देश में दूसरे दिन भी पेट्रोल डीजल के दामों में हुई वृद्धि

अजय सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब एवं मणिपुर में विधानसभा चुनाव खत्म होते ही शुरू हुआ तेल के दामों के बढ़ने का सिलसिला अब तेज होता दिखाई देने लगा है। लगातार दूसरे दिन डीजल पेट्रोल की कीमतों में इजाफा किए जाने से लोगों के धैर्य की परीक्षा भी शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली में डीजल एवं पेट्रोल के दाम 80 पैसे तो देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 85 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है।

बुधवार को देश की पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से लगातार दूसरे दिन डीजल एवं पेट्रोल की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोतरी की गई है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल एवं डीजल के दाम 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में डीजल एवं पेट्रोल की कीमतों में 85 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद अंडमान एवं निकोबार के पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोल सबसे सस्ता यानी 84 रुपए 30 पैसे प्रति लीटर एवं डीजल 78 रुपए 52 लीटर लोगों को खरीदना पड़ेगा। जबकि महाराष्ट्र के परभणी में पेट्रोल के लिए लोगों को 114 रुपए 80 पैसे और डीजल के लिए 97 रुपए 44 पैसे प्रति लीटर चुकाने होंगे।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को भी डीजल-पेट्रोल के दाम 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। वहीं, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में भी 50 रुपए का इजाफा कर दिया गया था। रूस-यूक्रेन जंग के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण तेल कंपनियों पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने को लेकर दबाव बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल 20 रुपए प्रति तक महंगे हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button