Saturday, March 14, 2026
Advertisement
Home राजनीति भाजपा ने बेईमानी से सरकार बनायी:अखिलेश यादव

भाजपा ने बेईमानी से सरकार बनायी:अखिलेश यादव

39

लोकसभा चुनाव में बहुत सारे लोकसभा क्षेत्रों में बेईमानी नहीं हुई होती तो दिल्ली में भाजपा की सरकार नहीं बनती। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बेईमानी करके सरकार बनायी। भाजपा 2022 का विधानसभा चुनाव भी हार गयी थी, लेकिन बेईमानी करके सरकार बना ली थी। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा।


अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव से हमने सीख ली। समाजवादी पार्टी ने पीडीए के नारे के तहत पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को एकजुट किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी-कांग्रेस सबसे ज्यादा सीटे जीती। भाजपा ने लोगों को दुखी किया, पीड़ित और अपमानित किया। इसका परिणाम रहा कि भाजपा अयोध्या की लोकसभा सीट भी हार गयी।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के लोग सौहार्द नहीं पसंद करते है। इनकी गलत नीतियों के कारण आज भारत के लोग खतरे में है। हमारे देश की पहचान संतों और नारियों के सम्मान की रही है। भारत की संस्कृति मिली-जुली है। भाजपा ने इसे नुकसान पहंुचाया है।


प्रदेश में 403 विधानसभा क्षेत्र हैं। अब यूपी विधानसभा चुनाव में 403 दिन से भी कम समय बचा है। भाजपा को उत्तर प्रदेश सरकार के दस साल और दिल्ली सरकार के 12 साल कुल मिलाकर जनता को 22 साल का हिसाब देना होगा।
श्री यादव ने कहा कि हम लोग जो कानून के राज की स्थापना की लड़ाई लड़ रहे हैं, उसे सामाजिक न्याय के राज की स्थापना तक ले जाना हैं। आज संविधान खतरे में है। जो पीडीए के लोग हैं, पीड़ित हैं, वे महसूस करते है कि संविधान उनके जीवन में बहुत महत्वपूर्ण है। संविधान ही उनकी रक्षा करता है। अब पीडीए की जिम्मेदारी है कि वे संविधान की रक्षा करें। आज की सŸाा में बैठे लोगों ने हम सब के लिए खतरा पैदा किया है। पूज्यनीय शंकराचार्य जी को भी अपमानित किया।


शंकराचार्य जी पर शंका नहीं किया जा सकता है। आज शंकराचार्य जी को झूठा फंसाया जा रहा है। उनके खिलाफ साजिश हो रही है। षडयंत्र हो रहा है। भाजपा सरकार सनातन को बदनाम करने वाली सरकार है। इस सरकार में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। आज ही कानपुर से खबर है कि पुलिस वाले गांजा बिकवा रहे थे। लखनऊ में एक करोड़ का गांजा पकड़ा गया। सरकार एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की बात करती है, उधर मुख्य नगरी और प्रधान नगरी में बड़े पैमाने पर गांजा पकड़ा जा रहा है।

कानपुर में पुलिस की वर्दी में गांजा बेंचा जा रहा था। कानपुर में एक पुलिस वाले के पास सौ करोड़ का हिसाब किताब मिला। वाराणसी एयरपोर्ट पर 25 करोड़ का गांजा पकड़ा गया। कुछ ही दिन पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर 6 करोड़ का गांजा पकड़ा गया। आजमगढ़, शाहजहांपुर, बाराबंकी, लखनऊ हर जगह गांजा पकड़ा जा रहा है। जब से भाजपा सरकार आयी है तब से गांजा बहुत पकड़ा जा रहा है। यह गांजा कहां जा रहा है। सपना एक ट्रिलियन इकानामी का दिखाया जा रहा है। लखनऊ समेत प्रदेश के सभी बड़े शहर जाम में फंसे हैं। सड़कों पर कूड़ा है। सफाई की व्यवस्था नहीं है। अस्पतालों का बुरा हाल है। मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। इस सरकार ने 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं को बर्बाद कर दिया।


अखिलेश यादव ने कहा कि सभी विपक्षी दलों का मानना है कि चुनाव आयोग वोट काटने के लिए एसआईआर करा रहा है। जब चुनाव होता है तो चुनाव आयोग ज्यादा से ज्यादा मतदान का और वोट बनवाने का प्रचार करता है। बड़ी-बड़ी हस्तियों के जरिए ज्यादा से ज्यादा वोट की अपील कराता है लेकिन इधर चुनाव आयोग के कामकाज का जो तरीका देखा गया है उसमें वोट कटवाने पर जोर है। इनके कई फैसलों से दिखाई देता है कि भाजपा और चुनाव आयोग मिले हुए है। प्रशासन उनका साथ दे रहा है। समाजवादी पार्टी और आम लोगों ने भाजपा, चुनाव आयोग और प्रशासन की तिकड़ी का मुकाबला किया, उसके लिए हम बधाई देते हैं।

समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने इस तिकड़ी का मुकाबला किया। भाजपा वोट कटवाना चाहती थी। समाजवादी पार्टी और पीडीए प्रहरी सक्रिय हो गये। बड़े पैमाने पर वोट कटने से रोका। हमारे लोकसभा क्षेत्र कन्नौज में दस हजार फार्म वोट कटवाने के लिए आये थे। हमने जिलाधिकारी से बात किया, उन्होंने कहा कि कोई वोट नहीं कट रहा है। हम लोग समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष को लेकर आये, जिसके नकली दस्तखत से समाजवादी पार्टी के लोगों का ही वोट काट दिया गया। इसी तरह से सुल्तानपुर में नंदलाल के फर्जी दस्तखत से फार्म भरा दिया जबकि नंदलाल दस्तखत नहीं करते हैं, अंगूठा लगाते हैं। भाजपा ने वोट काटने के लिए बड़ी संख्या में प्रिंटेड फार्म जमा कराये थे। अगर चुनाव आयोग निश्पक्ष होता तो गलत कार्य करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करता।


अखिलेश यादव ने कहा कि यह एसआईआर नहीं था, यह एनआरसी था। भाजपा चुनाव आयोग और प्रशासन की तिकड़ी लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। मुख्यमंत्री जी कह रहे थे 4 करोड़ वोट कट गये। सीएम को कैसे पता चार करोड़ वोट उनका कट गया। जो मुस्लिम भाईयों को लाइन लगवाना चाहते थे उन्होंने हिन्दू भाईयों को भी लाइन में लगवा दिया। पंचायत चुनाव को लेकर श्री यादव ने कहा कि भाजपा के लोग बेईमान है। पिछला जिला पंचायत चुनाव लूट लिया था। इस बार जनता तैयार है। इसीलिए घबरा कर चुनाव नहीं करा रहे हैं।

अभी पूरी वोटर लिस्ट नहीं आयी है लेकिन जानकारी मिल रही है कि दोनों वोटर लिस्ट में चार करोड़वोटों का अन्तर है। जबकि दोनों वोटर लिस्ट उन्हीं अधिकारियों और बीएलओ ने बनायी है। अगर चार करोड़ का अंतर आ रहा है। इसका मतलब है या तो केन्द्रीय चुनाव आयोग की लिस्ट में गड़बड़ी है या जो लिस्ट स्टेट इलेक्शन कमीशन ने बनायी है उसमें मैनुपुलेशन हुआ।


भाजपा सरकार में एलपीजी गैस लापता गैस हो गयी है। सरकार कह रही है रसोई गैस किल्लत का अफवाह फैलाया जा रहा है जबकि भाजपा के लोग खुद अफवाहजीवी हैं। बहुत समय से पूरा देश जानता है कि भाजपा के लोग अफवाह फैलाने में माहिर लोग हैं। भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है। ये स्वार्थ के लिए सब एक-दूसरे के साथ हैं।


अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोग हमेशा से गाय की सेवा करते रहे हैं। भाजपा के लोगों के यहां और इनके मंत्रियों तक के घर गाय नहीं होगी। हमारे यहां आज भी 70 गायें हैं। उनकी सेवा होती है। हमने हमेशा कहा है कि हम गाय की सेवा करेंगे। भाजपा के लोग केवल वोट के लिए गाय की सेवा करते हैं। प्रदेश में जो गौशाला बनाये गये है। वहां भूसा नहीं है। सर्दी-गर्मी से बचाने का इंतजाम नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट बनाया था। भाजपा सरकार ने बंद करा दिया। भाजपा हर अच्छी चीज को बर्बाद कर रही है।


अमेरिका-इजरायल ने भाजपा का तेल निकाल दिया है। दोनों देशों ने भारत की अर्थव्यवस्था को उलझा दिया है। भाजपा के अण्डर ग्राउण्ड संगी-साथी कहां है जो स्वदेशी का नारा देते थे। आज चीन, रसिया, यूरोप के कई देशों से व्यापार हो रहा है। अमेरिका के साथ जो डील हुई है वह डील नहीं ढील है। भाजपा सरकार ने देश की विदेश नीति को उलझा दिया है। ऐसा उलझाया है कि आज न कोई भारत का दोस्त है और न भारत किसी का दोस्त रह गया है। आज मेकिंग इंडिया का क्या हुआ?


अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर नौकरी निकलेगी। नौजवानों को नौकरियां मिलेंगी। आरक्षण मिलेगा। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। 69 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों को समाजवादी सरकार न्याय दिलायेगी। पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। भाजपा अलोकतांत्रिक है। उसे किसी की खुशहाली और खुशी पसंद नहीं है। भाजपा किसी की सगी नहीं है। भाजपा देश को गुमराह कर रही है। रसोई गैस सिलेण्डर नहीं है। लाइनें लगी है। मुख्यमंत्री जी कह रहे है कि सिलेण्डर पर्याप्त हैं, जब गैस सिलेण्डर है तो लोगों को क्यों नहीं मिल रहे है? लाइने क्यों लगी है? होटल, से लेकर चाट तक की दुकानें क्यों बंद हो रही हैं?


जनता को याद है कि भाजपा सरकार ने उन्हें नोटबंदी में लाइन में लगाया। कोविड के दौरान परेशान किया। यूरिया के लिए लाइनों में लगा दिया। आज फिर गैस के लिए लाइन में लगा दिया है। चुनाव में जनता लाइन में लगेगी और भाजपा को हटा देगी। रसोई गैस का सवाल बहुत बड़ा है। समाजवादी पार्टी लोकसभा से लेकर हर प्लेट फार्म पर सरकार से सवाल पूछ रही है। अभी वोटर लिस्ट में वोट बनवाना सबसे बड़ा आंदोलन है। इस सरकार में किसानों की कोई सुनवाई नहीं है। किसानों को आलू की कीमत नहीं मिल रही है। किसान संकट में है। सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।