यीडा क्षेत्र में ₹1,200 करोड़ से बनेगा CNH इंडस्ट्रियल का ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट

  • मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सी0एन0एच0 इण्डस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया।
  • उ0प्र0 देश का प्रमुख निवेश गन्तव्य बना, विगत साढ़े नौ वर्षों में यहां उद्योगों, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए।
  • यीडा क्षेत्र में ₹1,200 करोड़ से बनेगा CNH इंडस्ट्रियल का ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार।
  • 1,200 करोड़ रु0 से अधिक के निवेश से लगभग 100 एकड़ भूमि पर यह मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट स्थापित होगा, ’इस परियोजना से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
  • प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उ0प्र0 उपद्रव प्रदेश से आज उत्सव प्रदेश बन चुका,सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा।
  • यह परियोजना प्रदेश में फार्म मैकेनाइजेशन एवं आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग को नई गति देने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसरों का सृजन करेगी।
  • इस महत्वपूर्ण निवेश से स्थानीय उद्योगों, सप्लायर नेटवर्क और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
  • डबल इंजन सरकार ने उ0प्र0 को इन्फ्रास्ट्रक्चर, इन्वेस्टमेण्ट, इण्डस्ट्री और एम्प्लॉयमेण्ट के ग्रोथ हब के रूप में स्थापित किया।
  • प्रदेश ने इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रिफॉर्म और मजबूत सेक्टर स्पेसिफिक पॉलिसी फ्रेमवर्क के माध्यम से निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया।
  • एफ0डी0आई0, फॉर्च्यून-500 कम्पनियों सहित निवेश के प्रमुख एवं उभरते क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में 36 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसीज लागू की गई।
  • प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, डिजिटाइजेशन एवं समयबद्ध सेवा वितरण के माध्यम से प्रदेश के बिजनेस इकोसिस्टम में व्यापक परिवर्तन हुआ।
  • प्लग एण्ड प्ले इण्डस्ट्रियल इण्फ्रास्ट्रक्चर, इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर और डेडिकेटेड इण्डस्ट्रियल क्लस्टर के विकास से उद्योगों की स्थापना एवं संचालन और अधिक सुगम हुआ।
  • आई0टी0, इलेक्ट्रॉनिक्स, ए0आई0, सेमीकण्डक्टर, स्टार्टअप, डाटा सेण्टर, साइबर, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीपटेक, हेल्थटेक, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी एवं स्पोर्ट्स जैसे क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा।
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया प्लांट का वर्चुअल शिलान्यास, बोले- उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश; निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से बदल रही प्रदेश की तस्वीर।
वागीश यादव
वागीश यादव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास से यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। करीब 100 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाले इस अत्याधुनिक विनिर्माण संयंत्र से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बन चुका है। प्रदेश में रूल ऑफ माफिया के स्थान पर रूल ऑफ लॉ स्थापित हुआ है। मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज देश-विदेश की कंपनियां प्रदेश में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं और उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

कृषि और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएनएच इंडस्ट्रियल को उत्तर प्रदेश में नए विनिर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में फार्म मैकेनाइजेशन और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग को नई गति प्रदान करेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि भारत के कुल ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 18.5 प्रतिशत है। प्रदेश की विशाल बाजार क्षमता और सीएनएच इंडस्ट्रियल की तकनीकी एवं विनिर्माण विशेषज्ञता मिलकर इस निवेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखती है। प्रदेश सरकार एक पार्टनर के रूप में कंपनी के साथ खड़ी रहेगी और उसे हर जरूरी सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कंपनी से कहा कि ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग के साथ यहां बुलडोजर भी बनाइए, क्योंकि उत्तर प्रदेश का बुलडोजर पहले ही एक ब्रांड बन चुका है और देश-दुनिया में इसकी मांग है।

50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव, 15 लाख करोड़ धरातल पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को इंफ्रास्ट्रक्चर, इन्वेस्टमेंट, इंडस्ट्री और एम्प्लॉयमेंट के ग्रोथ हब के रूप में स्थापित किया है। बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में उद्योगों, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग कराने की तैयारी है।

READ ALSO : आखिर कब सभ्य बनेगा हमारा समाज?

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार से अधिक हो चुकी है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। उत्तर प्रदेश अब ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) हब के रूप में भी उभर रहा है।

36 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसीज से निवेशकों को मिल रहा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई), फॉर्च्यून-500 कंपनियों और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के लिए 36 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसीज लागू की गई हैं। प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, डिजिटाइजेशन और समयबद्ध सेवा वितरण के माध्यम से प्रदेश के बिजनेस इकोसिस्टम में व्यापक बदलाव आया है।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश को टॉप अचीवर और डीरेगुलेशन में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। वहीं, प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक कॉरिडोर और डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल क्लस्टर के विकास से उद्योगों की स्थापना एवं संचालन पहले से अधिक सुगम हुआ है। टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इन्फोसिस, एचसीएल और हिंदुजा ग्रुप जैसी कंपनियों के साथ सहयोग के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है।

यीडा क्षेत्र में ₹1,200 करोड़ से बनेगा CNH इंडस्ट्रियल का ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट

आईटी से लेकर सेमीकंडक्टर और एआई तक निवेश के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, डाटा सेंटर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीपटेक, हेल्थटेक, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और स्पोर्ट्स जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं की प्रतिभा और कौशल को उद्योगों की जरूरतों से जोड़कर एक मजबूत इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार करना है।

जेवर बन रहा देश का बड़ा इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यीडा का विकास लगभग 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में किया जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विकास के साथ इस पूरे क्षेत्र को बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में एचसीएल, फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क और डाटा सेंटर पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी अपराध और अराजकता के कारण बदनामी थी, आज वही क्षेत्र निवेश के बेहतरीन गंतव्य के रूप में उभर रहा है। कानून-व्यवस्था में सुधार, पुलिस के आधुनिकीकरण और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि किसानों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता के सकारात्मक सहयोग से जेवर आज वास्तव में भारत का जेवर बनकर उभर रहा है।

क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और सप्लायर नेटवर्क को मिलेगी मजबूती

सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया प्लांट केवल ट्रैक्टर निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे स्थानीय उद्योगों, छोटे कारोबारियों, सप्लायर नेटवर्क और सहायक औद्योगिक इकाइयों को भी लाभ मिलेगा। आधुनिक विनिर्माण तकनीक के विस्तार से क्षेत्र में कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 100 एकड़ भूमि पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाला यह प्लांट उत्तर प्रदेश के विकसित होते औद्योगिक इकोसिस्टम में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। कार्यक्रम के दौरान सीएनएच इंडस्ट्रियल के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगतिशील नीतियों, औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व ने निवेश, नवाचार एवं विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। यह निवेश औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूत करने, रोजगार बढ़ाने और उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Related Articles

Back to top button