62 बीघा भूमि पर विकसित होगा नौसर माता का मंदिर

अजमेर शहर की पुष्कर घाटी में 62 बीघा भूमि पर विकसित होगा ऐतिहासिक नौसर माता का मंदिर।पीठाधीश्वर श्री रामा कृष्ण देव महाराज की महत्वपूर्ण भूमिका। चमत्कारिक है नौ माताओं की प्रतिमाएं।

एस0 पी0 मित्तल

पुष्कर घाटी स्थित नौसर माता का मंदिर अजमेर शहर में संभवत: एकमात्र धार्मिक स्थल होगा, जो 62 बीघा भूमि पर बना है। अजमेर शहर से जब पुष्कर तीर्थ जाते हैं, तब घाटी शुरू होने के साथ ही मंदिर की सीमा शुरू हो जाती है। चूंकि पुष्कर घाटी भी ऐतिहासिक नाग पहाड़ी की गोद में है, इसलिए नौसर माता मंदिर की 62 बीघा भूमि पहाड़ी है। लेकिन इस पहाड़ी क्षेत्र को अब आकर्षक तरीके से विकसित किया जाएगा। मंदिर की गद्दी पर इस समय संस्कृत और धर्म शास्त्र के ज्ञाता पीठाधीश्वर रामा कृष्ण देव महाराज विराजमान हैं। महाराज ने बताया कि उनकी गुरु माता ओम कुमारी जी ने किस प्रकार संघर्ष कर मंदिर की भूमि को अतिक्रमणकारियों से बचाया है। न केवल भूमि को बताया बल्कि नव दुर्गा मंदिर को भी सुरक्षित रखा। यदि शक्ति प्रदाता मां दुर्गा का चमत्कार नहीं होता तो आज यह मंदिर इस भव्य स्वरूप में नहीं होता। अब चूंकि 62 बीघा भूमि पर चारदीवारी का काम पूरा हो गया है, इसलिए अब मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से विकसित किया जाएगा। चूंकि चालीस बीघा भूमि पहाड़ी है, इसलिए इसे रॉक गार्डन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा।

उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। सुबह शाम माता के मंदिर में आरती भी होती है। माता के नौ स्वरूपों के चमत्कार की कई घटनाएं भी हैं। नवरात्र में नौ दिनों तक भव्य धार्मिक आयोजन होता है। मंदिर का इतिहास मराठा काल से जुड़ा हुआ है। चूंकि मंदिर नाग पहाड़ी की गोद में है, इसलिए प्राकृतिक वातावरण भी बना रहता है। यहां आने के बाद श्रद्धालुओं का जाने का मन नहीं करता है। नव दुर्गा की ऐसी कृपा है कि हर मनोकामना पूर्ण होती है। नौसर माता के मंदिर को सुरक्षित और संरक्षित करने की शुरुआत ब्रह्मचारी बुद्ध कारण महाराज ने की थी। उन्होंने की मां ओमा कुमारी को अपना उत्तराधिकारी बनाया और मां ओमा कुमार ने विधि विधान से रामा कृष्ण देव को अपना उत्तराधिकारी बना कर पीठाधीश्वर की गद्दी पर बैठाया। रामा कृष्ण देव अपनी विद्वता से धार्मिक परंपराओं को तो निभा ही रहे हैं, साथ ही मंदिर परिसर का विकास भी करवा रहे हैं। ऐतिहासिक और चमत्कारिक मंदिर के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9228621920 व 7073364880 पर पीठाधीश्वर रामा कृष्ण देव महाराज से ली जा सकती है।


अन्नकूट का आयोजन-

19 नवंबर को नौसर माता मंदिर में मां भारती समूह की ओर से अन्नकूट का आयोजन किया गया। देशभर में नि:शुल्क रक्त उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मां भारती समूह के प्रमुख पवन ढिल्लीवाल ने बताया कि एक हजार श्रद्धालुओं को अन्नकूट का वितरण किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गत चुनावों में अजमरे उत्तर क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता, किशनगढ़ एयरपोर्ट के मनोनीत निदेशक व भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष काबरा आदि ने मंदिर में दर्शन कर पीठाधीश्वर रामा कृष्ण देव का आशीर्वाद प्राप्त किया। रलावता का कहना रहा कि तीन वर्ष पहले यदि नौसर माता मंदिर आकर आशीर्वाद प्राप्त कर लेता तो आज मैं ही विधायक होता। रामा कृष्ण देव महाराज ने रलावता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button