चौरी-चौरा को CM योगी की बड़ी सौगात, 287 करोड़ की लागत से 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, 1 नवंबर को गोरखपुर के चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में 287 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें चौरी-चौरा-भोपा बाजार-मुंडेरा बाजार-सोनबरसा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या-147बी पर निर्मित रेल उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) भी शामिल है। कुल परियोजनाओं में 45 का लोकार्पण और 39 का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी, व्यापार, रोजगार और नागरिक सुविधाओं को नई गति प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, प्रशस्ति पत्र, बीज किट और आवास की प्रतीकात्मक चाबियां भी वितरित की गईं।
क्रांतिकारियों के सम्मान में रखा जाए ओवरब्रिज का नाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौरी-चौरा की धरती का भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान रहा है। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, शहीद बंधू सिंह, राजा हरि प्रसाद मल्ल और अन्य वीर क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर पहले घंटों जाम की स्थिति बनी रहती थी। देवरिया जाने वाले लोगों को भी रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। फ्लाईओवर बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि इस ओवरब्रिज को क्रांतिकारियों के सम्मान में ‘क्रांतिकारी ओवरब्रिज’ अथवा ‘शहीद स्मारक ओवरब्रिज’ के नाम से जाना जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस ऐतिहासिक धरती के बलिदानियों को याद रख सकें।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगा नया पैकेज
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि साइक्लोन के कारण हुई बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। सरकार किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सभी जिला प्रशासनों को प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण कराने और किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसानों के लिए एक नया पैकेज लेकर आएगी, जिससे फसलों को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।
चौरी-चौरा नगर पंचायत में बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि यहां कार्यालय भवन के निर्माण के लिए पहले भूमि की व्यवस्था की जाए, इसके बाद सरकार निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से कवर करने, स्वच्छता, सुरक्षा और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था विकसित करने की बात कही। साथ ही जन्म-मृत्यु, आय और निवास प्रमाणपत्र जैसी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने तथा युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की पहल का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी इच्छाशक्ति के साथ योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं।
व्यापारियों की सुरक्षा और रोजगार पर दिया जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यापारी केवल व्यवसायी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। व्यापार चलता है तो रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और बाजार की आर्थिक गतिविधियां मजबूत होती हैं। सरकार व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा में विकास, रोजगार और किसानों के चेहरों पर खुशहाली का परिवर्तन दिखाई दे रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
चौरी-चौरा के बलिदानियों के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने 4 फरवरी 1922 की ऐतिहासिक चौरी-चौरा घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी शासन ने इस घटना के बाद 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों की पैरवी की और 151 क्रांतिकारियों को फांसी से बचाने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों ने जाति और परिवार से ऊपर उठकर देश की स्वतंत्रता को अपना लक्ष्य बनाया था। ऐसे बलिदानियों की स्मृतियों और सम्मान को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने मां तरकुलहा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की बात भी कही।
गरीब कल्याण और प्रदेश के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 140 करोड़ देशवासियों के आत्मविश्वास के साथ वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए आवास, शौचालय, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और जनधन योजना को आमजन के जीवन में बदलाव का माध्यम बताया।उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले दस वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन जैसी योजनाओं से विकास को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में खाद कारखाने के दोबारा संचालन, पिपराइच में नई चीनी मिल, एम्स और चार लेन सड़कों की कनेक्टिविटी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति, संस्कृति और विकास की धरती के रूप में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम को केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान और प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने भी संबोधित किया। विधायक इंजीनियर सरवन कुमार निषाद ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर सांसद संगीता यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



