आपदा में मृतकों के परिजनों को CM राहत कोष से चार-चार लाख की मदद

दैवीय आपदा में तीन लोगों की मौत के बाद प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत पहुंचाई है। मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रभारी मंत्री ने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उनके बैंक खातों में भेजने के निर्देश दिए।

अयोध्या। तहसील रुदौली क्षेत्र में 26 सितंबर 2026 को पेड़ गिरने से हुई दो व्यक्तियों की आकस्मिक मृत्यु तथा जनपद के अन्य क्षेत्र में हुई दैवीय आपदा से मृत्यु के प्रकरण में मृतकों के परिजनों को शासन की दैवीय आपदा राहत व्यवस्था के अंतर्गत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

सूर्य प्रताप शाही एवं विधायक रुदौली रामचंद्र यादव की उपस्थिति में उप जिलाधिकारी रुदौली एवं संबंधित ग्राम प्रधानों द्वारा मृतकों के परिजनों को सहायता राशि के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। वहीं सोहावल क्षेत्र के पीड़ित परिवार को सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता एवं विधायक रुदौली रामचंद्र यादव द्वारा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के पीड़ित परिवार को विधायक के माध्यम से सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया जाएगा।

तहसील रुदौली के ग्राम मवई निवासी धर्मराज पुत्र मालिक राम, उम्र लगभग 40 वर्ष तथा ग्राम बिचाला निवासी रामस्वरूप पुत्र जग्गू राम, उम्र लगभग 76 वर्ष की 26 सितंबर को पेड़ गिरने से आकस्मिक मृत्यु हुई थी। शासन के निर्देशानुसार मृतकों के उत्तराधिकारियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। तीनों मृतकों के परिजनों के खातों में 24 घंटे के भीतर चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन एवं जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से राहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विद्युत आपूर्ति एवं क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर भी दिए निर्देश

प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने खराब एवं क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सामान्य करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button