UP-सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा

UP-सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा

आजमगढ़। नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में अपने गठबंधन के साथियों के साथ सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी ने बड़े अंतर से जीता है। भारतीय जनता पार्टी अभी तक मैनपुरी चुनाव के हार का आंकलन नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को मैनपुरी में करारी हार इसलिए मिली क्योंकि उसके पास महंगाई, बेरोजगारी और किसान की आय दोगुनी करने के वादे पर कोई जवाब नहीं दे पा रही है। आज आजमगढ़ में मीडिया से वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने हर चीज की महंगाई कर दी है। दूध महंगा हो गया। परिवहन महंगा हो गया। गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ा दिये है। बिजली महंगी होने जा रही है। सरकार बताये कि इन सबका मुनाफा कहां जा रहा है।


भाजपा वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाने का सपना दिखा रही है लेकिन यह नहीं बता रही है कि उसके लिए जीडीपी की विकास दर कितनी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश हर पैरामीटर में पिछड़ गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार माफियाओं को मिट्टी में मिलाने की बात करती है लेकिन यह बताए कि टॉप टेन और टॉप 100 अपराधियों की सूची क्यों नहीं जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। नोटबंदी फेल हो चुकी है। भाजपा के तमाम नेता भ्रष्टाचार में लिप्त है और कई जगह नोटों के साथ पकड़े जा रहे हैं।

READ MORE-अब UP के हर जिले जाएंगी बसें


भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है। उसने नौकरी और रोजगार नहीं दिया। नौजवान 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी नहीं तो बीजेपी अग्निवीर जैसी आधी अधूरी नौकरी देगी। निजीकरण करेगी और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि हमारा नौजवान वर्दी पहन कर देश की सेवा करना चाहता है। आधी अधूरी नौकरी नहीं चाहता है। नौजवानों को एक होकर देश और समाज को बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को हटाना होगा।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास ठप्प है। लोकनिर्माण, स्वास्थ्य और बिजली जैसे महत्वपूर्ण विभागों में सरकार बजट ही खर्च नहीं कर पा रही है। लोकनिर्माण विभाग न सड़क बना पा रहा है और न सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त कर पा रहा है। इसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर और अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ की भारी कमी है। भाजपा सरकार स्वास्थ्य विभाग को बजट ही नहीं दिया है। अस्पतालों में टेस्ट नहीं हो पा रहे है। दवाईयां नहीं है। डॉक्टर नहीं है।


समाजवादी सरकार में जो मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे थे वो भी आधे अधूरे हैं। सरकार ने पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार जनता को धोखा दे रही है। छुट्टा जानवर से किसान परेशान है। जानवर सड़कों पर घूम रहे हैं। जिसके चलते पूरे प्रदेश में तमाम दुर्घटनाएं हो रही है जिससे लोगों की जाने जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास जनता की समस्या और सवालों का कोई जवाब नहीं है। भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए नये-नये हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पुलिस व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। पुलिस का व्यवहार बदल गया है। देश में सबसे ज्यादा हिरासत में मौतें उत्तर प्रदेश में हो रही है। उन्होंने कहा कि देश कानून और संविधान से चलना चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार न कानून मान रही है और न संविधान को मानती है। UP-सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा

Related Articles

Back to top button