लाल किले से असत्य नहीं बोलना चाहिए:अखिलेश यादव

 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों के पार्टी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से फहराया गया। राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के साथ सभी देशवासियों को बधाई दी गई और अमर शहीदों के सपनों को पूरा करने का संकल्प भी लिया गया। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फहराया। इस अवसर पर सांसद आर.के चौधरी राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. राजपाल कश्यप, रामबृक्ष सिंह यादव, उदयवीर सिंह भी मौजूद रहे।


अखिलेश यादव ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि संविधान से ही स्वाधीनता है। आइए हम सब लिकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प ले। इसके लिए जो भी त्याग करना होगा, हम करेंगे। आज के दिन हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और उन तमाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद कर रहे हैं, जिनकी कुर्बानी, त्याग और बलिदान की वजह से हम सबको आजादी मिली है। इस आजादी को पाने के लिए हमारे लाखों क्रांतिकारी शहीद हुए। आज हम उन्हें याद करते हैं। नमन करते हैं उनके बलिदान की वजह से ही आज हमारा देश आजाद है।


      अखिलेश यादव ने कहा कि देश की आजादी के बाद बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान दिया। हमारा संविधान जितना मजबूत होगा, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। हम लोग लोकतंत्र को जितना मजबूत करना चाहते हैं। तो सभी को मिलकर संविधान को मजबूत करना होगा। हम लोग एक तरफ जहां बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को याद कर रहे हैं, वहीं डॉ0 राम मनोहर लोहिया, आचार्य नरेंद्र देव, जयप्रकाश नारायण, नेताजी मुलायम सिंह यादव को भी याद कर रहे है, जिन्होंने हम सभी को समाजवादी आंदोलन दिया है।


    अखिलेश यादव ने कहा कि हम सभी लोग चाहते हैं कि हमारा देश खुशहाल हो तरक्की करें और दुनिया में आगे दिखाई दे। भारत विकसित बने, किसान खुशहाल हो, हर नौजवान को नौकरी रोजगार मिले, व्यापारी भी तरक्की करें और दुनिया के बाजार में अपना स्थान बनाएं। आज स्वतंत्रता दिवस के दिन हम लोग अपने संविधान को मजबूत करने का संकल्प लेते हैं। संविधान को मजबूत करने के लिए कोई भी त्याग करना पड़ेगा तो हम लोग उसके लिए तैयार रहेंगे।


    आज अखबारों में बहुत सारे विज्ञापन आए हैं, उसमें से एक विज्ञापन बहुत प्रमुखता से छपा है, वह है ‘पर कैपिटा इनकम ‘का, सरकार पहले की प्रति व्यक्ति आय और अब की प्रति व्यक्ति आय के बारे में बता रही है। सरकार अगर प्रति व्यक्ति आय की बात कर रही है तो वह यह बताएं कि दुनिया के वह देश्,ा जिनकी अर्थव्यवस्था, भारत अर्थव्यवस्था के आसपास है उनकी प्रति व्यक्ति आय कितनी है। अगर हम इसकी तुलना करें तो आज हमारा देश कहीं नहीं दिखाई देता है।


    अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम लोग आजादी का त्यौहार मना रहे हैं तो हमें यह भी स्वीकार करना पड़ेगा कि हमारा देश भी उन देशों की तरह तरक्की करें और खुशहाल बने। सबसे ज्यादा जरूरी है कि हमारा किसान खुशहाल हो। खेती बारी अच्छी हो, किसानों के खेतों तक पानी पहुंचे। किसानों को समय पर बीज मिले, समय पर खाद उपलब्ध हो, कीटनाशक मिल जाए। पैदावार तैयार हो जाए तो समय पर लाभप्रद कीमत मिल जाए लेकिन हमें दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आजादी की इतने वर्षों बाद सबसे ज्यादा चिंता और परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है।


    आज एक तरफ जहां पर कैपिटा इनकम की बात हो रही है, वहीं दूसरी तरफ करोड़ परिवारों को पेट भरने के लिए राशन देना पड़ रहा है। दुनिया में कोई देश ऐसा नहीं है जहां इतनी बड़ी संख्या में गरीबों को राशन देना पड़ रहा हो। पूरे देश में और खासकर उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में गरीबों को राशन देना पड़ रहा है। आज मिलावतखोरी तो ऐसी हो रही है जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। एक तरफ सरकार मिलावट रोकने पर काम करना चाहती है तो वहीं दूसरी तरफ वह खुद पेट्रोल में मिलावट कर रही है। डीजल पेट्रोल की कीमत लगातार बढ़ रही हैं। विदेश नीति की विफलता के कारण अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, महंगाई बढ़ रही है। देश की जनता महंगाई का सामना कर रही है। शिक्षा व्यवस्था भी बर्बाद हो रही है, दुनिया में कहीं भी इतनी बड़ी संख्या में प्राइमरी स्कूल नहीं बंद हुए होंगे जितना उत्तर प्रदेश में हुए हैं। दुनिया के विकसित देश शिक्षा, स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में उत्तर प्रदेश में 26000 स्कूल बंद कर दिए हैं, वहीं देश में करीब एक लाख प्राइमरी स्कूल बंद हो गए हैं।


