मैनपुरी का चुनाव नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि और सम्मान देनें का चुनाव

मैनपुरी। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने आज व्यापक जनसम्पर्क के दौरान मतदाताओं को सम्बोधित करते कहा कि यह चुनाव नेताजी का चुनाव है। 5 दिसम्बर 2022 को ईवीएम में समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह साइकिल वाले बटन को दबाकर नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि और सम्मान देना है। समाजवादी युवा एवं नेता चार और पांच दिसम्बर को अपने घरों में न सोएं। चुपचाप जाकर वोट डालें। छह दिसम्बर को प्रशासन यहां से गायब हो जाएगा। डिम्पल यादव आज कैरावली, कुचेला, रठेरा, डबरा, नगला मनू, कांकन, डाडी, लहरा एमनीपुर (नगला नया), नगला जंगी में मतदाताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नेताजी आपके सभी के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी के आदर्शों और विचारों पर चलकर मैनपुरी के विकास को आगे बढ़ाएंगे।


डिम्पल यादव ने कहा कि मैनपुरी नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने इस क्षेत्र में बहुत काम किया है। नेताजी को यहां के लोगों ने हमेशा सम्मान दिया है। मैनपुरी के नौजवान, बुजुर्ग तथा महिलाएं नेताजी को कभी नहीं भूलेंगे। डिम्पल यादव ने कहा कि भाजपा के दबाव में मैनपुरी जिला प्रशासन समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें दर्जकर उन्हें जेल भेजकर उनका उत्पीड़न कर रहा है। सरकार के अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने मैनपुरी में कोई काम नहीं किया है। भाजपा सरकार जनविरोधी है। महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। जनता को भटकाने के लिए सरकार और भाजपा झूठे वादे कर रही है। जनता भाजपा को भली भांति जानती है। भाजपाई चुनाव के बाद दिखाई नहीं देंगे। डिम्पल यादव ने कहा कि नेताजी ने कभी भेदभाव की राजनीति नहीं की। उन्होंने सबको साथ लेकर मैनपुरी का विकास किया। मैनपुरी का विकास नेताजी की देन है। मैनपुरी समाजवादियों का घर है। मैनपुरी के मतदाताओं को भाजपा भटका नहीं सकती। मैनपुरी के मतदाताओं ने भारी मतो से विजयी बनाने का मन बना लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button