बेटियों का सम्मान, गरीबों का कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान डबल इंजन सरकार का संकल्प। कानपुर देहात के मूसानगर में केशव प्रसाद मौर्य ने 51 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कहा, बेटियों का सम्मान, गरीबों का कल्याण और अंतिम व्यक्ति का उत्थान सरकार की प्राथमिकता है।
कानपुर देहात। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बेटियों का सम्मान, गरीबों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता और संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने, उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अखण्ड परमधाम आश्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम ब्रह्मलीन पूज्य स्वामी अच्चिदानंद शास्त्री महाराज के 34वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित 34वें भक्ति योग वेदान्त संत सम्मेलन, श्रीमद्भागवत कथा, शतचण्डी महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह समारोह के तहत संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने 51 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और सेवा का प्रतीक
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में धार्मिक आराधना से लेकर बेटियों के जीवन को संवारने तक हर कार्य में लोकमंगल की भावना निहित है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और परस्पर सहयोग की परंपरा को मजबूत करते हैं। यह केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने और समाज के सामूहिक उत्तरदायित्व को निभाने का पुनीत प्रयास है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि सभी नवदंपतियों का जीवन प्रेम, विश्वास, सुख, समृद्धि और खुशियों से परिपूर्ण रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवारों को संबल
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब परिवारों के सामने बेटियों की पढ़ाई और विवाह बड़ी चिंता का विषय होता था। आर्थिक अभाव के कारण माता-पिता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन सरकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने में मदद की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार इस योजना के तहत प्रति जोड़ा 1.01 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान कर रही है। यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान और बेटियों के सुरक्षित एवं सुखद भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक है।
गरीबों के जीवन में सुविधाओं और सम्मान का नया वातावरण
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने गरीबों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, हर घर नल से जल योजना के जरिए स्वच्छ पेयजल, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा और सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के जरिए गरीब और अमीर परिवारों के बीच बुनियादी सुविधाओं की खाई को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के विश्वास का परिणाम है।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तविक सामाजिक न्याय तभी स्थापित होगा, जब गरीब, पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, उनके बच्चों को शिक्षा के अवसर मिलें और बेटियों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो। सरकार का लक्ष्य गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना और प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है।
विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा। सरकार विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित कानपुर देहात के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब तक गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली नहीं आएगी, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर नहीं मिलेंगे और बेटियां सम्मान एवं सुरक्षा के साथ अपने सपनों को पूरा नहीं कर सकेंगी, तब तक विकास का संकल्प अधूरा रहेगा। उन्होंने लोगों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और पारिवारिक संस्कारों के साथ जीवन की नई शुरुआत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक उनके परिवार के सदस्य हैं और उनकी सेवा करना सरकार का दायित्व है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक ब्रजभूषण राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, आयोजन संयोजक राजेंद्र, पूज्य संतगण, आश्रम के सेवादार, जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



