अयोध्या में 05 से 07 नवम्बर तक होगा भव्य दीपोत्सव

अयोध्या में 05 से 07 नवम्बर तक होगा भव्य दीपोत्सव-2026 का आयोजन, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने जारी की मीडिया एडवाइजरी।

अयोध्या। प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक नगरी अयोध्या में दीपावली के पावन अवसर पर 05, 06 एवं 07 नवम्बर, 2026 को भव्य दीपोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 07 नवम्बर को आयोजित होगा। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश के विशिष्ट महानुभावों, जनप्रतिनिधियों, प्रदेश सरकार के उच्चाधिकारियों तथा प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित है।

दीपोत्सव-2026 के कार्यक्रम को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यापक मीडिया कवरेज प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा जिला प्रशासन अयोध्या के समन्वय से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश, कवरेज, आवागमन, जलपान एवं लंच, फोटो एवं फिल्म कवरेज, सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार तथा मीडिया सेंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम के सफल मीडिया समन्वय के लिए विभिन्न स्थलों एवं व्यवस्थाओं के अनुरूप नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। शोभायात्रा प्रारंभ स्थल साकेत महाविद्यालय के लिए सतीश चन्द्र भारती, सहायक निदेशक एवं अनुराग रंजन, जिला सूचना अधिकारी अयोध्या अनुराग रंजन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेलीपैड पर अनुराग प्रसाद, उप निदेशक एवं प्रवीण मालवीय, सूचना अधिकारी मीडिया समन्वय का कार्य देखेंगे। इसी प्रकार रामकथा पार्क एवं स्टेज पर आत्रेय मिश्रा, उप निदेशक तथा अमित शुक्ला, सूचना अधिकारी; नया घाट, सरयू आरती स्थल एवं पुल पर महेंद्र कुमार सूचना अधिकारी तथा आशीष सिंह, अनुवादक; जबकि राम की पैड़ी पर लाल कमल, सूचना अधिकारी एवं मयंक तिवारी, क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया प्रतिनिधियों के लखनऊ से कार्यक्रम स्थल तक आवागमन एवं कार्यक्रम के उपरांत वापसी की व्यवस्था के लिए चंद्र विजय वर्मा, सहायक निदेशक एवं आनंद सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी को नामित किया गया है। वहीं मीडिया कर्मियों के लिए जलपान एवं लंच आदि की व्यवस्था का समन्वय अमित यादव, सहायक निदेशक एवं आनंद मिश्रा, वरिष्ठ सहायक द्वारा किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त फोटो एवं फिल्म कवरेज के लिए नामित टीम कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहकर फोटो एवं वीडियो कवरेज के साथ ऑनलाइन प्रेषण सुनिश्चित करेगी। सोशल मीडिया, यूट्यूब एवं एनएमआई कवरेज के लिए भी विशेष टीम द्वारा रियल टाइम प्रचार-प्रसार एवं संबंधित संस्थाओं से समन्वय किया जाएगा।

मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए अस्थायी मीडिया सेंटर की स्थापना धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउन्ड पर की गयी है, जिसमें कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मीडिया वाहनों की पार्किंग हेतु फटिक शिला स्थल निर्धारित की गयी है।

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा व्यवस्था, निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास एवं पार्किंग संबंधी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि दीपोत्सव के सभी कार्यक्रमों का सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button