प्रारम्भिक शिक्षा एवं टीचर एजूकेशन के लिये 11,411 करोड़ के प्रस्ताव पर अनुमोदन

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित। बैठक में वर्ष 2022-23 हेतु प्रारम्भिक शिक्षा एवं टीचर एजूकेशन के लिये 11,411 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर अनुमोदन।  



लखनऊ। प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आज लोक भवन में समग्र शिक्षा कार्यकारी समिति की आयोजित बैठक में समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना बजट वर्ष 2022-23 हेतु प्रारम्भिक शिक्षा एवं टीचर एजूकेशन के लिये 11,411 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर अनुमोदन प्रदान किया गया। अनुमोदित बजट से नये प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निर्माण तथा पुराने विद्यालयों की मरम्मत व उनमें अतिरिक्त क्लास रूम, ट्वायलेट्स, शुद्ध पेयजल, फर्नीचर आदि का कार्य कराया जायेगी। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में कम्प्यूटर लैब तथा सोलर पैनल स्थापित कराये जायेंगे। साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेज भी शुरु कराई जायेंगी।मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान निर्देश दिये कि सभी प्राथमिक विद्यालयों में छात्र एवं छात्राओं के लिये पृथक-पृथक शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिये। जिन विद्यालयों में बालक एवं बालिकाओं के लिये शौचालय की व्यवस्था नहीं हैं, वहां यथाशीघ्र शौचालय का निर्माण कराया जाये। इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करायें।  इससे पूर्व बैठक में बताया गया कि वर्ष 2020-21 में स्वीकृत अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के सापेक्ष 1104 कक्षा-कक्षों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 40 कक्षा-कक्ष निर्माणाधीन है। समग्र शिक्षा अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 हेतु जनपदों से प्राप्त प्रमाण-पत्रों के आधार पर 3903 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का प्रस्ताव वार्षिक कार्ययोजना में शामिल किया गया है। वर्ष 2020-21 में स्वीकृत 26,621 उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा जनपद वाराणसी के विकास खण्ड के सेवापुरी के 108 प्राथमिक विद्यालयों कुल 26729 विद्यालयों में फर्नीचर आपूर्ति के सापेक्ष 12845 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर आपूर्ति पूर्ण हो चुकी है तथा 8620 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर आपूर्ति की प्रक्रिया गतिमान है। अवशेष उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण फर्नीचर आपूर्ति प्रक्रिया बाधित रही है। इस पर मुख्य सचिव ने कहा कि अवशेष विद्यालयों में फर्नीचर क्रय की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करायी जाये। बैठक में अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा श्रीमती आराधना शुक्ला, प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।  

मुख्य सचिव ने आकांक्षा समिति द्वारा सचिवालय में स्थापित किये गये मसाला मठरी विक्रय केन्द्र का किया शुभारम्भ –

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने आकांक्षा समिति द्वारा सचिवालय में स्थापित किये गये मसाला मठरी विक्रय केन्द्र का आज शुभारम्भ किया। उन्होंने विक्रय केन्द्र के सभी सदस्य को शुभकामनाएं भी दीं।मुख्य सचिव ने मसाला-मठरी केन्द्र द्वारा तैयार किए जाने वाले खाद्य पदार्थों में अपनाई जाने वाली गुणवत्ता, शुद्धता एवं स्वच्छता की तारीफ की तथा कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य सचिव ने मसाला मठरी विक्रय केन्द्र का शुभारभ करने के पश्चात् खरीददारी भी की। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों एवं महिलाओं को स्वावलम्बी, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है।इस सुअवसर पर आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा मीरा मिश्रा,सदस्या ऊषा शर्मा, डॉ0 तूलिका चन्द्रा, मधु गुप्ता, प्रियंका एवं श्वेता सहित आदि सदस्यागण उपस्थित थीं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button