
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से आज यूपी पीएससी अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के सम्बंध में एक ज्ञापन सौंपा। श्री यादव ने इस पर अपना समर्थन दिया और आश्वासन दिया कि 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में अभ्यर्थियों के समक्ष प्रमुख समस्याएं हैं परीक्षा कैलेंडर एवं परिणामों में विलम्ब। प्रत्येक वर्ष प्रारम्भिक परीक्षा के प्रश्न पत्रों में 10-12 प्रश्नों की गलती का होना। मुख्य परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा के अलावा अन्य परीक्षाएं जैसे लोअर पी०सी०एस० आदि परीक्षा की परिणाम समय पर न आना।अभ्यर्थियों ने अपनी मांग रखी है कि एक वर्ष एक परीक्षा की समयबद्ध व्यवस्था लागू हो। प्रश्नपत्र बनाने की प्रक्रिया में सुधार हो। प्रारम्भिक और मुख्य परीक्षा के अंक पत्र के साथ प्रारम्भिक परीक्षा की उत्तर कुंजी और फाइनल आंसर की जारी की जाए और मुख्य परीक्षा के मॉडल उत्तर और अभ्यर्थियों की कापी स्टूडेंट पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाए। मुख्य परीक्षा की कापी और नम्बर फाइनल रिजल्ट के एक माह के अन्दर जारी किया जाए।
प्रत्येक प्रारम्भिक परीक्षा पास किये हुए अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिये एक लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाए। साथ ही पुरानी योजना बेरोजगारी भत्ता के तर्ज पर प्रोत्साहन भत्ता के तहत 5 हजार रुपये आगामी 3 वर्ष तक दिया जाए। प्रत्येक साक्षात्कार दिये हुए अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश निकाय और भारत सरकार के संस्थानों में नियुक्ति के लिए उनकी योग्यता को ध्यान में रखकर वरियता दी जाये। साथ ही इच्छुक अभ्यर्थियो को अपना उद्यम और व्यापार करने के लिये ब्याज रहित धन उपलब्ध कराया जाय। प्रतिनिधिमंडल में मुकेश यादव, नीतीश कुमार सिंह, पीयूष वर्मा, दुर्गेश यादव, अखिलेश, माधव सिंह, राघवेन्द्र सिंह, विशाल सिंह, विकास यादव, वीरेन्द्र सिंह आदि शामिल थे।
























