अखिलेश यादव के नेतृत्व एवं समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए मुरादाबाद से भाजपा के पूर्व विधायक राजीव चन्ना, मनमोहन सिंह सैनी, कटरा बाजार के ब्लाक प्रमुख भवानी भीख शुक्ला, पूर्व केन्द्रीय मंत्री बीपी मौर्या के पुत्र अक्षय मौर्य, कुण्डा के भाजपा नेता योगेन्द्र नाथ मिश्रा बाबागंज से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी, केशव पासी, मेरठ से बसपा के पूर्व विधायक विनय कुरानी, खुर्जा से बसपा के पूर्व विधायक चन्द्रपाल सिंह, सेवता विधानसभा से बसपा के पूर्व प्रत्याशी आशीष प्रताप सिंह, बुलन्दशहर से बसपा के नेता नरेन्द्र प्रताप सिंह, लक्ष्मण सैनी, बुलन्दशहर से बसपा के जिला पंचायत सदस्य अंकित गौतम, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मेरठ योगेन्द्र जाटव, मेरठ मंडल के बसपा के पूर्व कोआर्डिनेटर सुरेन्द्र कुमार सैनी, सेवा निवृत्त पीपीएस महेन्द्र कुमार उनकी पत्नी कमलेश निरंजन, पूर्व आईपीएस आदित्य प्रकाश वर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग आज समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।
कटरा बाजार गोण्डा के पांचवी बार बने ब्लाक प्रमुख भवानी भीख शुक्ल अपने पांच पुत्रों भगवान शुक्ल, श्रीकृष्ण भगवान शुक्ल, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ल, शंकर भगवान शुक्ल समेत बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और पीडीए परिवार लगातार बड़ा हो रहा है। भाजपा सरकार में पीड़ा, दु़ःख और अपमान लगातार बढ़ रहा है। पीड़ा जितना ज्यादा बढ़ेगा पीडीए उतना एकजुट होगा। हम आये हुए सभी नेताओं का आभार प्रकट करते हैं कि इस लड़ाई में समाजवादी पार्टी के साथ आये हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग पीडीए को रोकने की कोशिश कर रहे है। वे कभी रोक नहीं पाएंगे।



