475 करोड़ की सौगात से चमकेगा संत कबीर नगर!

मुख्यमंत्री ने जनपद सन्त कबीर नगर में 475 करोड़ रु0 लागत की 139 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें 225 करोड़ रु0 की परियोजनाएं धनगटा विधानसभा क्षेत्र, संतकबीरनगर तथा 251 करोड़ रु0 की परियोजनाएं खजनी विधानसभा क्षेत्र, गोरखपुर के विकास से जुड़ीं।

जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते, अच्छी सरकार आती, तो विकास और विरासत को सम्मान मिलता

उ0प्र0 के 06 लाख 18 हजार से अधिक गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक-एक आवास की सुविधा स्वीकृत।

मुख्यमंत्री ने बाबा बैजूनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया।

कभी अत्यन्त पिछडे़ धनघटा और खजनी क्षेत्र आज विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुके।

बाबा तामेश्वर नाथ धाम सहित अन्य पवित्र धर्म स्थलों का सौन्दर्यीकरण कर आस्था को सम्मान तथा पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का कार्य किया गया।

डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उ0प्र0 को विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर कर रही।

उ0प्र0 भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर इसे मजबूती प्रदान कर रहा।

अटल आवासीय विद्यालय तथा मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल सुधार कर भावी

पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बनाने का कार्य किया जा रहा।

संतकबीर की महापरिनिर्वाण स्थली का सौन्दर्यीकरण किया गया।

मेंहदावल विधान सभा क्षेत्र में बखिरा झील रामसर साइट के रूप में ईको टूरिज्म का महत्वपूर्ण केन्द्र बन रही।

बाबा तामेश्वर नाथ धाम को नई पहचान देने के लिए कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा, यहां कॉरिडोर बन जाने से विकास तीव्र गति से होगा।

आज मगहर में संतकबीर एकेडमी तथा ऑडिटोरियम मौजूद धुरियापार क्षेत्र में ग्रेटर गीडा की स्थापना की जा रही, जहां नये उद्योगों की स्थापना के साथ ही, धनघटा के नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार की नई सम्भावनाएं उपलब्ध हो रहीं।

सन्त कबीर/लखनऊ।  जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं तथा अच्छी सरकार आती है, तो विकास और विरासत को सम्मान मिलता है। कभी धनघटा और खजनी अत्यन्त पिछड़े क्षेत्र माने जाते थे। कभी उपेक्षित रहा यह क्षेत्र आज विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है। बाबा तामेश्वर नाथ धाम सहित अन्य पवित्र धर्म स्थलों का सौन्दर्यीकरण कर आस्था को सम्मान तथा पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का कार्य किया गया है।


आज धनघटा तहसील, जनपद सन्त कबीर नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर बाबा बैजूनाथ धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संतकबीर नगर के विधान सभा क्षेत्र धनघटा एवं जनपद गोरखपुर के विधान सभा क्षेत्र खजनी के विकास की 475 करोड़ रुपये लागत की 139 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त मुख्यमंत्री अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक, प्रशस्ति-पत्र, टूल किट आदि वितरित किए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। मुख्यमंत्री जी ने बाबा बैजूनाथ धाम में दर्शन-पूजन भी किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें बाबा तामेश्वर नाथ की पावन धरा और बाबा बैजुनाथ के प्रांगण में जनपद संतकबीरनगर और गोरखपुर की 02 विधान सभाओं की लगभग 500 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए धनघटा विधान सभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में आने का अवसर मिला है। इन सभी परियोजनाओं का उपहार धनघटा और खजनी विधान सभा क्षेत्रों के नागरिकों को समर्पित है। इनमें 225 करोड़ रुपये की परियोजनाएं धनगटा विधानसभा तथा 251 करोड़ रुपये की परियोजनाएं खजनी विधानसभा के विकास से जुड़ी हैं।

   
मुख्यमंत्री ने बाबा तामेश्वर नाथ और बाबा बैजुनाथ की पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि जब अच्छी सरकार चुनी जाती है, तो सुरक्षा का वातावरण मिलता है। सुशासन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलती है। गरीब को उसका अधिकार, अन्नदाता किसानों को सम्मान, हर खेत को पानी तथा नौजवानों को रोजगार मिलता है। जब भ्रष्ट सरकार बनती है, तो वह जनता के हक पर डकैती डालती है, बेटी की सुरक्षा में सेंध लगती है, व्यापारी तबाह होते हैं तथा किसान आत्महत्या करने को मजबूर होते हैं। नौजवानों को रोजगार नहीं मिलता। समाज में अव्यवस्था पैदा करके पर्व और त्योहारों पर उपद्रव का माहौल बनाते हैं।


डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर कर रही है। जो प्रदेश कभी अपनी पहचान के लिए मोहताज था, आज वही प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर इसे मजबूती प्रदान कर रहा है। विकास की प्रक्रिया के तहत हाईवे, एक्सप्रेस-वे, जनपदीय व ग्रामीण सड़कों का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है। यह कनेक्टिविटी को मजबूत बनाते हुए विकास की गति को कई गुना बढ़ा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आई0टी0आई0 जैसे उच्च शिक्षा संस्थान खोले जा रहे हैं। ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों तथा प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से माध्यमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है। अटल आवासीय विद्यालय तथा मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल सुधार करते हुए भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज हमने यहां धनघटा तथा खजनी विधान सभाओं से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है।  
कभी संतकबीर दास जी इस जनपद में आए थे। उस समय मगहर में मृत्यु होना पाप माना जाता था। आज मगहर में संतकबीर एकेडमी तथा ऑडिटोरियम हैं। संतकबीर की महापरिनिर्वाण स्थली का सौन्दर्यीकरण किया गया है। आमी नदी के दूसरी तरफ गोरखपुर का औद्योगिक क्षेत्र गीडा प्रारम्भ होता है। जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश के हजारों नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिला है। धनघटा में भी विकास की यात्रा आगे बढ़ी है। पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से यहां के लोगों के लिए राजधानी लखनऊ, काशी तथा प्रयागराज जाना आसान हुआ है।


क्वानो नदी को पार करते ही धुरियापार क्षेत्र में ग्रेटर गीडा की स्थापना की जा रही है, जहां नये उद्योगों की स्थापना के साथ ही, धनघटा के नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार की नई सम्भावनाएं उपलब्ध हो रही हैं। मेंहदावल विधान सभा क्षेत्र में बखिरा झील रामसर साइट के रूप में ईको टूरिज्म का महत्वपूर्ण केन्द्र बन रही है। पहले गोरखपुर की बेलघाट और खजनी विधानसभाओं व सिकरीगंज की कनेक्टिविटी बहुत खराब थी। धनघटा की कनेक्टिविटी भी खराब थी। आज आपको लखनऊ जाने के लिए खलीलाबाद जाने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार बेलघाटवासियों को लखनऊ जाने के लिए अब सहजनवां या गोरखपुर जाने की आवश्यकता नहीं है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से 02 घण्टे में लखनऊ की दूरी तय की जा सकती है। पहले इस बारे में कोई सोच भी नहीं सकता था। यह सभी कार्य डबल इंजन सरकार ने सम्भव किए हैं। डबल इंजन सरकार विकास की स्पीड को बहुत तेजी से आगे बढ़ाने का काम करती है।


बाबा तामेश्वर नाथ धाम को नई पहचान देने के लिए कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। यहां कॉरिडोर बन जाने से विकास तीव्र गति से होगा। हम चाहते हैं कि यहां आस्था को सम्मान मिले। धाम का भव्य स्वरूप हो तथा बाबा विश्वनाथ धाम, काशी तथा माँ विन्ध्यवासिनी धाम की तरह ही यहां भी कॉरिडोर विकसित हो। जिस प्रकार अयोध्या का पुनरुद्धार हुआ है, उसी प्रकार यहां भी कार्य किए जाएं। विकास की प्रक्रिया को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। आज विकास के लिए धनराशि की कमी नहीं है। डबल इंजन सरकार हर नागरिक को उसके कर्तव्यों के साथ जोड़ते हुए, उनका अधिकार देना जानती है।


आज 25 जून है। 25 जून, 1975 भारत के इतिहास का एक काला दिन था। इस दिन भारत के लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया गया था। देश में नागरिक अधिकार पूरी तरह निलम्बित कर दिए गए थे। न्यायपालिका की शक्तियों को सीमित कर दिया गया था। मीडिया पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया था। नागरिकों के मतदान के अधिकार को छीनने तथा बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को अपमानित करने का काम किया गया था। उस समय लोकतंत्र की वकालत करने वाले तथा तानाशाही का विरोध करने वाले देश के सभी दलों के नेताओं को जबरदस्ती जेल में बन्द कर दिया गया था। आज इस घटना को 50 साल से अधिक हो गए हैं।


डबल इंजन सरकार ने बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के सपने को साकार करने, भारत के संविधान को सम्मान देने, विरासत को सम्मानित करने, गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला सहित समाज के प्रत्येक तबके को उसका अधिकार ईमानदारी के साथ देने का काम किया है। डबल इंजन सरकार गरीबों को राशन तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर की सुविधा उपलब्ध करा रही है। आज गरीबों के पास सिर ढकने के लिए छत उपलब्ध है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां के कार्यक्रम से पूर्व, लखनऊ में उन्होंने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ समीक्षा बैठक की है। यह प्रसन्नता की बात है कि उत्तर प्रदेश को फिर से 06 लाख 18 हजार से अधिक गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक-एक आवास की सुविधा स्वीकृत हुई है। डबल इंजन सरकार के साथ विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनें। सुशासन और समृद्धि के लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।


ग्राम्य विकास राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 09 वर्षां में उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कराए गए हैं। बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को जनकल्याणकारी योजनाआें का लाभ दिया जा रहा है। गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। इस अवसर पर सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक गणेश चन्द्र चौहान, श्रीराम चौहान, अंकुर राज तिवारी,अनिल कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, सुभाष यदुवंशी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button