पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों का भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में-स्वतंत्र देव सिंह

मनीष दीक्षित

लखनऊ – भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज पूरे प्रदेश में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी की 53वीं पुण्य तिथि पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने राजधानी लखनऊ में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर चारबाग स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित कर अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।  
 प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को एकात्ममानववाद दर्शन एवं अन्त्योदय के प्रणेता प्रखर राष्ट्रवादी व महान विचारक बताया।

उन्होंने कहा कि एकात्ममानववाद के प्रणेता पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी ने कहा था कि दुनिया को पूंजीवाद व साम्यवाद की नहीं बल्कि मानववाद की जरूरत है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी के दिखाये मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हितों को ध्यान में रखकर लोककल्याण के लिए कार्य कर रही है। पण्डित दीनदयाल जी के विचारों के साथ भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार काम कर रही है। राजनीति का उद्देश्य अन्त्योदय का पालन करना है। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी के सपनों के अनुरूप भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने अन्त्योदय का जो मंत्र दिया था उसी को साकार करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कोरोना की वैश्विक आपदा के समय में भी हर गरीब के घर तक मुफ्त राशन व भोजन पहुंचाने का कार्य किया गया। श्री सिंह ने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित कर दिया।

आज केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं चाहें वह आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा हो या उज्जवला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनैक्शन हो या किसान सम्मान निधि सहित अन्य लोककल्याण की योजनाएं सभी लाभ गरीबों व वंचितों को मिल रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाह्न किया कि वे पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी की विचारधारा को आगे बढाते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरत मंद तक पहुंचे इसके लिए कार्य करें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ में मलिन बस्ती बालू अड्डा पर पण्डित दीन दयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व गणमान्य जनों का सम्मान किया। प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में पण्डित दीन दयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला/मण्डल स्तर पर गोष्ठी, सम्मेलन, इत्यादि का आयोजन कर उन्हें अपनी श्रद्धाजंलि दी। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button