धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा:आंदोलन की जीत या सियासी रणनीति?

क्या देश के सबसे बड़े छात्र आंदोलन ने आखिरकार केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया? क्या केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सिर्फ नैतिक जिम्मेदारी है, या फिर यह लाखों छात्रों के दबाव और सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक चले आंदोलन का असर है?लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी बाकी है—क्या धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ छात्रों का आंदोलन खत्म हो जाएगा, या यह सिर्फ शुरुआत है? क्या CJP अब अपना प्रदर्शन वापस लेगी, या पेपर लीक के खिलाफ लड़ाई और तेज होगी?

झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए, कौन कहता है मोदी सरकार में इस्तीफे नहीं होते… अभिजीत दीपके के इस बयान ने जंतर-मंतर से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP कार्यकर्ताओं में जश्न है और Gen Z के मीम्स से सोशल मीडिया पटा पड़ा है. कोई इसे ‘हम जीत गए’ बता रहा है तो कोई इसे सरकार को झुकाने वाली नई पीढ़ी की ताकत बता रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के प्रदर्शन का असर अब सिर्फ प्रदर्शन स्थल तक सीमित नहीं है. आंदोलन के बीच Instagram पर छाई रील्स और Gen Z के अंदाज ने सियासी माहौल को भी बदल दिया है. यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी Gen Z के अंदाज में युवाओं से बातचीत करते नजर आए. 23 जुलाई की रात 11 बजकर 52 मिनट पर पीएम मोदी का वीडियो सामने आया, जिसकी शुरुआत ‘मित्रों’ से नहीं, बल्कि ‘Hello Friends’ से हुई. सोशल मीडिया पर इसे Gen Z कनेक्ट के तौर पर देखा गया. विज्ञापन इसके बाद यह चर्चा और तेज हो गई कि सरकार अब Gen Z की ऑनलाइन मौजूदगी और उसके डिजिटल नैरेटिव को गंभीरता से ले रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों को भी Instagram पर एक्टिव रहने और युवाओं से सोशल मीडिया के जरिए जुड़ने की सलाह दी है. तो आइए इस कहानी में जानते हैं मोदी सरकार के वे पांच कदम जो बताते हैं कि कैसे 12 साल की बेजोड़ सराकर GenZ के आगे हार गई?

  • सरकार ने बातचीत के लिए बढ़ाया हाथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू होने के बाद सरकार की ओर से पहला बड़ा रिएक्शन आया. सरकार ने सदन में चर्चा के लिए तैयार होने की बात कही. CJP के प्रवक्ताओं को बातचीत के लिए कई बार बुलाया गया. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने भी CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात की और सरकार की ओर से 24 घंटे का समय मांगा.
  • पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट का ऐलान प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक और परीक्षा में धांधली करने वालों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया. सरकार ने ऐसे मामलों की जल्द सुनवाई और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की बात कही. इसे युवाओं के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता से जोड़कर देखा जा रहा है.
  • सोनम वांगचुक का अनशन खत्म करना एक तरफ पीएम मोदी का Gen Z स्टाइल में वीडियो सामने आया, तो दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह सोनम वांगचुक से मिलने अस्पताल पहुंचे. सरकार और वांगचुक के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई. इसके बाद सोनम वांगचुक ने जेपी नड्डा के हाथ से अपना 26 दिन लंबा अनशन खत्म किया.
  • PM मोदी का Gen Z कनेक्ट जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच 23 जुलाई की रात 11 बजकर 52 मिनट पर पीएम मोदी का वीडियो सामने आया. खास बात ये रही कि वीडियो का अंदाज पूरी तरह सोशल मीडिया और Gen Z स्टाइल में नजर आया. इसके बाद 24 जुलाई की रात भी पीएम मोदी ने युवाओं को को फिर इस्टा मोड़ में एक और वीडियो जारी किया और Friends कहकर Thanks कहा- ऐसे में यह कहा जा सकता है कि 40 घंटे पहले मोदी ने हिंट दे दिया था.
  • पेपर लीक संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी सबसे बड़ा कदम कैबिनेट से जुड़ा रहा. सरकार ने पेपर लीक कानून में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. प्रस्तावित संशोधनों में पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त प्रावधान और मामलों की सुनवाई के लिए स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट को कानूनी आधार देने की बात कही गई है. कोर्ट को तीन महीने के भीतर सुनवाई पूरी कर फैसला देने का लक्ष्य रखा गया है. पेपर लीक मामलों में 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान प्रस्तावित बताया जा रहा है. संशोधन विधेयक को अगले सप्ताह संसद में पेश किए जाने की बात कही जा रही है.

Dharmendra Pradhan Resign: NEET-UG 2026 परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं और उसके बाद देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने देश के छात्रों के भविष्य, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को ध्यान में रखते हुए लिया है ताकि मौजूदा स्थिति का कोई गलत फायदा न उठा सके. धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे अपने इस्तीफे में कहा कि वह पिछले चार दशकों से छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा सुधार से जुड़े रहे हैं. उनके लिए मजबूत और समावेशी शिक्षा व्यवस्था हमेशा राष्ट्र निर्माण का सबसे अहम आधार रही है. उन्होंने लिखा कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितताएं सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई की. मामले की जांच CBI को सौंपी गई, परीक्षा रद्द की गई और दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया.

धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफे में और क्या-क्या लिखा? धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पहले दिन से ही उन्होंने इस पूरे मामले की जिम्मेदारी स्वीकार की और कभी इससे पीछे नहीं हटे. उनका उद्देश्य था कि किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य परीक्षा विवाद की वजह से प्रभावित न हो और किसी के साथ अन्याय न होने पाए. प्रधान ने बताया कि राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, अभिभावकों और छात्रों के सहयोग से 21 जून को दोबारा परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित कराई गई. उन्होंने सभी सहयोगियों का इसके लिए आभार भी व्यक्त किया. अपने इस्तीफे में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं से उन्हें व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है, लेकिन उनके लिए यह व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का नहीं बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का प्रश्न है. उन्होंने कहा कि भारत का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे किसी भ्रम या विवाद में नहीं फंसना चाहिए. प्रधान ने यह भी कहा कि जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में जो स्थिति बनी है, उसका इस्तेमाल कोई भी राष्ट्रविरोधी तत्व न कर सके, इसलिए उन्होंने इस्तीफा देना उचित समझा. उनके अनुसार देश की एकता और छात्रों का भविष्य किसी भी राजनीतिक या कानूनी विवाद से ऊपर है. प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें देश की सेवा का अवसर मिला, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे. उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को पूरा करना उनके सार्वजनिक जीवन की नैतिक जिम्मेदारी रही है और आगे भी वह देश की सेवा करते रहेंगे. कॉकरोच जनता पार्टी ने इस्तीफे को बताया आंदोलन की जीत इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का श्रेय अपने आंदोलन को दिया. उन्होंने कहा कि अगर जनता डरना और झुकना छोड़ दे तो किसी भी बड़े पद पर बैठे व्यक्ति से जवाबदेही तय कराई जा सकती है. उनके अनुसार यह इस्तीफा जनता के दबाव का परिणाम है.

Related Articles

Back to top button