भाजपा लोकतंत्र नहीं मानती:अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी

भाजपा लोकतंत्र नहीं मानती है। एकतंत्र पर भरोसा करती है। वह संविधान नहीं मनविधान से चलती है। भाजपा कम्युनल एजेंडे के तहत कार्य करती है। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने देश की आर्थिक और विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है। जनता में भाजपा की पोल खुल गयी है। भाजपा और उसके नेता अपने आप हारने जा रहे हैं। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार कमजोर हुआ। इन्वेस्टमेंट और एफडीआई नहीं आ रहा है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेण्डर को लेकर स्थितियां खराब है। अच्छे दिन गायब है। अच्छे दिन का सिलेण्डर लापता हो गया है। भाजपा की सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो चुकी है।


अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है। सीमेंटेड है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी जी भाजपा का मुकाबला कर रही हैं। हम उनका समर्थन कर रहे है। भाजपा और उसकी सरकार ने ममता बनर्जी जी को बहुत परेशान किया। बहुत तकलीफ दिया। ईडी, सीबीआई इनकम टैक्स, केन्द्रीय बलों के जरिए परेशान किया। भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर अधिकारियों को हटवा दिया। 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव में क्या चुनाव आयोग ने कोई डीपीजी, चीफ सेक्रेटरी, डीएम, एसपी हटाया था। भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदारों को भी नहीं हटाया गया था।


अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग एसआईआर नहीं, एनआरसी करा रहा था। मुखौटा लगाकर एनआरसी करा रहे थे। यूपी में मुस्लिम भाइयों के साथ-साथ हिन्दू भाईयों के भी कागज चेक कर लिये। हमारे पास डाकूमेंटेड प्रूफ है, भाजपा के लोगों ने वोट कटवाने के लिए फर्जी हस्ताक्षर करके फार्म 7 भरवाएं। समाजवादी पार्टी ने शिकायत की, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। चुनाव आयोग और सरकार क्या कर रही है। उत्तर प्रदेश में उपचुनाव लूटे गये। वो तस्वीरें और वीडियो आज भी है।

चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की, भाजपा ने रामपुर उपचुनाव लूटा। अन्य जगहों पर उपचुनाव लूटा। मिल्कीपुर में शिक्षा विभाग के एक भ्रष्ट अधिकारी को भाजपा सरकार ने पीठासीन अधिकारियों को तैनात कराकर वोट डलवाने का टारगेट दिया था। श्री यादव ने कहा कि चुनाव आयोग का काम वोट बढवाना है, वोट कटवाना नहीं।


भाजपा ने यूपी की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। एनसीआरबी के आंकड़े से स्पष्ट है कि सबसे ज्यादा अपराध यूपी में हो रहे है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में खुलेआम, दिनदहाड़े हत्याएं हो रही है। गोरखपुर में एक हत्या पर भाजपा के राज्य सभा सदस्य ने कहा कि अपराधी नहीं पकड़े गये तो राज्यसभा में नंगा कर दूंगा। प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में कालेज में एक छात्र को दौड़ा-दौड़ा कर गोली मार दी गयी। मथुरा में एक संत की हत्या हो गयी। भाजपा सरकार में कानून -व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा ने पुलिस के सिस्टम को खराब कर दिया। समाजवादी पार्टी की सरकार में यूपी में हमने पुलिस को देश का सबसे अच्छा रिस्पांस सिस्टम डायल 100 दिया था। सबसे अच्छा पुलिस हेडक्वार्टर बनाया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 दिया था, इस सरकार ने उसे बर्बाद कर दिया।


भाजपा धर्म से राष्ट्रीयता की पहचान करती है। हमारे लिए हमारे देश में रहने वाले सब हमारेअपने हैं। इसीलिए हमने पीडीए के तहत पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, अगड़े आदिवासी, आधी आबादी सबको जोड़ा है। जो लोग पीड़ित दुःखी और अपमानित है, वे सब पीडीए के लोग है। हम उन सबको जोड़कर चलेंगे। भाजपा सरकार ने शंकराचार्य जी को अपमानित किया, परेशान किया, हम उनके साथ खड़े हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी देश की दिशा और राजनीति तय करता है। अगर प्रधानमंत्री गुजरात से बन जाते तो यूपी में चुनाव लड़ने नहीं आते। आज उत्तर प्रदेश के साथ भेदभाव हो रहा है इसलिए यूपी की लड़ाई मुख्य है। उत्तर प्रदेश विकास करेगा तो देश विकास करेगा। उन्होंने कहा कि जब देश में एक्सप्रेस-वे के मानक नहीं थे, उस समय यूपी ने सबसे कम समय में एक्सप्रेस-वे बना कर दिखाया। एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमान के लिए हवाई पट्टी बनायी गयी। उस पर सुखोई और मेराज जैसे फाइटर प्लेन उतारे गये।

