जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु अयोध्या में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

अयोध्या।  जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद अयोध्या में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 सितम्बर से 13 सितम्बर 2026 तक कलेक्ट्रेट सभागार, अयोध्या में प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं तकनीकी सहायकों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा डिजिटल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक चार्ज में बनने वाले गणना ब्लॉक एवं हाउसिंग ब्लॉक के निर्माण से संबंधित समस्त प्रक्रिया के साथ-साथ जनसंख्या गणना के दौरान आवश्यक कार्यों की जानकारी भी प्रदान की गई।

जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के 16 चार्जों में लगभग 4,263 प्रगणक एवं 687 पर्यवेक्षक, कुल 4,950 कार्मिकों द्वारा जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्पन्न कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी, अयोध्या द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनगणना निदेशालय से जिला प्रभारी के रूप में नियुक्त उप निदेशक शैलेन्द्र यादव द्वारा भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर समस्त तहसीलदार, नगर निकायों के जोनल अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत/नगर पालिका परिषद एवं छावनी परिषद तथा जनगणना सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित कार्मिकों से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को निर्धारित समयसीमा में सटीक, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की गई है।

Related Articles

Back to top button