जाति-सम्प्रदाय से ऊपर उठकर कमल का बटन दबायें-ब्रजेश पाठक

अभय प्रताप सिंह

मैनपुरी।  उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज मैनपुरी में लोकसभा उपचुनाव हेतु भोगांव में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में आयोजित युवा सम्मेलन को सम्बोधित किया। उपमुख्यमंत्री ने युवा सम्मेलन कोे संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग आजमगढ़ व रामपुर के चुनाव में एसी से नहीं निकले थे वे आज हार के डर से घर-घर जाकर वोट मांग रहे है। उन्होंने कहा कि मैनपुरी में इस बार युवाओं के दम पर इतिहास बदलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्रदेश की जनता को मिल रहा है। वहीं सपा के शासन में जनता के साथ सौतेला व्यवहार होता था।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के शासनकाल को पूरे प्रदेश की जनता ने देखा है। प्रदेश की जनता को याद है कि सपा शासनकाल में अपराधियों के हौसलें इतने बुलन्द थे कि घर की बहू-बेटियां शाम को निकलने से डरती थीं। पूरे प्रदेश के हर जिलों में छोटे सीएम बनकर सपा के लोग बैठते थे, जिनको लोग मिनी सीएम कहते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। प्रदेश में संगठित अपराध और माफियाओं को नेस्नाबूत करने के लिए योगी सरकार कृत संकल्पित है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा शासनकाल में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था और समाजवादी पार्टी का नारा था कि खाली प्लॉट हमारा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश में सरकार बनते ही गुंडे माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई। इसका परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है। और आज अपराधी या तो जेल में हैं या तो प्रदेश छोड़कर पलायन कर चुका है।

उन्होंने कहा कि मैनपुरी की जनता परिवारवाद से त्रस्त आ चुकी है। मैनपुरी की जनता समझ चुकी है कि देश व प्रदेश की जनता का विकास सिर्फ़ भाजपा सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जातिवाद और संप्रदायवाद की गंदी राजनीति को अब मैनपुरी की जनता पूरी तरह से नकारने जा रही है। मैनपुरी की जनता को सिर्फ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विश्वास है जिनकी जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत गरीब जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मैनपुरी कि जनता इस बार मुहर सबका साथ सबका विश्वास के मंत्र पर चल रही भाजपा सरकार के कार्यों पर लगाने जा रही है । उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैनपुरी में जो 5 तारीख को चुनाव होने वाला है वह मैनपुरी की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने के लिए आया है। मैनपुरी के युवा इस बार जाति-सम्प्रदाय से ऊपर उठकर भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में कमल का बटन दबाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button