटिक सर्विलांस टीमों को तत्काल सेन्सटाइज किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग उत्तर प्रदेश के बाल विकास परियोजना अधिकारी, बड़गांव, मुकेश सिंह कुशवाहा, पुलिस विभाग, उ0प्र0 के उप निरीक्षक विद्यार्थी सिंह, हेड कान्स्टेबल जटाशंकर पाण्डेय, कान्स्टेबल अमित सिंह यादव एवं संजय कुमार के विरुद्ध कार्यवाही के लिए आयोग ने निर्देशित किया है।


जनपद भदोही के निवासी वीर चौरसिया की शिकायत पर जनपद वाराणसी की थाना-जंसा में तैनात एसएसटी के कार्मिकों पर यह कार्यवाही की गयी है। शिकायत के अनुसार पेशे से व्यापारी वीर चौरसिया विगत 08 फरवरी, 2022 को अपने वाहन से भदोही-वाराणसी मार्ग से आठ लाख पचास हजार रुपये लेकर जनपद वाराणसी आ रहे थे, जिन्हें स्टेटिक सर्विलांस टीम, जंसा कतवारूपुर (नोरखरा), थाना-जंसा के पास रोककर एसएसटी के उक्त कार्मिकों ने उक्त व्यापारी के पास से प्राप्त आठ लाख पचास हजार रुपये में से चार लाख पचास हजार रुपये अपने पास बिना किसी लिखा-पढ़ी के रख लिया, जिसकी कोई रसीद व्यापारी को नहीं दी गई।प्रकरण में अपर जिला अधिकारी नगर, वाराणसी/प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता एवं अपर पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण की संयुक्त जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यवाही की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button