काश..! नोएडा जैसी कार्यवाही देशभर में हो

नोएडा में महिला से गाली गलौज करने वाले दबंग के फ्लैट पर बुलडोजर चला। एसएचओ सस्पेंड। दबंग की गिरफ्तारी भी जल्द।काश! नोएडा जैसी कार्यवाही देशभर में हो।सांसद और विधायक अपने गुर्गों पर नजर भी रखें।

दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में जिस ग्रैंड अपेक्स सोसायटी में रहने वाली महिला नेहा अग्रवाल के साथ जिस दबंग श्रीकांत त्यागी ने गाली गलौज की थी, उस दबंग और बदजुबान त्यागी के फ्लैट पर 8 अगस्त को बुलडोजर चल गया है। फ्लैट के अवैध निर्माण को नोएडा विकास प्राधिकरण ने धराशाही कर दिया है। फ्लैट पर बुलडोजर चलते ही भाजपा के वरिष्ठ सांसद महेश शर्मा ने कहा कि अब श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी भी जल्द हो जाएगी। मालूम हो कि सोसायटी परिसर में पेड़ लगाने को लेकर नेहा अग्रवाल और श्रीकांत त्यागी में विवाद हुआ था, तब त्यागी ने अपनी दबंगई दिखाते हुए नेहा को भद्दी गालियां दी तथा धक्का भी दिया, लेकिन इसके बाद भी बहादूर नेहा अग्रवाल ने अपना विरोध जारी रखा।

गली-गलौज का वीडियो जब मीडिया में प्रसारित हुआ तो यह मामला राष्ट्रीय मुद्दा बन गया। वीडियो को देखने से साफ जाहिर है कि श्रीकांत त्यागी गुंडों जैसा व्यवहार कर रहा है, इसलिए इस मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। दबंग त्यागी के फ्लैट पर बुलडोजर चलने से ग्रैंड अपेक्स सोसायटी के सभी लोग खास कर महिलाएं बेहद खुश हैं। सीएम योगी की हरी झंडी मिलने के बाद नोएडा के फेज-2 के एसएचओ सुजीत कुमार को भी निलंबित कर दिया है। त्यागी की पत्नी को भी हिरासत में ले रखा है तथा त्यागी के 6 समर्थकों को भी गिरफ्तार कर लिया है। त्यागी के विरुद्ध अब गुंडा एक्ट में भी कार्यवाही हो रही है।

ऐसा नहीं कि किसी महिला के साथ अभद्र व्यवहार की यह पहली घटना है। देशभर में आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं। अनेक महिलाएं कानूनी झंझटों से बचने के लिए शिकायत नहीं करती है। शिकायत होती भी है तो प्रभावी कार्यवाही नहीं हो पाती। ऐसे में जरूरी है कि महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के मामलों में नोएडा जैसी कार्यवाही हो। कई लोग अपने राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव के कारण भी ऐसी गुंडाई करती है। जो लोग किसी सांसद अथवा विधायक के समर्थक होते हैं वे अपने मोहल्ले में ज्यादा ही गुंडागर्दी करते हैं। नोएडा वाले मामले में भी भाजपा के वरिष्ठ सांसद महेश शर्मा को सफाई देनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी स्वयं को सांसद शर्मा का रिश्तेदार बताता है। जो सांसद और विधायक चुनाव जीतने के लिए गुर्गे पालते हैं, उन्हें गुर्गों पर नजर भी रखनी चाहिए। नोएडा जैसी कार्यवाही देशभर में हो तो महिलाओं के साथ अभद्रता पर अंकुश लग सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button