
लव जिहाद के खिलाफ एक बड़े जनआंदोलन की तैयारी। अवध प्रांत के 15 जिलो में एक साथ महापंचायत होगी आयोजित। अवध प्रांत में उठेगी एकजुटता की आवाज।लव जिहाद के मुद्दे पर अवध प्रांत में एक बड़े जनआंदोलन की तैयारी तेज हो गई है। 15 जिलों में एक साथ महापंचायत आयोजित कर व्यापक जनजागरण और एकजुटता का संदेश देने की रणनीति बनाई जा रही है। इस पहल के जरिए सामाजिक स्तर पर आवाज बुलंद करने और लोगों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है।
त्रिनाथ शर्मा
लखनऊ। अवध प्रांत में एक बड़े सामाजिक आंदोलन की आहट तेज हो गई है। राजधानी लखनऊ में हिन्दू बेटी बचाओ संघर्ष मोर्चा की आयोजित अहम बैठक ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब यह मुद्दा स्थानीय नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन का रूप लेने जा रहा है। बैठक के दौरान महापंचायत को लेकर रणनीति तैयार की गई और यह तय हुआ कि एक युद्ध लव जिहाद के विरुद्ध अभियान के तहत अवध प्रांत के 15 जिलो में एक साथ महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस फैसले ने इस आयोजन को एक बड़े जनजागरण अभियान में बदलने की नींव रख दी है।
अवध प्रांत के कार्यक्रम संयोजक अनुराग शुक्ला के अनुसार, हाल के समय में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें युवतियों को योजनाबद्ध तरीके से प्रेमजाल में फंसाकर शोषण और धर्म परिवर्तन के प्रयास किए गए। इन घटनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए गंभीर चुनौती बताया गया और कहा कि अब समाज को चुप बैठने की जरूरत नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह महापंचायत केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जागृत करने और बेटियों की सुरक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष का मंच बनेगी। मोर्चा सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि इन घटनाओं के पीछे संगठित नेटवर्क सक्रिय होते हैं, साथ ही इनका आतंकवाद से कहीं न कहीं कनेक्शन होता है जिनकी गहन जांच जरूरी है। सरकार और प्रशासन से मांग की गई कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को सख्त सजा दी जाए, ताकि समाज में सुरक्षा का माहौल स्थापित हो सके। महापंचायत को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसमें संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही गांव-गांव और शहर-शहर तक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की रणनीति भी तय की गई है।
जीपीओ पर 19 अप्रैल को पंचायत
लखनऊ में यह कार्यक्रम 19 अप्रैल को जी पी ओ पार्क हजरतगंज में होगा। संघर्ष मोर्चा ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में इस महापंचायत में पहुंचकर अभियान को मजबूती दें और समाज की बेटियों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं।अंत में बैठक से एक स्पष्ट संदेश उभरा,अवध प्रांत अब जाग चुका है, और यह आवाज अब आंदोलन बनकर पूरे प्रदेश में गूंजेगी।






















