
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 245.44 करोड़ रु0 की लागत से एच0एन0 सिंह चौक से हड़हवा फाटक होते हुए जगेसर पासी चौराहे तक बन रही 2-लेन/4-लेन सड़क का चार स्थानों पर निरीक्षण किया। अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश। सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान आवागमन बाधित न हो तथा सड़क पर कहीं भी जल-जमाव न होने पाए। : मुख्यमंत्री बिजली के तारों को अण्डरग्राउण्ड किया जाए, सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट बेतरतीब न रहें। जन सुरक्षा के दृष्टिगत नालों को कहीं भी खुला न रखा जाए।
गोरखपुर/लखनऊ। आज जनपद गोरखपुर में 245.44 करोड़ रुपये की लागत से एच0एन0 सिंह चौक से हड़हवा फाटक होते हुए जगेसर पासी चौराहे तक बन रही 2-लेन/4-लेन सड़क का चार स्थानों पर मुख्यमंत्री योगीने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क चौड़ीकरण में यह ध्यान रखा जाए कि आवागमन बाधित न हो तथा सड़क पर कहीं भी जल-जमाव न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने सूर्यवंशी टावर के पास कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत ले-आउट मॉडल का अवलोकन किया और सड़क की लम्बाई-चौड़ाई और अब तक निर्माण प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री जी ने कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनायी जाए, जिससे कार्य के दौरान आवागमन में कोई व्यवधान न हो। जनसुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। बिजली के तारों को अण्डरग्राउण्ड किया जाए। सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट बेतरतीब न रहें। सड़क और इसके आसपास के मोहल्ले में जल-जमाव न होने पाए। जलनिकासी के लिए हेड-टू-टेल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि अगले एक माह में कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने इस मार्ग पर आगे पेट्रोल पम्प के पास हो रहे निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने जन सुरक्षा के दृष्टिगत नालों को कहीं भी खुला न रहने देने के निर्देश दिए। जहाँ निर्माण हो रहा हो, वहाँ सुरक्षा घेरा अवश्य बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने हड़हवा फाटक पहुँचकर ड्रॉइंग मैप का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सड़क को इस तरह बनाया जाए, जिससे एक तरफ आवागमन होता रहे। हड़हवा फाटक के आसपास क्षेत्र में जल-जमाव की समस्या न होने पाए, मानसून आने से पहले ही इस पर पूरा ध्यान होना चाहिए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने जगेसर पासी चौराहे पर निरीक्षण करते हुए कार्यों में तेजी लाने और जनता की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद रवि किशन शुक्ल, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





















