एनडीआरएफ टीम ने इटावा भीषण बाढ़ में फंसे 80 से अधिक जिंदगियों को बचाया

लखनऊ। उप कमांडेंड एन0डी0आर0एफ0 लखनऊ नीरज कुमार ने बताया कि जिला इटावा प्रशासन उत्तर प्रदेश से एक संकटग्रस्त कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें कुछ असहाय पीड़ितों के बारे में सूचना मिली, जो चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिरे एक ऊंचे स्थान पर फंसे हुए थे । उपरोक्त के सम्बंध में उत्तर प्रदेश NDRF कंट्रोल रूम वाराणसी को सूचना देकर एन0डी0आर0एफ0 से मदद मांगी गई, वाराणसी कंट्रोल रूम ने बिना समय गवाएं लखनऊ NDRF टीम को अलर्ट किया और निरीक्षक श्री विनय कुमार के नेतृत्व में लखनऊ की एक टीम को रवाना किया।

उपरोक्त टीम द्वारा वहां पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन कर अभियान को सफल बनाया गया। टीम के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एक ही गांव के सारे लोग पिछले 02 दिनों से भूखे प्यासे गाँव-हरौली, तहसील-चकरनगर, जिला-इटावा के पास एक अलग-थलग ऊंची जमीन पर फंसे हुए थे और भारी वर्षा का सामना कर जिंदा रहने के लिए पेड़ों पर चढ़कर जद्दोजहद कर रहे थे । 11 एन0डी0आर0एफ0 वाहिनी के बचावकर्मी जब वहाँ पहुंचे तब उन्होंने असहायों को सांत्वना दी और उन्हें भोजन और पानी मुहैया कराया और फिर अपनी बोट पर बैठाकर, यमुना नदी की तेज़ धारा को पार करके उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button