भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह की जान को खतरा

विधायक फतेह बहादुर सिंह की जान को खतरा, सीएम-गृह मंत्री को लिखा पत्र। भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह की जान को खतरा। फतेह बहादुर सिंह 17वीं विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर भी रह चुके हैं।

अजय सिंह

लखनऊ। गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने खुद की जान को खतरा बताया है। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। विधायक फतेह बहादुर सिंह यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के बेटे हैं। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को लिखे पत्र में विधायक फतेह बहादुर सिंह ने बड़े-बड़े लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। विधायक फतेह बहादुर सिंह कैंपियरगंज विधानसभा सीट से छह बार जीत दर्ज कर चुके हैं। श्री सिंह पूर्ववर्ती बसपा सरकार में वन मंत्री भी रह चुके हैं। वह 17वीं विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर भी रह चुके हैं।

प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह ने स्वयं की जान का खतरा बताते हुए प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 11 दिन पहले उन्होंने एसपी को खुद के खिलाफ हो रही साजिश और जान से मारने के लिए चंदा एकत्रित करने की शिकायत की थी। लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि जब विधायक होने के बावजूद उनके मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है तो आम जनता के हाल का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद के आला अफसर भी अपराधियों से मिले हुए हैं और साजिशकर्ताओं का संरक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गये पत्र में भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मांग की है कि इस गंभीर विषय पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई करें। साथ ही कहा कि सरकार के अफसर किसी की भी समस्या को नहीं सुन रहे जोकि सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने अपने पत्र में यह भी लिखा है कि 52 साल की उम्र में मेरे पिता का निधन हो गया था और मेरी 54 साल की उम्र में मौत हो जाएगी। इसीलिए उन्होंने पत्र के माध्यम से सभी को यह बता दिया है। अगर जिंदा रहूंगा। तभी राजनीति कर सकूंगा। भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह की जान को खतरा

Related Articles

Back to top button