UP में बदलाव की शुरुआत, भाजपा की विदाई तय:अखिलेश

भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र पर कर रही हमला, जनता देगी जवाब।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर संविधान विरोधी और गैरकानूनी कार्य करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों के साथ बदले की भावना से अन्याय और अत्याचार कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। सत्ता जाने के डर से भाजपा ने नाइंसाफी और क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच वाली झूठी और बेईमान पार्टी है। वह चोरी और बेईमानी के सहारे सत्ता में बने रहना चाहती है। भाजपा के नेता लगातार झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी विभागों और विभिन्न कार्यों में लूट मची हुई है, जिससे आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की शोषणकारी नीतियों से किसान, छात्र, नौजवान, व्यापारी और महिलाएं सभी प्रभावित हैं। जनता में भाजपा के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है और प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है।

अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के क्षेत्र में भी भाजपा को दोहरी हार का सामना करना पड़ा है। उत्तर प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा को उसके कार्यों का जवाब देगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय की स्थापना होगी और अन्याय के राज का अंत किया जाएगा। सभी वर्गों को न्याय और सम्मान मिलेगा। किसानों के हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जाएंगी और प्रदेश में जनहित को प्राथमिकता दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button