भाजपा की राजस्थान में पूर्ण बहुमत से बनेगी सरकार-भूपेंद्र यादव

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”इस समाचार को सुने”]

एस0 पी0 मित्तल

नरेंद्र मोदी को जवाहरलाल नेहरू के बराबर लाने के बजाए भाजपा का फोकस विकास पर है। वामपंथी हमेशा कांग्रेस के साथ रहे हैं, जबकि भाजपा की अपनी विचारधारा है। राजस्थान में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। वसुंधरा राजे पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। मैं भाजपा का मास्टर माइंड नहीं, भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता हूं।

आज तक के एक विशेष कार्यक्रम में चैनल के एडिटर राहुल कंवल के तीखे सवालों का केंद्रीय श्रम रोजगार और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सटीक जवाब दिए। सवाल था आप भाजपा की रणनीति बनाते हैं, जिससे चुनावों में भाजपा को सफलता मिलती है। आप भाजपा में मास्टरमाइंड की भूमिका में है। इस सवाल पर भूपेंद्र यादव का कहना रहा कि मेरे लिए मास्टर माइंड शब्द का उपयोग अनुचित हैं। मैं भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता हूं और राष्ट्रीय नेतृत्व जो जिम्मेदारी देता है उसे पूर्ण निष्ठा के साथ निभाता हूँ। राहुल कंवल का सवाल रहा कि 2024 में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बना कर भाजपा मोदी को जवाहरलाल नेहरू के बराबर खड़ा करना चाहती है।

नेहरू भी तीन चुनाव जीत कर 15 वर्ष तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। इस सवाल पर यादव ने कहा कि किसी की बराबरी से हमारा कोई सरोकार नहीं है, लेकिन भाजपा देश के विकास में भरोसा रखती है। हम ऐसी नीतियां बनाते हैं जिसका फायदा आम लोगों को मिलता है। विकास को आगे रखकर ही भाजपा ने गुजरात में लगातार 7वीं बार चुनाव जीता है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के तौर पर आम लोगों की भलाई का काम कर रहे हैं। जहां तक हिमाचल में भाजपा सरकार के रिपीट नहीं होने का सवाल है तो इससे पहले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा की सरकारें रिपीट हुई हैं।

हिमाचल में भाजपा की हार में यह भी समझना चाहिए कि एक प्रतिशत से भी कम मतों के अंतर से भाजपा हारी है। यह कहना उचित नहीं होगा कि हिमाचल में हार का एक कारण सरकारी कर्मचारियों की पेंशन व्यवस्था को बंद करना रहा। भाजपा का फोकस सामाजिक सुरक्षा के साथ साथ आर्थिक स्थिति पर भी रहता है। आज विश्व में भारत की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत है, जबकि पड़ोसी देशों के हालात देखे जा सकते हैं। एक सवाल के जवाब में यादव ने कहा कि वामपंथी हमेशा कांग्रेस के साथ रहे हैं। जबकि भाजपा की अपनी विचारधारा है। हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर के साथ साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी रखते हैं। भाजपा का उद्देश्य भारतीयता और विकास है।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने माना कि देश की राजधानी दिल्ली का वातावरण प्रदूषित है, लेकिन इस बार गत वर्ष के मुकाबले में प्रदूषण कम हुआ है। इसका कारण हरियाणा में पराली जलाने में 40 प्रतिशत की कमी हुई है। इसी प्रकार दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में दो एक्सप्रेस हाईवे के शुरू होने से भी प्रदूषण की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। यादव ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पराली को जलाने के बजाए केमिकल से खेत में नष्ट की पद्धति वाले विज्ञापनों पर 340 करोड़ रुपए खर्च कर दिए, लेकिन पंजाब में उन्हीं की पार्टी की सरकार ने इस पद्धति का उपयोग करने से इंकार कर दिया। केजरीवाल की रुचि दिल्ली का प्रदूषण कम करने के बजाए सिर्फ वाहवाही लूटने में हैं।

पूर्ण बहुमत से बनेगी सरकार:-


राजस्थान के संदर्भ में यादव ने कहा कि अशोक गहलोत के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। राजस्थान के लोगों में कांग्रेस सरकार के प्रति गुस्सा है। 2023 में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की भूमिका के बारे में पूछे गए सवाल पर यादव ने कहा कि वसुंधरा राजे भाजपा की सम्मानित नेता हैं और मौजूदा समय में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है। भाजपा संगठन आधारित राजनीतिक दल है। जिस कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी मिलती है, उसे वह निभाता है।

[/Responsivevoice]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button