मंत्रिमंडल में फेरबदल पर अशोक गहलोत ने कहा-नमस्कार

  • तो अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का क्वारंटाइन पीरियड भी समाप्त हो गया है। स्वाधीनता दिवस पर जयपुर में ध्वजारोहण किया।
  • मंत्रिमंडल में फेरबदल के सवाल पर अशोक गहलोत ने कहा-नमस्कार।

एस0 पी0 मित्तल

राजस्थान। 15 अगस्त को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने सरकारी आवास से बाहर निकले और जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में आयोजित स्वाधीनता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में भाग लिया। गहलोत ने ध्वजारोहण कर समारोह को संबोधित भी किया। उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया। कोरोना काल में लंबे अर्से बाद गहलोत का यह पहला सार्वजनिक समारोह रहा। गत 14 जून को सीएमआर की ओर से कहा गया था कि मुख्यमंत्री अगले दो माह तक सरकारी आवास पर ही क्वारंटीन रहेंगे। बताया गया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मुख्यमंत्री ने ऐसा निर्णय लिया है।

दो माह क्वारंटाइन रहने का निर्णय गहलोत ने तब लिया था, जब प्रदेश में असंतुष्ट गतिविधियों का जोर था। स्वयं को दो माह के लिए क्वारंटाइन करने की घोषणा से मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं पर भी विराम लग गया। हालांकि मुख्यमंत्री के दो माह के क्वारंटाइन पीरियड में कांग्रेस पार्टी में उठा पटक होती रही, लेकिन इन सबका गहलोत पर असर नहीं पड़ा। क्वारंटाइन पीरियड में राजभवन के एक समारोह को छोड़कर मुख्यमंत्री ने किसी भी समारोह में भाग नहीं लिया।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से भी गहलोत ने सीएमआर में ही मुलाकात की। अब जब मुख्यमंत्री ने सीएमआर से बाहर पैर रख ही दिया है, तब यह माना जा रहा है कि क्वारंटाइन पीरियड समाप्त हो गया है। जानकार सूत्रों के अनुसार गहलोत जल्द ही अपने गृह जिले जोधपुर का दौरा करेंगे। जोधपुर में भी पंचायतीराज के चुनाव होने है। गृह जिले में चुनाव होने के कारण मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। स्वाधीनता दिवस समारोह के बारे में गहलोत ने मीडिया से भी संवाद किया। इस संवाद में जब एक मीडिया कर्मी ने मंत्रिमंडल में फेरबदल के बारे में पूछा तो नमस्कार शब्द कह कर गहलोत रवाना हो गए।

गहलोत ने जिस मजाकिया लहजे में नमस्कार का संबोधन किया उससे प्रतीत होता है कि पिछले दिनों हुई संगठनात्मक गतिविधियों का गहलोत पर कोई असर नहीं है। कांग्रेस के मौजूदा हालात गहलोत के समर्थन में माने जा रहे हैं। प्रदेश के 6 जिलों में होने वाले पंचायती राज के चुनाव के परिणाम 4 सितम्बर को आएंगे। इन चुनावों के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार या फेरबदल संभव है। लेकिन यह भी गहलोत की सहमति से होगा। देखना है कि मुख्यमंत्री का क्वारंटाइन पीरियड समाप्त होने के बाद राजनीतिक गतिविधियां किस प्रकार आगे बढ़ती हैं।


अन्य स्थानों पर भी किया ध्वजारोहण-
सीएम गहलोत ने 15 अगस्त को सचिवालय परिसर और सीएमआर में भी ध्वजारोहण किया। सीएम गहलोत प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भी पहुंचे। गहलोत की उपस्थिति में ही प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ध्वजारोहण किया। इतना ही नहीं सीएम गहलोत अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए भी पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button