पहला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनाया गया। वे साइड एमिनिटी बनायी गयी, आज उसी की नकल एनएचआई कर रहा है, लेकिन भारत सरकार ने अपने बजट से यूपी को एक्सप्रेस-वे नहीं दिया।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में सिर्फ नफरत फैलाई है। भाजपा के मुख्यमंत्री को समाजवादी सरकार में बनाये गये कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ मेट्रो, आगरा एक्सप्रेस-वे, आईटी सिटी, लोक भवन नहीं दिखाई दे रहा है।


एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में मोहम्मद आजम खां साहब का स्थान सबसे ऊपर है, उनका सम्मान सबसे ज्यादा है। समाजवादी पार्टी में जो लोग आये है, वे सब पार्टी को मजबूत करने के लिए आये हैं। अगर कोई नेता रामपुर में भी आया है तो वह समाजवादी पार्टी को मजबूत करेगा। मोहम्मद आजम खां साहब की मदद करेगा। 2027 में समाजवादी पार्टी जीतने जा रही है। समाजवादी पार्टी यूपी में सरकार बनायेगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जहां पाजिटिविटी है, वही प्रोगेस है। पॉजिटिविटी की कोई काट नहीं है।

संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण से लेकर नेताजी मुलायम सिंह यादव तक समाजवादी नेताओं ने आजादी के बाद कोशिश की कि देश समाजवादी सिद्धांतों पर चले, गैरबराबरी खत्म हो, किसानों को सम्मान का जीवन जीने का मौका मिले। हम उसी विचार को आगे बढ़ा रहे हैं। हम चाहते है कि भविष्य में नौजवानों को मौका मिले, नौकरी मिले। देश तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़े। लेकिन इधर हम देख रहे हैं कि जो लोग सरकार में है वे एआई कम समझते है, दूसरी चीजें ज्यादा समझते हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। शंकराचार्य पर झूठे आरोप लगाए गयें। हम लोग शंकराचार्य जी के आशीर्वाद से नकली संत को हटाने में कामयाब होंगे। यूपी में मादक पदार्थ वनस्पति का अवैध कारोबार बहुत बढ़ गया है। कई जिलों में बोरे में पकड़ा गया है। ओटीटी पर बहुत सीरियल बने हैं, इस बार गांजागंज भी बनने जा रहा है।


समाजवादी सरकार ने डिजिटल डिवाइड खत्म किया था। हर गांव में इन्टरनेट पहुंचाने के लिए कैबिनेट के फैसले से ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का निर्णय लिया। छात्र-छात्राओं को 20 लाख लैपटाप बांटकर पढ़ाई और आगे बढ़ने में मदद की। डॉ. राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हुए समाजवादी सरकार ने विकास के लिए काम किया। पीड़ा जितना ज्यादा बढ़ेगी बहुजन समाज एकजुट होगा। जहां पीड़ा है, लोग दुःखी है, अपमानित है वे सब पीडीए है। हम पीडीए के साथ खड़े हैं।


एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि जब प्रोस्पेरिटी नहीं लाएंगे तो देश को कैसे खुशहाल बनाएंगे। लेकिन हम आउट ऑफ वे जाकर किसी उद्योगपति को सपोर्ट नहीं करेंगे। सभी के साथ एक व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जाम लगा है। पेट्रोल पम्प के बाहर लाइन लगी हैं और सरकार पुलिस को धुरंधर फिल्म दिखा रही हैं, पुलिस का काम है ट्रैफिक रोकना, कानून व्यवस्था ठीक रखना।


अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आधी आबादी के साथ है। डॉ. राममनोहर लोहिया, नेताजी और हम सब चाहते है कि महिलाओं को सम्मान मिले। आरक्षण मिले, महिलाएं समृद्ध हो। पीडीए के साथ पीडीए जुड़ेगा। हम लोग यूपी में ऐतिहासिक रूप से चुनाव जीतेंगे। प्रधानमंत्री जी अपने आप हारने जा रहे है। भाजपा की रैलियों में जनता नहीं आ रही है। सरकारी कर्मचारियों को लाया जाता है। हम चाहते हैं जिन किसानों की जमीन लेकर जेवर एयरपोर्ट बनाया गया है उन्हें सबसे पहले आगे बैठाया जाय। यह प्रोजेक्ट कोई नया नहीं है।

समाजवादी पार्टी ने एयरपोर्ट बनाने के लिए फाइल भेजी थी। हमने तीन जगह एयरपोर्ट बनाने के लिए प्रस्ताव किया था। फिरोजाबाद-आगरा के पास हिरनगांव, दूसरा सैफई, तीसरा जेवर में। भारत सरकार ने हिरण गांव और सैफई में एयरपोर्ट के लिए एनओसी नहीं दी। अधिकारियों ने कहा कि बहुत सारे बिल्डर और ठेकेदार और भारत सरकार चाहती है जेवर में एयरपोर्ट बन जाय। हमने कहा कि जब इतने लोगों की इच्छा है तो जेवर में बन जाए। समाजवादी पार्टी हमेशा विकास के पक्ष में रही है। जब-जब तरक्की विकास की बात आयी समाजवादी पार्टी की सरकार हमेशा साथ खड़ी रही।

Related Articles

Back to top button