डायबिटीज का खतरा कम करने के लिए वजन में मामूली कमी भी बड़ा बदलाव ला सकती है। शोध के अनुसार, शरीर का सिर्फ 5 प्रतिशत वजन घटाने से डायबिटीज का खतरा 58 प्रतिशत तक कम हो सकता है। समय रहते खानपान में सुधार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर टाइप-2 डायबिटीज की शुरुआत को रोका जा सकता है या उसकी प्रगति को धीमा किया जा सकता है। यानी सही समय पर उठाया गया छोटा कदम भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव का बड़ा आधार बन सकता है।
राकेश यादव
लखनऊ। डायबिटीज को लेकर अब साफ संदेश है – बीमारी का जल्द पता चल जाए, जीवनशैली सुधर जाए और दवाओं पर निर्भरता कम हो, तो डायबिटीज को रिवर्स किया जा सकता है। आरएसएसडीआई (यूपी चैप्टर) के सचिव डॉ. अजय तिवारी, एमडी, एफआरसीपी ने बताया कि यही इस साल के विश्व मधुमेह दिवस की थीम है – अर्ली एक्शन, यानी जल्द कदम उठाना।
डॉ. तिवारी ने कहा कि जब तक डायबिटीज का पता चलता है, तब तक ज्यादातर जटिलताएं यानी कॉम्प्लिकेशन्स शुरू हो चुकी होती हैं। इसलिए हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग जरूरी है, ताकि बीमारी को शुरुआत में ही पकड़ा जा सके। आरएसएसडीआई के सचिव डॉ. अजय तिवारी के हवाले से बताया गया कि डायबिटीज रोकथाम कार्यक्रम के अध्ययन में सामने आया है कि सिर्फ 5% वजन कम करके डायबिटीज होने की 58% संभावना को नियंत्रित किया जा सकता है।

डॉ. अजय तिवारी, सचिव आरएसएसडीआई (यूपी चैप्टर) ने बताया कि भारत में इस समय करीब 10.6 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि इससे दोगुने लोग प्री-डायबिटिक हैं। लैंसेट जर्नल में प्रकाशित आईसीएमआर के अध्ययन के हवाले से उन्होंने बताया कि देश में 15.3% आबादी यानी 136 मिलियन लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं। राष्ट्रीय औसत के हिसाब से 11.4% लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं। डॉ. तिवारी ने सबसे ज्यादा चिंता उत्तर प्रदेश को लेकर जताई। उन्होंने बताया कि यहां डायबिटीज का प्रसार 4.8% है, जो देश में सबसे कम है, लेकिन प्री-डायबिटीज 18% है, जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है। यानी यूपी में डायबिटीज के हर एक मरीज के मुकाबले लगभग चार लोग प्री-डायबिटीज हैं। ये लोग जल्द ही डायबिटीज के मरीज बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में यह अनुपात 1:1, महाराष्ट्र में 1:1.2, हरियाणा में 1:1.5 और यूपी में 1:3.8 है। दुनिया में डायबिटीज का हर छठा मरीज भारत से है।
डॉ. तिवारी ने बताया कि गोवा में सबसे ज्यादा 26.4%, पुदुचेरी में 26.3% और केरल में 25.5% लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं। अध्ययन में चेतावनी दी गई है कि यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में जहां अभी मामले कम हैं, वहां आने वाले समय में भारी उछाल आ सकता है। डॉ. अजय तिवारी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मधुमेह के इलाज के तरीके बदल गए हैं, और यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि यह जानकारी हर उस डॉक्टर तक पहुंचे जो मरीजों का इलाज करते हैं। उन्होंने लोगों से मधुमेह के बारे में जागरूकता फैलाने के वैश्विक अभियान से जुड़ने की अपील की। 14 नवंबर को विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर आरएसएसडीआई यानी रिसर्च सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया के यूपी चैप्टर ने लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा स्थित ऐतिहासिक रूमी गेट पर रूमी गेट की नीली रोशनी यानी ब्लू इल्यूमिनेशन कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर डॉक्टरों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जागरूकता के लिए रूमी गेट को नीली रोशनी से सजाया गया था। यह कार्यक्रम इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन द्वारा मान्यता प्राप्त है।



