रामपुर में 20 करोड़ की लागत से पेयजल योजना शुरू-स्वतंत्र देव सिंह


रामपुर/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज रविवार को रामपुर में आगामी उप चुनाव को लेकर आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपके सामने एक ऐसे प्रत्याशी है जिनके नेता भारत माता को डायन कहते है,वहीं भाजपा के एक एक कार्यकर्ता भारत माता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने को तैयार हैं।उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सीधे-सीधे भारत माता के मान और सम्मान की लड़ाई है। श्री सिंह ने कहा कि रामपुर के लोग हजारों वर्षों से राष्ट्र के निर्माण और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होकर काम करते आए है। उन्होंने कहा कि रामपुर की ऐतिहासिक भूमि पर लगे इस राष्ट्रवादियों के संगम का यह दृश्य आने वाले उप चुनाव की स्थिति बयां कर रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह भूमि सत्य, अहिंसा, दया,करुणा और शांति के दूत भगवान बुद्ध के मार्ग पर चलने वाली भूमि है।आपके जनपद के नाम में ‘राम‘ है और आपके हृदय में भी ‘राम‘ है। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी दलितों व पिछड़ों के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिला कर चल रहे है। श्री सिंह ने कहा कि हमें वो दौर याद है जब समाजवादी पार्टी की सरकार में इसी रामपुर की धरती पर दलितों को प्रताड़ित किया जा रहा था और वे पलायन के लिए मजबूर हो रहे थे। उस समय कांग्रेस और बसपा के लोगों ने भी मौन धारण कर रखा था। ऐसे में दलितों के साथ सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही खड़ी थी।उन्होंने कहा कि रामपुर का चाकू जो कभी रक्षा और सुरक्षा के काम आता था। समाजवादी पार्टी की सरकार में उसे दलितों की जमीनों पर और गरीबों की संपत्तियों पर कब्जा करने का माध्यम बना दिया गया था।


श्री सिंह ने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी जी के शासन में किसी गुंडे-माफिया की हैसियत नहीं है कि हमारे दलित भाइयों की एक इंच जमीन पर भी कब्ज़ा कर सके। पिछले 5 वर्षों में रामपुर के अन्दर 147 भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए उनके अवैध कब्जे से 640 हेक्टेयर भूमि को कब्जे से मुक्त कराने का काम योगी सरकार के बुलडोजर ने किया है।


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गरीब कल्याण की दृष्टी से रामपुर में अभूतपूर्व कार्य हुए है। उन्होंने विकास कार्य गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व रामपुर में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पेयजल योजना शुरू हुई है ।1 लाख 70 हजार से अधिक लोग आयुष्मान कार्ड के लाभार्थी है। लगभग 25 हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिला है। 4 लाख 15 हजार से अधिक परिवार महीने में दो बार राशन प्राप्त कर रहे। उन्होंने कहा कि देश प्रदेश के ग़रीब परिवारों की सेवा व उनके विकास के लिए दृढ़संकल्पित होकर दिन रात काम करने वाली मोदी -योगी सरकार रामपुर के विकास के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button