मजबूत नेतृत्व में भारत का बदलता स्वरूप

हिमांशु दुबे
हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के. लक्ष्मण ने मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की यात्रा की बात कर रहें है। नरेन्द्र मोदी को 2014, 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार जनता ने चुनकर साफ कर दिया है कि देश सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम देखता है और इसी जन-विश्वास की बदौलत आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। मोदी सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का आर्थिक व सामाजिक उत्थान है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के लक्ष्मण ने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि इसे एक जनआन्दोलन बना दिया है। सरकार का एक ही लक्ष्य है कि हर योजना का शत प्रतिशत लाभ पंक्ति में खडे़ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। इसी का नतीजा है कि बीते सालों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले है।


के.लक्ष्मण ने कहा कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस की मदद से सीधे बैंक खातों में पैसा भेजकर लाखों फर्जी लोगों को हटाया गया। इससे न सिर्फ आम आदमी का काम आसान हुआ, बल्कि देश के 4.31 लाख करोड़ रूपये गलत हाथों में जाने से बच गए। मोदी जी के नेतृत्व में आज देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पूरी तरह मजबूत है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाईयों ने साफ कर दिया है कि यह नया भारत है, जो चुप नहीं बैठता बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता हैै। सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति की वजह से देश आज नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और हमारा रेड कॉरिडोर अब ग्रीन ग्रोथ जोन में बदल चुका है। पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी अब कटमनी और भ्रष्टाचार की राजनीति खत्म हो रही है और वहां के लोगों को उनका हक मिल रहा है। मोदी सरकार के विगत 12 वर्ष आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को सच करने की यात्रा है।

Read Also:बेरोजगारी की तपती आग में राख हो रहा विकसित भारत का सपना


मोदी सरकार ने जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले, जिनमें 32 करोड़ से ज्यादा खाते सिर्फ महिलाओं के हैं। कोरोना जैसी महामारी के मुश्किल वक्त से लेकर अब तक 81 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इलाज के खर्च से गरीब को बचाने के लिए आयुष्मान भारत योजना में 60 करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड बनें है। जिसमें मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी 58 करोड़ से ज्यादा लोगों को एक मजबूत सुरक्षा कवच मिला है। गरीबों के जीवन को आसान बनाने के लिए पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्के मकान दिऐ गए है। उज्ज्वला योजना के जरिए 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से आजादी मिली है। गांवों के विकास के लिए जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से साफ पानी पहंुचाया जा चुका है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर देश में स्वच्छता की एक नई क्रान्ति लाई गई है।


डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि रेहड़ी-पटरी वाले भाई-बहनों के लिए पीएम स्वनिधि योजना से 74 लाख से ज्यादा लोगों को बिना किसी परेशानी के लोन मिला है। मुद्रा योजना के तहत छोटे काम धंधों के लिए बिना गारंटी 57 करोड़ से ज्यादा लोन बांटे गए हैं। वहीं छोटे कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना से 30 लाख लोगों को फायदा पहुंचाया गया। जनजातीय समाज के कल्याण के लिए 15000 करोड़ का बजट और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 79000 करोड़ रूपये आवंटित किये गए है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से ज्यादा किसानों को 4.3 लाख करोड़ रूपये सीधे उनके खातो में भेजे जा चुकेे है।

किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए 7 करोड़ से ज्यादा किसानों को करीब 10 लाख करोड़ का सस्ता कर्ज दिया गया। वहीं देश के मध्यम वर्ग को बडी राहत देते हुए टैक्स छूट की सीमा को 2 लाख से बढ़ाकर सीधे 12.75 लाख रूपये कर दिया गया है। माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी योजना से 3 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को फायदा मिला है। बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.5 करोड़ से ज्यादा खाते खोले जा चुके है। देश की सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढाने के लिए सुरक्षाबलों में महिला अफसरों की संख्या 3000 से बढ़ाकर सीधे 11000 कर दी गई है। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाए गए है।.


