राजेन्द्र चौधरी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी ने जेपी (जय प्रकाश) नारायण को बेंच दिया। भाजपा लोकनायक जय प्रकाश नारायण के काम, सोशलिस्ट मूवमेंट और उनके नाम पर बनी बिल्डिंग के लिए खलनायक है। भाजपा और उनके सुरंगी, अनरजिस्टर्ड, अंडरग्राउंड लोगों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से चिढ़ है। भाजपा की दिल्ली का बड़ा इंजन बड़ी चीजें बेंच रहा है और लखनऊ का छोटा इंजन यूपी की छोटी चीजें बेंच रहा है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं दुकान है। इसने समाजवादी सरकार में बनाए गए जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल केन्द्र को घोटाला करके बेच दिया है। इसमे कई सौ करोड़ का पेमेन्ट किया गया है। समय आने पर पूरे प्रकरण की जांच होगी और जिन अधिकारियों ने जेपीएनआईसी बेचने में बड़ा घोटाला किया है, उनकी भी पूरी जांच होगी।
राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में समाजवादी नेता लोकनायक जय प्रकाश नारायण के नाम पर समाजवादी पार्टी की सरकार में बनायी गयी जेपीएनआईसी बिल्डिंग के निजी हाथों में बेचने पर अखिलेश यादव ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कारोबारियों से मिली हुई है। सरकारी संपत्तियों को बेच रही है। भाजपा गरीबों की जेब से पैसा छीनकर अमीरों की तिजोरियां भर रही हैं।
भाजपा सरकार ने पहले समाजवादी सरकार में बनाए गए किसान बाजार, शाने-अवध, और जनेश्वर मिश्र पार्क के कुछ हिस्से को अपने करीबियों को बेचा। अब जेपीएनआईसी बिल्डिंग भी बेच दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में जब जेपीएनआईसी का शिलान्यास हुआ था तब नेताजी के साथ ही जार्ज फर्नांडीज, मोहन सिंह, बृजभूषण तिवारी समेत कई समाजवादी नेता मौजूद थे। समाजवादी नेताओं ने जो सपना देखा था उसी के अनुरूप जेपीएनआईसी बनाया गया। जय प्रकाश नारायण जी ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया, युवाओं को जगाने का काम किया। उनकी संपूर्ण क्रांति ने देश की राजनीति में बदलाव लाने का काम किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जय प्रकाश जी के नाम पर जेपीएनआईसी सिग्नेचर बिल्डिंग बनायी गयी। 18 से 20 एकड़ में बनायी गयी इस बिल्डिंग के माध्यम से कोशिश की गयी कि जनता को सुविधा मिले। इसमें बड़ी संख्या में कमरे हैं, आल वेदर हीटेड स्वीमिंग पूल था, आडीटोरियम, दो हजार की क्षमता से बड़ा कन्वेंशन सेंटर, बड़ा हॉल, बैटमिंटन, टेनिस, स्क्वैश कोर्ट, जिम, रेस्टोरेंट था। बिल्डिंग पर हेलीपैड था साथ में बड़ी जगह में सुरक्षित पार्किंग थी। आज बाजार भाव के हिसाब से जेपीएनआईसी और उसके पूरे एरिया की कीमत 6 हजार करोड़ से ज्यादा की होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जेपीएनआईसी को जितने में बेचा है उतना पैसा तो तीस साल उसकी पार्किंग से आ जाएगा। अगर हिसाब लगाया जाय तो तीस साल में 867 करोड़ रुपया सिर्फ पार्किंग से आ जाएगा। इस सरकार ने जेपीएनआईसी 831 करोड़, शाने-अवध 428 करोड़ में बेचा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस की टोल वसूली निजी हाथों में दे दी। एक्सप्रेस वे की री कारपेटिंग में भ्रष्टाचार किया।
भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार को बदनाम करने के लिए जेपीएनआईसी में भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाए। अगर भ्रष्टाचार था तो सरकार दस साल तक क्या जांच करती रही। भाजपा अपने लोगों को बेचने के लिए आरोप लगाती रही। इस सरकार ने समाजवादी सरकार में बने किसान बाजार को बेच दिया। उसमें अपने स्वजातीय का होटल खुलवा दिया। शहीद पथ पर स्थित प्लासियो मॉल समाजवादी सरकार में बना था। ऐसी बिल्डिंग और बाजार देश में कहीं नहीं है। इस सरकार ने उसे भी बेंच दिया। इसे जब बेचा गया था तब उस समय उपमुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पत्र लिखा था। अगर शाने-अवध प्लासियो मॉल को बेचने में भ्रष्टाचार हो सकता है तो जो जेपीएनआईसी दो फाइव स्टार होटलों के बीच है उसमें कितना भ्रष्टाचार हुआ होगा, इसकी कल्पना की जा सकती है।
भाजपा ने अपने गठन के समय पर जय प्रकाश नारायण जी के नाम का प्रयोग किया था, क्या कारण है कि उनके नाम पर बनी बिल्डिंग को निजी हाथों में बेंच दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास अपना कोई नेता नहीं था, वह गठन के समय दिखाना चाहते थे कि समाजवादी विचारधारा पर चलेगें। इसीलिए गठन के दिन मंच पर जय प्रकाश नारायण की तस्वीर लगायी। श्री यादव ने कहा कि मै उस विषय पर नहीं जाना चाहता कि अधिवेशन के लिए सबसे ज्यादा चंदा किसने दिया। जो लोग पी से पाकिस्तान की बात करते हैं उन्हें जानना चाहिए कि भाजपा के गठन के समय चंदा देने वाले के तार वहां से जुड़े थे।
भाजपा सरकार चाहती तो जेपीएनआईसी का अधूरा काम पूरा होकर जनता के काम आ रही होती लेकिन इस सरकार ने दस साल में भी काम पूरा नहीं होने दिया। जेपीएनआईसी बनाने वाले मुख्य ठेकेदार समेत अन्य काम करने वाले ठेकेदारो को काम पूरा होने की जांच किए बिना पूरा पेमेंट कर दिया गया। ठेकेदारों को पेमेंट करके लिखवा लिया कि वे कोर्ट नहीं जाएंगे। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर जगह भ्रष्टाचार और लूट चल रही है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे जगह-जगह टूट गयी, गड्ढे हो गए। गंगा-एक्सप्रेस वे जगह-जगह टूट गया। बुन्देलखंड एक्सप्रेस वे उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री के जाते ही टूट गया। यह सब भाजपा का जेब भरने वाला मॉडल है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में बनाया गया आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का मॉडल आज भी सबसे अच्छा है। सड़क वैसे की वैसे है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में हत्या, लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। पंजाब और हरियाणा में जिस तरह हत्याएं होती थी वह अब यूपी में भी होने लगी। भाजपा सरकार मे अपराध चरम पर है। गरीबों के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। किसी की कोई सुनवाई नहीं है। श्री यादव ने नेपाल में आयी बाढ़ में बड़े पैमाने पर लोगों की जान जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकारों को ऐसी आपदा के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए।