अखिलेश यादव ने कहा कि आज जो सरकार सत्ता में है वह शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रही है। स्वास्थ्य विभाग तो पूरी तरह से चौपट हो गया है, उसे खुद इलाज की जरूरत है। अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर नहीं है दवाई नहीं है, सीएचसी और पीएचसी में तो कोई पूछने वाला ही नहीं है। जिला अस्पतालों का बुरा हाल है। मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त संख्या में असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रोफेसर, लैब टेक्नीशियन नहीं है। जिसकी वजह से जिस तरह की शिक्षा मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल पा रही है। अनुभवी डॉ0 नहीं मिल रहे हैं। इस सरकार में दवाई-इलाज की व्यवस्था बर्बाद हो गई है। समय पर एंबुलेंस नहीं मिल रही है। आज ही खबरें आई है कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेई जी के गांव क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को चारपाई पर अस्पताल ले जाया जा रहा है। सोचने वाली बात है, जहां एक तरफ सैटलाइट मिसाइल ड्रोन की बातें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य सेवाओं का इतना बुरा हाल है कि मरीज को इलाज के लिए चारपाई पर ले जाना पड रहा है। सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर को इतना खराब कर दिया है कि एक गरीब के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।


    प्रधानमंत्री जी से लेकर बड़े-बड़े लोगों ने सफाई को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे, और झांड़ू उठाया था, लेकिन आज शहरों में हर जगह कूड़ा भरा पड़ा है। शहर हो या गांव हर जगह कूड़ा दिखाई दे रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि तहसील से लेकर थाने तक हर जगह भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है। भाजपा सरकार ने पुलिस को खराब कर दिया है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरकार अपना चेहरा चमकाने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च कर रही है लेकिन जो मूलभूत जरूरत है, शिक्षा-स्वास्थ्य उसके बजट में लगातर कमी हो रही है।


  अखिलेश यादव ने कहा कि जब देश स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारी कर रहा था तब भाजपा और उनके संगी-साथी अनरजिस्टर्ड, अंडरग्राउंड लोग विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे थे। ये लोग इसलिए मना रहे थे, क्योंकि उनके लिए विभाजन ही उत्सव है। उन लोगों ने आजादी की लड़ाई में योगदान दिया हो या ना दिया हो, लेकिन विभाजन में उनका योगदान रहा है। भाजपाई और संगी-साथियों का लक्ष्य विभाजन था, यही उनकी उपलब्धि है। इसीलिए आज भी वह विभाजन का त्यौहार मना रहे हैं। विभाजन उनका आजादी से पहले ही लक्ष्य था। विभाजन का उनका कार्यक्रम आजादी के बाद भी है। अगर हम लोग देखे तो उनका विभाजन का कार्यक्रम आज भी चल रहा है इसलिए हम सभी लोगों को उनसे सावधान रहना है। भाजपा और उनके संगी साथियों का स्वतंत्रता दिवस में कोई योगदान नहीं था। कहा जाता है कि आजादी के आंदोलन के दौरान उनके बहुत सारे लोग मुखबिर थे। वह पहले भी अंडरग्राउंड काम करते थे और आज भी अंडरग्राउंड रहकर काम कर रहे हैं।


  जब स्वतंत्रता दिवस और आजादी के आंदोलन की बात होती है तो वह लोग मुंह फेर लेते हैं। जिन्होंने तिरंगा का कभी सम्मान नहीं किया है, वह आज तिरंगा लेकर यात्रा निकाल रहे हैं। भाजपा और आजादी एक दूसरे के विलोम हैं। इनका राष्ट्रवाद इकरंगी है, वही हमारा राष्ट्रवाद बहुरंगी है। हम लोग सभी को साथ लेकर चलते हैं। भाजपा का तिरंगे से कोई लेना-देना नहीं है। इनके कई स्थान है, जहां पर आजादी के पहले और आजादी के बाद भी तिरंगा नहीं लगा। इधर इन्होंने कुछ बदलाव किया है। उसी तरह से जिस तरह से हॉफ पैंट को फुल कर लिया है। जो भाजपाई और संगी -साथी, घर-घर तिरंगा निकाल रहे हैं उन्हें मन-मन तिरंगा कार्यक्रम चलाना चाहिए और इन्हें साबित करना चाहिए कि जिस तरह से देश की आम जनता राष्ट्रवादी है वैसे यह भी हों। अखिलेश यादव ने कहा कि हम सभी को इनसे सावधान रहना होगा।