के. लक्ष्मण ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने वर्ष 2000 में जिस प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की दूरदर्शी नींव रखी थी, आज उसने ग्रामीण भारत की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। तब से लेकर अब तक गांवो में करीब 8 लाख किलोमीटर पक्की सड़के बन चुकी है।जिनमें से लगभग 4 लाख किलोमीटर केवल 12 वर्षों में बनी है। इन सड़को ने हमारे गरीब भाई-बहनों के जीवन में विकास की एक नई सुबह ला दी है। वर्ष 2014 में देश में कुल 91287 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग थे। आज यह नेटवर्क लगभग 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है। आज देश में हर दिन लगभग 34 किलोमीटर से अधिक नए राजमार्ग बन रहे हैं। वर्ष 2014 से पूर्व रेलवे का आधुनिकीकरण एक सपना था। आज भारतीय रेलवे का लगभग 99.6 प्रतिशत से अधिक ब्रॉड-गेज विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। देश भर में 1337 से अधिक रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है।

मोदी जी के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारतीय रेलवे ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है उससे भारतीय रेलवे की नई, आधुनिक और सुरक्षित पहचान बन गई है। वर्ष 2014 में केवल 5 शहरों में 248 किमी मेट्रो नेटवर्क था। आज भारत के 26 से अधिक शहरों में 1095 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो नेटवर्क हो गया है। जो दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ता शहरी परिवहन सिस्टम है। डा. के लक्ष्मण ने कहा कि आजादी के 67 सालो में देश में मात्र 74 हवाई अड्डे थे। पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने 90 से अधिक नए हवाई अड्डे बनाए है, और आज यह संख्या 164 को पार कर गई है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू उड़ान बाजार बन गया है। उड़ान योजना ने हवाई चप्पल पहनने वाले को भी हवाई यात्रा का अवसर दिया है।


उन्होंने कहा कि युवाओं की पढ़ाई और इलाज के लिए पिछले 12 सालो में 23 एम्स और मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दी गई पूर्वोत्तर के लोगों की बरसों पुरानी मांग को पूरा करते हुए असम में पहला एम्स स्थापित किया गया है। बच्चों की सेहत के लिए मिशन इंद्रधनुष के तहत 5.4 करोड़ से ज्यादा बच्चों का मुफ्त टीकाकरण किया गया। डा. के लक्ष्मण ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीवन से जुड़े 5 मुख्य स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। आदिवासी समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर उन वीरों को सम्मान दिया गया जिन्हें इतिहास में भुला दिया गया था। हमारे संस्कृतिक आभा से प्रकाशित विश्व के 177 देश एक साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को मिले 33 अंतरराष्ट्रीय सम्मान और मॉर्निग कंसल्ट के सर्वे में 75 प्रतिशत अपू्रवल रेटिंग के साथ दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बनना, हर एक भारतीय के लिए सम्मान की बात है। डा. के लक्ष्मण ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा का संकल्प आज 09 वर्ष पूर्ण कर रहा है। जनता जनार्दन का आभार, पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अभिवादन। 2017 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन के साथ सुरक्षा, सुशासन और विकास की नई यात्रा शुरू हुई। आज उत्तर प्रदेश नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के रूप में एक मॉडल के रूप में देश के सामने है। 2017 का जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, व्यवस्था परिवर्तन का स्पष्ट संदेश था। इन 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास, बीमारू से विकासशील की ऐतिहासिक यात्रा तय की है।

उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्णायक, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज, पारदर्शी नीति व प्रशासन तथा अंतिम व्यक्ति तक लाभ की गारंटी सुनिश्चित की है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश घोषणाओं का नहीं, परिणामों का प्रदेश बना है। योगी सरकार ने अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई और आज नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा है। यूपी में कानून व्यवस्था ही निवेश और विकास का सबसे बड़ा आधार है। अंत्योदय एवं गरीब कल्याण मूल मंत्र से सरकार हर जरूरतमंद को लाभ, बिना भेदभाव के 15 करोड लोगों को मुफ्त राशन पहुंचा रही है। प्रदेश में 5.60 करोड आयुष्मान कार्ड, 09 करोड को आयुष्मान बीमा कवर, 01 करोड निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को हर महीना, 1000 रूपये की पेंशन और अब अगले महीने से यह 1500 होने जा रही है। गरीब अब योजना का लाभार्थी नहीं विकास का सहभागी बना है। राज्य का जीएसडीपी 2017 के 13 लाख करोड़ से बढ़कर आज लगभग 36 लाख करोड़ हो गया है। प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुनी हो गई है।

Related Articles

Back to top button