डबल इंजन सरकार से बलरामपुर का विकास-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर को दी 294 करोड़ की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात। डबल इंजन सरकार ने बलरामपुर को पिछड़ेपन से विकास की ओर बढ़ाया। जनपद बलरामपुर में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज, माँ पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय, नानाजी देशमुख की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखने के लिए थारू संग्रहालय स्थापित।जनपद बलरामपुर में लगातार बेहतरीन सड़कों का निर्माण, बिजली की व्यवस्था के साथ-साथ ‘हर घर नल’ योजना के माध्यम से लोगों को शुद्ध पेयजल प्राप्त हो रहा। राज्य सरकार द्वारा थारू जनजाति के लोगों को जमीन का पट्टा, आवास, शौचालय व प्रत्येक पात्र को पेंशन की सुविधा का लाभ दिया जा रहा। जनपद बलरामपुर बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में सबसे अधिक बच्चों का नामांकन कराने वाला जनपद। प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के विजन के अनुरूप डबल इंजन सरकार द्वारा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के प्रत्येक तबके को उपलब्ध कराया जा रहा।

लखनऊ/बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी ने जनपद बलरामपुर में 294 करोड़ रुपये लागत की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक एवं आवास की चाभियां वितरित कीं। साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने पिछले 9 वर्षों में विकास की गति को दोगुना किया है। कभी आकांक्षात्मक और पिछड़े जिलों में गिने जाने वाला बलरामपुर अब तेजी से विकसित जनपद बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बलरामपुर में सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना साकार हो चुकी है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज, माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और नानाजी देशमुख की स्मृतियों को संजोने के लिए थारू संग्रहालय की स्थापना विकास की नई पहचान बन चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में बेहतर सड़कों, बिजली, ‘हर घर नल’ योजना, सिंचाई सुविधाओं और सेतु निर्माण के जरिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही बाढ़ नियंत्रण और पुराने बांधों के पुनर्निर्माण पर भी तेजी से काम चल रहा है। राज्य सरकार द्वारा थारू जनजाति के लोगों को जमीन का पट्टा, आवास, शौचालय और पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बलरामपुर बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में सबसे अधिक बच्चों का नामांकन कराने वाला जनपद बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव गरीबों को राशन, आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अब उत्तर प्रदेश की पहचान विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों से हो रही है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज महाकुंभ और श्रावस्ती जैसे धार्मिक स्थलों के विकास से प्रदेश वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने बलरामपुर चीनी मिल ग्रुप से जिले में औद्योगिक पार्क स्थापित करने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।इस अवसर पर खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button