    भाजपा सरकार कहती थी कि मां-गंगा की सफाई करेंगे, लेकिन आज नदियों का बुरा हाल है। पानी हवा सब प्रदूषित है। मां गंगा की कोई सफाई नहीं हुई। गंगा नदी में जल के पैरामीटर जैसे पहले थे, वैसे आज भी हैं। प्रदूषण अब और ज्यादा हो गया। समाजवादी सरकार ने लखनऊ में गोमती नदी को साफ किया था और नदियों की सफाई के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया था।


    अखिलेश यादव ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव में बहुत कम दिन बचे हैं। 2027 के शुरू होते ही प्रदेश में अलग तरह का माहौल होगा। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है। अगर लोकसभा की सीटों को विधानसभा में कन्वर्ट कर दिया जाए तब भी हम लोगों ने भाजपा को हराया है। इसीलिए भाजपाई घबराए हुए हैं। यह इतने घबराए हुए हैं कि उनकी भाषा बदल गई है। जनता भाजपा के भ्रष्टाचार की पोल खोल रही है। लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस-वे पहली बरसात में ही ढह गया। अब तो लोग गड्ढे गिन रहे हैं। 63 किलोमीटर की सड़क 4,000 करोड़ से ज्यादा रुपए में बनी। सोचिए कितना भ्रष्टाचार हुआ होगा कि सड़क उद्घाटन के बाद ही ढह गई। इसी तरह से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे 7000 करोड़ में बनी। उसमें भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। जल-भराव की तस्वीरें तो पूरे प्रदेश से आ रही हैं। अभी तक तो हम लोग सोचते थे कि गोरखपुर में ही नाव चल रही है अब तो एयरपोर्ट पर भी नाव चल रही है। एयरपोर्ट में पानी इसलिए भर रहा है क्योंकि इंजीनियर नहीं मुख्यमंत्री जी खुद डिजाइन कर रहे हैं इसलिए पानी भर रहा है। अभी खबर में देखा गया कि एक पायलट ने वनस्पति का सेवन कर लिया था। कुछ तो समानता है, हवाई जहाज उड़ाने में और प्रदेश को चलाने में। हम लोगों के सामने बहुत बड़ी चुनौती है।


    उत्तर प्रदेश को ठीक कर लेंगे तो बहुत सी चीज ठीक हो जाएगी। आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम लोगों को भाईचारे को मजबूत करने और बंधु राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना है। प्रेम और भाईचारा बढ़ाना है। साथ ही याद रखना है कि संविधान है तो स्वतंत्रता है, संविधान नहीं रहेगा तो स्वतंत्रता छिन जाएगी। संविधान से ही स्वाधीनता है। संविधान मजबूत रहेगा तभी लोकतंत्र मजबूत रहेगा। हम सभी लोगों को सावधान रहकर मुकाबला करना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कार्यक्रम में आये हुए सभी लोगों को बध़ाई देते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के बच्चों ने वह काम करके दिखा दिया जो बहुत लोग नहीं कर पाए। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि एक दूसरे का सम्मान करें। मिलजुल कर कार्य करें। हम सामाजिक न्याय के राज की स्थापना और पीडीए की लड़ाई लड़ते रहेंगे।


अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सजग करते हुए कहा कि अब चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं, सिर्फ टिकट देना बाकी है। सबसे ज्यादा ध्यान ये रखना है कि कोई भी व्यक्ति ऐसा स्टेटमेंट न दे, जिससे कि बीजेपी उसका फायदा उठाए। हम अपने समाजवादी साथियों को कई दिन से यही बात समझा रहे हैं कि ऐसा कोई ऊटपटांग बयान नहीं देना है जिससे कि पार्टी की छवि को कोई नुकसान पहुँचे। समाजवादी पार्टी की सरकार में समाजवादी पेंशन पुनः शुरू की जाएगी और माताओं बहनों को हर साल 40 हजार रुपये देने का काम होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग डेढ़ हजार रुपए नहीं दे पाए, वे 50 हजार रुपए क्या देंगे? भाजपा की किसी बात पर भरोसा नहीं करना है।


अखिलेश यादव ने कहा कि लाल किले से असत्य नहीं बोलना चाहिए, वो असत्य बोलने का स्थान नहीं है। महिला वंदन बिल तो पहले ही पास हो चुका है। अब भाजपा महिला आरक्षण विधेयक 2027 में लागू करें, हम लोग तैयार हैं।

Related Articles

Back to top button